जून में खाद्य कीमतें स्थिर, अल नीनो के जोखिम के बीच 2025 के रिकॉर्ड स्तर से घट सकता है वैश्विक अनाज उत्पादन: एफएओ

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार जून 2026 में वैश्विक खाद्य कीमतें लगभग स्थिर रहीं, क्योंकि वनस्पति तेल और मांस की कीमतों में बढ़ोतरी ने अनाज, चीनी और डेयरी उत्पादों की कीमतों में गिरावट की भरपाई कर दी। वहीं, 2025 के रिकॉर्ड उत्पादन की तुलना में 2026 में वैश्विक अनाज उत्पादन 1.9% घटने का अनुमान है। हालांकि दुनिया भर में मक्का उत्पादन की संभावनाएं बेहतर हुई हैं, लेकिन अल नीनो के कारण गेहूं उत्पादन पर जोखिम बना हुआ है।

जून 2026 में वैश्विक बाजार में खाद्य कीमतें लगभग स्थिर रहीं, जबकि अल नीनो से जुड़ी बढ़ती चिंताओं के कारण वैश्विक अनाज उत्पादन का अनुमान कुछ कमजोर हुआ है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के अनुसार, फूड प्राइस इंडेक्स जून में औसतन 130.3 अंक रहा, जो मई की तुलना में 0.3% कम है। वनस्पति तेल और मीट की कीमतों में वृद्धि को अनाज, चीनी और डेयरी उत्पादों की कीमतों में गिरावट ने संतुलित कर दिया। जून 2025 की तुलना में यह सूचकांक 1.7% अधिक था, लेकिन मार्च 2022 में दर्ज अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर से लगभग 19% नीचे बना हुआ है।

एफएओ ने वर्ष 2026 के लिए वैश्विक अनाज उत्पादन का अनुमान 2.983 अरब टन पर बरकरार रखा है, जो 2025 में दर्ज अब तक के सर्वाधिक उत्पादन की तुलना में लगभग 1.9% कम है। हालांकि यह पिछले वर्ष से कम होगा, फिर भी यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा वैश्विक अनाज उत्पादन रहेगा।

वैश्विक गेहूं उत्पादन का अनुमान घटाकर 80.65 करोड़ टन कर दिया गया है, जो 2025 की तुलना में 4.3% कम है। एफएओ ने ऑस्ट्रेलिया में कमजोर उत्पादन संभावनाओं के चलते यह संशोधन किया है। संगठन के अनुसार, अल नीनो के कारण औसत से कम वर्षा की बढ़ती आशंका और उत्पादन लागत में वृद्धि के चलते, कुछ क्षेत्रों में हालिया बारिश के बावजूद गेहूं की बुवाई और उत्पादकता दोनों प्रभावित हो सकती हैं।

इसके विपरीत, वैश्विक मक्का उत्पादन का अनुमान बेहतर हुआ है। अर्जेंटीना, ब्राजील, चीन और जाम्बिया में अनुकूल मौसम और औसत से बेहतर पैदावार के कारण उत्पादन अनुमान बढ़ाए गए हैं। इन सुधारों ने अर्जेंटीना और यूरोपीय संघ में जौ उत्पादन के घटे हुए अनुमानों की भरपाई कर दी है।

चावल उत्पादन का अनुमान लगभग 55.25 करोड़ टन पर स्थिर है। पाकिस्तान और इराक में सिंचाई के लिए बेहतर जल उपलब्धता के कारण उत्पादन संभावनाएं मजबूत हुई हैं, जबकि कोलंबिया और वियतनाम में बुवाई क्षेत्र घटने की आशंका के कारण वहां उत्पादन अनुमान कम किए गए हैं।

बेहतर आपूर्ति संभावनाओं के चलते जून में एफएओ का अनाज मूल्य सूचकांक 3.5% घट गया। तेज कटाई और काला सागर क्षेत्र से मजबूत आपूर्ति के कारण अंतरराष्ट्रीय गेहूं कीमतों में 4.4% की गिरावट आई, जिससे अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन संबंधी चिंताओं का प्रभाव कम हो गया। वहीं, दक्षिण अमेरिका से प्रचुर मात्रा में आपूर्ति और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण जैव ईंधन की मांग कमजोर पड़ने से मक्का की कीमतें 6.2% नीचे आ गईं।

इसके विपरीत, पाम और रेपसीड तेल की मजबूत कीमतों, सीमित निर्यात उपलब्धता और जैव ईंधन की मजबूत मांग के कारण एफएओ का वनस्पति तेल मूल्य सूचकांक जून में 3.8% बढ़ गया। वहीं, ब्राजील में चीनी उत्पादन और निर्यात बढ़ने से चीनी मूल्य सूचकांक 5.7% घट गया।

आगे की स्थिति पर नजर डालें तो एफएओ का अनुमान है कि 2026-27 में वैश्विक अनाज की खपत पिछले सीजन से अधिक रहेगी। साथ ही, वैश्विक अनाज भंडार में भी मामूली वृद्धि होने की संभावना है, जिससे स्टॉक-टू-यूज अनुपात लगभग 32% के आरामदायक स्तर पर बना रहेगा। हालांकि संगठन ने चेतावनी दी है कि आने वाले महीनों में अल नीनो का असर वैश्विक उत्पादन और कृषि जिंसों की कीमतों को प्रभावित करने वाला प्रमुख कारक बना रहेगा।