रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान युद्ध समाप्त होने के बाद भी बना रह सकता है उर्वरक आपूर्ति संकटः राबोबैंक

रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान संघर्षों से उत्पन्न व्यवधानों के कारण वैश्विक उर्वरक बाजार को सामान्य होने में महीनों या वर्ष भी लग सकते हैं। राबोबैंक के विशेषज्ञ के अनुसार आपूर्ति की कमी, उत्पादन इकाइयों को नुकसान और बढ़ती लागत किसानों को उर्वरकों का उपयोग घटाने पर मजबूर कर रही है।

चीन के शेनझेन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की त्रिपक्षीय बैठक होने वाली है। इसमें यूक्रेन और ईरान युद्ध पर चर्चा होने की संभावना है। लेकिन राबोबैंक के अनुसार, अगर रूस-यूक्रेन और अमेरिका-ईरान संघर्ष तत्काल समाप्त हो जाए, तब भी वैश्विक ईंधन और उर्वरक बाजार को जल्द राहत मिलने की संभावना नहीं है। आपूर्ति शृंखलाओं, मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों और आवश्यक कच्चे माल की उपलब्धता को व्यापक नुकसान पहुंचा है। इन व्यवधानों को दूर करने में कई महीने लग सकते हैं, जिससे वर्ष 2027 तक कीमतें ऊंची बनी रह सकती हैं।

राबोबैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, उर्वरक कीमतों का परिदृश्य अभी अनिश्चित बना हुआ है और अगली बुवाई से पहले इसमें उल्लेखनीय कमी की संभावना सीमित है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा भू-राजनीतिक तनावों का सबसे अधिक असर नाइट्रोजन और फॉस्फेट उर्वरकों पर पड़ रहा है। वहीं, संघर्ष और बढ़ने की स्थिति में यूरिया की कीमतों में और तेजी आने का जोखिम है।

फारस की खाड़ी में आपूर्ति संबंधी व्यवधान विशेष रूप से गंभीर हैं। यह क्षेत्र वैश्विक उर्वरक आपूर्ति का प्रमुख स्रोत है। अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद से नाइट्रोजन, यूरिया, अमोनिया, फॉस्फेट उत्पादों और सल्फर की आपूर्ति में भारी गिरावट आई है। अंतरराष्ट्रीय खाद्य नीति अनुसंधान संस्थान (IFPRI) के सितंबर में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, इन उत्पादों का निर्यात या तो लगभग शून्य रह गया है या संकट से पहले के स्तर की तुलना में 80-83 प्रतिशत तक घट गया है।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक यूरिया आपूर्ति के लगभग 30 प्रतिशत, अमोनिया व्यापार के 25 प्रतिशत और सल्फर निर्यात के एक बड़े हिस्से के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध से न केवल उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हुई है, बल्कि इनके उत्पादन में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की उपलब्धता भी बाधित हुई है।

अगस्त में प्रकाशित को-बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, मध्य पूर्व के 31 अमोनिया संयंत्र संघर्ष से सीधे प्रभावित हुए या उन्होंने उत्पादन पूरी तरह बंद कर दिया। भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के 49 संयंत्र कच्चे माल की कमी के कारण कम क्षमता पर चल रहे हैं या बंद हैं। रूस के कम से कम 20 संयंत्रों को भी यूक्रेन के ड्रोन हमलों से नुकसान पहुंचा है।

सल्फर की कमी ने फॉस्फेट उर्वरक निर्माताओं की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। वैश्विक सल्फर निर्यात का लगभग 47-49 प्रतिशत होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। उत्तर अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका, लिथुआनिया और ब्राजील में फॉस्फेट उत्पादन घटाने की खबरें हैं। रिपोर्ट का अनुमान है कि फॉस्फेट उर्वरकों की कीमतें वर्ष 2028 तक युद्ध से पहले के स्तर से ऊपर रह सकती हैं।

किसानों ने घटाया उर्वरकों का इस्तेमाल

ईंधन और उर्वरकों की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण दुनिया के प्रमुख कृषि उत्पादक देशों में किसान इनका इस्तेमाल घटा रहे हैं। इस वर्ष की शुरुआत में अमेरिकन फार्म ब्यूरो के एक सर्वेक्षण में लगभग 70 प्रतिशत अमेरिकी किसानों ने कहा कि वे वर्ष 2026 की फसलों के लिए आवश्यक उर्वरक की पूरी मात्रा खरीदने में सक्षम नहीं हैं।

