वेंचर कैपिटल फर्म ओम्निवोर द्वारा समर्थित एग्रीफूड स्टार्टअप्स की पहुंच भारत में 2.081 करोड़ छोटे किसानों और 61,711 ग्रामीण MSME तक हो गई है। यह जानकारी फर्म की ओम्निवोर पार्टनर्स इंडिया फंड (OPIF), विंटेज 2018 और ओम्निवोर एग्रीफूड एंड क्लाइमेट सस्टेनेबिलिटी फंड (OACSF), विंटेज 2023 की 2026 इम्पैक्ट रिपोर्ट में दी गई है।
रिपोर्ट में ओम्निवोर के पोर्टफोलियो में शामिल कंपनियों के सामाजिक, आर्थिक और पर्यावरणीय परिणामों का आकलन वैश्विक प्रभाव और बेंचमार्किंग पद्धतियों के आधार पर किया गया है। पोर्टफोलियो में किसान सेवाओं, ग्रामीण वित्त, जलवायु-केंद्रित कारोबार, उपभोक्ता ब्रांड और डीप-टेक के क्षेत्र में काम करने वाली कंपनियां शामिल हैं। ओम्निवोर द्वारा समर्थित कंपनियों में देहात, आर्य.एजी, सिड्स फार्म, वराह, फार्मली और पिक्सल शामिल हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों फंडों की पोर्टफोलियो कंपनियों ने प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से छोटे किसानों के लिए कुल 5.64 अरब डॉलर का आर्थिक मूल्य पैदा किया है। इन कंपनियों की गतिविधियों से 1.155 करोड़ हेक्टेयर भूमि में टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने में भी मदद मिली है।
इंपैक्ट असेसमेंट में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी, उपभोक्ताओं को बेचे गए स्वस्थ एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों की मात्रा, ग्रामीण MSME के लिए उपलब्ध कराए गए ऋण और ग्रामीण परिवारों के लिए उपलब्ध कराए गए बीमा कवरेज सहित कई संकेतकों को शामिल किया गया है।
वित्तीय समावेशन का विस्तार
पोर्टफोलियो का प्रभाव ग्रामीण वित्तीय समावेशन तक भी पहुंचा है। रिपोर्ट के अनुसार, पोर्टफोलियो कंपनियों ने ग्रामीण परिवारों के लिए 2.18 अरब डॉलर का बीमा कवरेज उपलब्ध कराने में मदद की है। वहीं, संबंधित फंडों के पोर्टफोलियो के तहत ग्रामीण MSME के लिए 6.362 करोड़ डॉलर के ऋण उपलब्ध कराए गए हैं।
ओम्निवोर की वाइस प्रेसिडेंट, ESG एंड इम्पैक्ट, संस्कृति कपूर ने कहा कि एग्रीफूड क्षेत्र में ऐसे कारोबार विकसित हो रहे हैं, जो व्यावसायिक मूल्य पैदा करने के साथ किसानों, ग्रामीण कारोबारों और पर्यावरण के लिए भी परिणाम दे सकते हैं। कपूर ने कहा, “जैसे-जैसे यह इकोसिस्टम बढ़ रहा है, यह समझने के लिए हमारे पास ऐसे ढांचे और साक्ष्य होना महत्वपूर्ण है कि इसका प्रभाव वास्तव में क्या है।”
ओम्निवोर वर्ष 2011 से भारत की कृषि और खाद्य अर्थव्यवस्था में निवेश कर रही है। पिछले वर्षों में इसका फोकस तकनीक आधारित कृषि कारोबारों से बढ़कर जलवायु, डीप-टेक, ग्रामीण वित्त, खाद्य और उपभोक्ता बाजार जैसे क्षेत्रों तक पहुंच गया है।
फर्म वर्तमान में दो सक्रिय वेंचर फंडों के माध्यम से 29.5 करोड़ डॉलर का प्रबंधन कर रही है। इसके लाइफ और मैटेरियल साइंस निवेशों में altM, Fibmold, BioPrime और Loopworm शामिल हैं। OPIF और OACSF की 2026 इम्पैक्ट रिपोर्ट ओम्निवोर के इम्पैक्ट रिपोर्टिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।