भारत में बर्ड फ्लू के H5N1 वायरस के खिलाफ पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार, 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे शिवराज सिंह चौहान

भारत ने मुर्गियों में बर्ड फ्लू के H5N1 (क्लेड 2.3.2.1a) वायरस से बचाव के लिए पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। ICAR-NIHSAD, भोपाल द्वारा विकसित इस वैक्सीन को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

भारत ने मुर्गियों में बर्ड फ्लू के अत्यधिक संक्रामक H5N1 वायरस से बचाव के लिए पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) ने H5N1 (क्लेड 2.3.2.1a) वायरस के खिलाफ यह वैक्सीन विकसित की है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर, 2026 को भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD में इस वैक्सीन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

यह भारत में H5N1 के क्लेड 2.3.2.1a वायरस के खिलाफ विकसित अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है। इसका उद्देश्य देश में मुर्गियों को बर्ड फ्लू के संक्रमण से सुरक्षा प्रदान करना और पोल्ट्री क्षेत्र को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करना है।

बर्ड फ्लू से पोल्ट्री उद्योग को बड़ा खतरा

अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI), जिसे आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है, मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर बीमारी है। इसके संक्रमण से प्रभावित पक्षियों में मृत्यु दर लगभग 100 प्रतिशत तक हो सकती है। बीमारी के प्रकोप के दौरान बड़े पैमाने पर पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगाए जाते हैं। इससे पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होता है।

भारत में वर्ष 2006 में पहली बार बर्ड फ्लू का संक्रमण सामने आया था। इसके बाद से देश में H5N1 और H5N8 सबटाइप के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं।

कृषि मंत्रालय की विज्ञप्ति के अनुसार, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की GDP वृद्धि दर को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। यदि बीमारी अनियंत्रित रूप से फैलती है, तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी के प्रभावित होने और नष्ट होने का खतरा है।

वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है। वहीं, मणिपुर में बर्ड फ्लू के एक प्रकोप से राज्य की GDP के 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक नुकसान हुआ था।

पब्लिक हेल्थ के लिए भी चुनौती

बर्ड फ्लू का खतरा केवल पोल्ट्री क्षेत्र तक सीमित खतरा नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत सहित 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हुई है।

बर्ड फ्लू के वायरस के अध्ययन से पता चला है कि H5N1 का क्लेड 2.3.2.1a स्ट्रेन मुर्गियों में होने वाले बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। हाल के समय में इस स्ट्रेन का संक्रमण स्तनधारियों सहित विभिन्न पशु प्रजातियों में भी पाया गया है। इसके अलावा, मनुष्यों में भी इस संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं। 

इसलिए, पोल्ट्री किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान को कम करने और मुर्गियों से अन्य पशुओं तथा मनुष्यों में इस वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए इसका नियंत्रण आवश्यक है।

अब तक H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a के खिलाफ कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं थी। ऐसे में ICAR-NIHSAD द्वारा विकसित स्वदेशी वैक्सीन को महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वैक्सीन के विकास से भारत को बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए स्वदेशी तकनीक और संसाधन उपलब्ध होंगे। साथ ही, पोल्ट्री किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा और पशुओं तथा मनुष्यों में संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।