को-बैंक की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में फॉस्फेट और पोटाश के उपयोग में 10-15 प्रतिशत तक कमी आई है। राबोबैंक का आकलन है कि किसानों ने उर्वरकों की मांग घटाकर वैश्विक बाजार में आपूर्ति का दबाव कम करने में बड़ी भूमिका निभाई है। उदाहरण के लिए, पिछले वर्ष की चौथी तिमाही में फॉस्फेट की मांग सालाना आधार पर 20 प्रतिशत घट गई थी।

ब्राजील में उर्वरकों की खपत वर्ष 2025 के 5.9 करोड़ टन से घटकर 2026 में 4.1 करोड़ टन रहने का अनुमान है। ऑस्ट्रेलिया के किसान भी अधिक नाइट्रोजन की जरूरत वाली फसलों के बजाय दलहनी फसलों की ओर रुख कर रहे हैं। इन फसलों में नाइट्रोजन उर्वरक की आवश्यकता अपेक्षाकृत कम होती है। इस बदलाव से फसल चक्र प्रभावित हो सकता है और ब्राजील में सोयाबीन का रकबा बढ़ने की गति धीमी पड़ सकती है।

हालांकि, उर्वरकों का कम इस्तेमाल फसल उत्पादन को कितना प्रभावित करेगा, यह मिट्टी की उर्वरता, मौसम और पोषक तत्वों की कमी की अवधि पर निर्भर करेगा। अमेरिका, कनाडा, अर्जेंटीना और यूक्रेन के कुछ हिस्सों में मिट्टी की प्राकृतिक उर्वरता अधिक होने के कारण किसान अल्पावधि में पोषक तत्वों के कम इस्तेमाल का सामना बेहतर तरीके से कर सकते हैं। इसके विपरीत, कम उर्वरता वाली मिट्टी वाले कृषि क्षेत्रों में जोखिम अधिक होगा।

यदि लगातार दो फसल मौसमों में उर्वरकों का इस्तेमाल कम रहता है, तो उत्पादकता और कुल उत्पादन पर इसका असर दिखने लगेगा। विशेष रूप से तब, जब होर्मुज जलडमरूमध्य और काला सागर में जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध वर्ष 2027 तक जारी रहते हैं।

रूस-यूक्रेन संघर्ष से भी आपूर्ति पर दबाव

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध वैश्विक कृषि इनपुट बाजारों के लिए अनिश्चितता का दूसरा बड़ा कारण है। रूस मात्रा और मूल्य दोनों आधार पर दुनिया का सबसे बड़ा उर्वरक निर्यातक रहा है। वह डीजल ईंधन का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक भी है। यूक्रेन की ओर से रूस की रिफाइनरियों और कृषि संबंधी बुनियादी ढांचे पर किए जा रहे हमलों से ईंधन और उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इसका असर विशेष रूप से फॉस्फेट, नाइट्रेट और सल्फर की उपलब्धता पर पड़ा है।

रूस की तेल शोधन क्षमता को हुए नुकसान से डीजल का उत्पादन और निर्यात घटा है। इससे सल्फर का उत्पादन भी प्रभावित हुआ है, क्योंकि सल्फर मुख्य रूप से तेल शोधन की प्रक्रिया में सह-उत्पाद के रूप में प्राप्त होता है। काला सागर में आपूर्ति बाधित होने के बाद रूस ने अपने कुछ निर्यात को बाल्टिक सागर के रास्ते भेजना शुरू किया है।

बाजार को सामान्य होने में लग सकता है लंबा समय

मौजूदा संकट वर्ष 2022 के उर्वरक मूल्य संकट से अलग है। उस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण मुख्य रूप से उर्वरक व्यापार के मार्गों में बदलाव आया था। लेकिन इस बार उत्पादन संयंत्रों को नुकसान, आवश्यक कच्चे माल की कमी और मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों के बंद होने जैसी समस्याएं सामने हैं। ऐसे संयंत्रों को दोबारा शुरू करने के लिए युद्ध समाप्त होने के बाद भी बड़े निवेश और समय की जरूरत होगी।

राबोबैंक की रिपोर्ट आगाह करती है कि यदि संघर्ष लंबे समय तक जारी रहते हैं या मध्य पूर्व में तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) संयंत्रों और तेल रिफाइनरियों को और नुकसान पहुंचता है, तो स्थिति अधिक गंभीर हो सकती है। रिपोर्ट वैश्विक उर्वरक उत्पादन और व्यापार के कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तथा समुद्री मार्गों पर अत्यधिक निर्भरता को भी रेखांकित करती है। इससे भू-राजनीतिक संकटों के दौरान पूरी आपूर्ति व्यवस्था के प्रभावित होने का जोखिम बढ़ जाता है। किसानों के लिए इसका अर्थ है कि आने वाले कई सीजन तक उर्वरकों की ऊंची कीमतें और उनकी उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बड़ी चुनौती बनी रह सकती है।