कृषि जिंसों और खाद्य उत्पादों के वैश्विक कारोबार के लिए एआई आधारित बी2बी व्यापार मंच ट्रैडोलॉजी के मोबाइल ऐप के डाउनलोड की संख्या 2 लाख को पार कर गई है। जनवरी 2026 में लॉन्च होने के बाद से इस ऐप ने यह उपलब्धि हासिल की है। कंपनी का दावा है कि यह मंच 70 से अधिक देशों के खरीदारों और विक्रेताओं को जोड़ता है और इसके मौजूदा नेटवर्क में 10 लाख से अधिक सत्यापित कारोबारी शामिल हैं।
एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध यह ऐप कृषि व्यापार से जुड़ी शुरुआत से लेकर आपूर्ति तक की सेवाएं मोबाइल पर उपलब्ध कराता है। वर्ष 2015 में स्थापित और नोएडा मुख्यालय वाली ट्रैडोलॉजी का दावा है कि उसने अपने वैश्विक खरीदार-विक्रेता नेटवर्क के माध्यम से अरबों डॉलर का कारोबार कराने में मदद की है।
यह ऐप खरीद की मांग दर्ज करने, कीमतों पर बातचीत करने, ऑर्डर पूरा करने और अंतिम आपूर्ति तक की पूरी प्रक्रिया को संचालित करने के लिए तैयार किया गया है। इसमें एआई आधारित खरीदार-विक्रेता मिलान, बातचीत और कॉल की सुविधा तथा दस्तावेज साझा करने की व्यवस्था है। इसके अलावा, कंपनी की अपनी एआई सहायक 'अलीशा' 25 से अधिक भाषाओं में उपयोगकर्ताओं को सहायता उपलब्ध कराती है।
इस मंच पर चावल, गेहूं, चीनी, दालें, मसाले और खाद्य तेलों की विभिन्न किस्मों का कारोबार किया जा सकता है। इनमें पाम, सूरजमुखी, सरसों और कैनोला तेल शामिल हैं। इसके अलावा, पैकेज्ड खाद्य उत्पादों और एफएमसीजी श्रेणी के सामानों को भी मंच पर जगह दी गई है। वर्चुअल ई-शॉप के माध्यम से खाद्य उत्पाद कंपनियां भारत और विदेशों के वितरकों के सामने अपने उत्पादों की पूरी श्रृंखला प्रदर्शित कर सकती हैं।
ट्रैडोलॉजी के चेयरमैन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी जे.के. अरोड़ा ने कहा कि इस ऐप का उद्देश्य वैश्विक बी2बी कृषि व्यापार की पारंपरिक बाधाओं को कम करना है। इससे व्यापारियों की निर्भरता महंगे व्यापार मेलों, बिचौलियों, विज्ञापन, संभावित ग्राहकों की तलाश और लगातार फोन तथा ईमेल करने जैसी प्रक्रियाओं पर कम होगी।
उन्होंने कहा कि इस मंच पर सत्यापित खरीदार अपनी खरीद की जरूरतें दर्ज कर सकते हैं और विक्रेता सीधे बातचीत के माध्यम से अपनी कीमतें पेश कर सकते हैं। इससे खरीदारों और विक्रेताओं को कीमत तय करने तथा सौदे की शर्तों पर अधिक नियंत्रण मिलेगा।
कंपनी के अनुसार, इसके उपयोगकर्ताओं में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) निर्यातक, मिलर, व्यापारिक निर्यातक, अंतरराष्ट्रीय आयात कंपनियां, वितरक और संस्थागत खरीदार शामिल हैं। मंच से जुड़ने के लिए प्रत्येक खरीदार और विक्रेता को अपने व्यापार संबंधी दस्तावेज सत्यापन के लिए देने होते हैं। कंपनी के समर्पित ट्रेड मैनेजर ऑर्डर प्रक्रिया, दस्तावेजीकरण, भुगतान समन्वय और माल की आपूर्ति पूरी होने तक सहायता करते हैं।