सोनालिका ने अगस्त में दर्ज की अब तक की सर्वाधिक 12,581 ट्रैक्टरों की बिक्री

सोनालिका ट्रैक्टर्स ने अगस्त में 12,581 ट्रैक्टरों की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की। कंपनी के अनुसार अगस्त 2026 में उसकी बिक्री वृद्धि उद्योग की वृद्धि दर से 1.9 गुना रही। वहीं, पंजाब के होशियारपुर स्थित संयंत्र में उत्पादन भी अब तक के उच्चतम मासिक स्तर 18,067 ट्रैक्टरों पर पहुंच गया।

इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड (ITL) के ट्रैक्टर ब्रांड सोनालिका ट्रैक्टर्स ने अगस्त में 12,581 ट्रैक्टरों की अब तक की सर्वाधिक बिक्री दर्ज की। कंपनी के अनुसार, अगस्त में उसकी बिक्री वृद्धि समूचे ट्रैक्टर उद्योग की वृद्धि के मुकाबले 1.9 गुना रही। कंपनी ने यह प्रदर्शन अपने 30वें स्थापना वर्ष में दिखाया है।

सोनालिका के अनुसार, उसके उत्पाद पोर्टफोलियो, निर्माण क्षमता और बाजार की जरूरतों के अनुरूप तेजी से प्रतिक्रिया देने की क्षमता ने इस प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कंपनी आगामी त्योहारी सीजन में किसानों की बढ़ती मांग को पूरा करने की तैयारी कर रही है।

बिक्री के इस रिकॉर्ड के साथ सोनालिका ने पंजाब के होशियारपुर स्थित अपने एकीकृत निर्माण संयंत्र में एक महीने में सर्वाधिक 18,067 ट्रैक्टरों का उत्पादन भी किया। कंपनी का कहना है कि रिकॉर्ड उत्पादन बढ़ती मांग को पूरा करने और विभिन्न बाजारों में ट्रैक्टरों की उपलब्धता बनाए रखने की उसकी तैयारी को दर्शाता है। कंपनी अपने ‘दमदार’ ट्रैक्टर रेंज पर विशेष ध्यान दे रही है, जिसमें नई गोल्ड सीरीज के ट्रैक्टर प्रमुख हैं। 

इंटरनेशनल ट्रैक्टर्स लिमिटेड के संयुक्त प्रबंध निदेशक रमन मित्तल ने कहा कि अगस्त में बिक्री और उत्पादन के रिकॉर्ड कंपनी की पूरी वैल्यू चेन के बीच मजबूत तालमेल को दर्शाते हैं। उन्होंने आगामी त्योहारी सीजन में कंपनी की निर्माण क्षमता, उत्पाद पोर्टफोलियो और डीलरशिप नेटवर्क के दम पर बेहतर प्रदर्शन का भरोसा जताया।

सोनालिका ने त्योहारी सीजन के लिए अपना वार्षिक अभियान ‘हेवी ड्यूटी दमदार धमाका’ भी शुरू किया है, जिसके तहत किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के विशेष अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

1996 में स्थापित सोनालिका ट्रैक्टर्स की मौजूदगी 150 से अधिक देशों में है और कंपनी स्वयं को भारत का नंबर-1 ट्रैक्टर निर्यात ब्रांड बताती है। होशियारपुर में स्थित उसका एकीकृत निर्माण संयंत्र विभिन्न परिस्थितियों के लिए ट्रैक्टरों का उत्पादन करता है।