देश में कमजोर मॉनसून और अल नीनो की आशंकाओं के बावजूद ट्रैक्टरों की मांग मजबूत बनी हुई है। ट्रैक्टर एंड मैकेनाइजेशन एसोसिएशन (TMA) के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में देश में घरेलू ट्रैक्टर बिक्री सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर 3,39,291 इकाई हो गई। जून 2026 में घरेलू ट्रैक्टर बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 1,26,041 इकाई रही। वहीं, अप्रैल-जून तिमाही के दौरान ट्रैक्टर निर्यात 18 प्रतिशत बढ़कर 29,778 इकाई पर पहुंच गया।
उद्योग के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जून में मॉनसून सामान्य से काफी कमजोर रहा और अल नीनो के असर को लेकर भी चिंता बनी रही। इसके बावजूद ट्रैक्टरों की मांग में मजबूती इस बात का संकेत है कि कृषि मशीनीकरण की रफ्तार जारी है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है।
हालांकि खरीफ सीजन का आगे का प्रदर्शन मॉनसून की प्रगति पर निर्भर करेगा। जून में मॉनसून की कमजोरी से खरीफ बुवाई प्रभावित हुई थी, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश से कई राज्यों में बुवाई ने गति पकड़ी है। यदि आने वाले सप्ताहों में वर्षा सामान्य रहती है, तो ग्रामीण मांग को और समर्थन मिल सकता है।
प्रमुख कंपनियों का प्रदर्शन
देश की सबसे बड़ी ट्रैक्टर निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा ने जून 2026 में घरेलू बाजार में 58,177 ट्रैक्टर बेचे, जो पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने कहा कि जून में बेहतर थोक और खुदरा मांग तथा जुलाई में अच्छी बारिश की उम्मीद से बिक्री को समर्थन मिला है।
वहीं एस्कॉर्ट्स कुबोटा की कुल ट्रैक्टर बिक्री जून में 19.1 प्रतिशत बढ़कर 13,695 इकाई रही। कंपनी के अनुसार, खरीफ बुवाई में शुरुआती देरी के बावजूद बाजार में मांग मजबूत बनी रही।