अमेरिका में 2026 में गेहूं का रकबा सदी के न्यूनतम स्तर पर पहुंच सकता है, सोयाबीन की ओर झुक रहे किसान: USDA रिपोर्ट

USDA के अनुसार 2026 में अमेरिका में गेहूं का रकबा रिकॉर्ड न्यूनतम स्तर पर आ सकता है, क्योंकि किसान तेजी से सोयाबीन की ओर रुख कर रहे हैं। मक्का के क्षेत्र में भी गिरावट है, जबकि सोयाबीन की बुवाई बढ़ रही है।

अमेरिका में 2026 में गेहूं की खेती का रकबा पिछली एक सदी से भी अधिक समय के निचले स्तर पर पहुंच सकता है। यह बदलाव फसल पैटर्न में एक संरचनात्मक परिवर्तन को दर्शाता है, जहां किसान धीरे-धीरे गेहूं से दूरी बना रहे हैं। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की मार्च की प्रॉस्पेक्टिव प्लांटिंग्स रिपोर्ट के अनुसार, कुल गेहूं का बोया गया क्षेत्र 4.38 करोड़ एकड़ रहने का अनुमान है, जो 2025 की तुलना में 3% कम है। यदि यह अनुमान सही साबित होता है, तो यह 1919 में रिकॉर्ड शुरू होने के बाद अमेरिका में गेहूं का सबसे कम रकबा होगा। 

यह गिरावट गेहूं की सभी प्रमुख श्रेणियों में देखी जा रही है। विंटर व्हीट का रकबा 3.24 करोड़ एकड़ आंका गया है, जो पिछले वर्ष और पहले के अनुमानों से कम है। स्प्रिंग व्हीट का क्षेत्रफल 94.2 लाख एकड़ रहने का अनुमान है, जो सालाना आधार पर 6% कम है। ड्यूरम व्हीट में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है, जो 11% घटकर 19.5 लाख एकड़ रह गया है।

USDA ने मार्च 2024 में एक रिपोर्ट जारी की थी, जिसके अनुसार, अमेरिका में गेहूं के कुल फार्म की संख्या 2002 के 1,69,528 से घटकर 2022 में 97,014 रह गई। यानी इसमें 40% से अधिक की गिरावट। विपणन वर्ष 2017-18 से 2023-24 के बीच बुवाई का क्षेत्र 4 करोड़ एकड़ से नीचे बना रहा, जबकि 2008-09 में यह 5.6 करोड़ एकड़ था।

गेहूं के रकबे में गिरावट व्यापक फसल संतुलन बदलाव का हिस्सा है। मक्का (कॉर्न) का क्षेत्र 9.53 करोड़ एकड़ आंका गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 3% कम है। यह गिरावट इलिनॉय, आयोवा, नेब्रास्का और डकोटा जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में कम बुवाई के कारण है।

इसके विपरीत, सोयाबीन का रकबा बढ़कर 8.47 करोड़ एकड़ होने का अनुमान है, जो 2025 की तुलना में 4% अधिक है। मिडवेस्ट के अधिकांश हिस्सों में यह वृद्धि देखी जा रही है। यह बदलाव दर्शाता है कि किसान बदलती कीमतों और फसल चक्र (क्रॉप रोटेशन) के पैटर्न के अनुसार निर्णय ले रहे हैं और गेहूं व मक्का की तुलना में सोयाबीन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

अन्य फसलों में ज्वार का क्षेत्र 61.2 लाख एकड़ रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से कम है, जबकि जौ (23.5 लाख एकड़) और जई (23.6 लाख एकड़) का रकबा लगभग स्थिर बना हुआ है। हालांकि इनका पैमाना छोटा है, फिर भी क्षेत्रीय स्तर पर इनका महत्व बना हुआ है।

इस रिपोर्ट को शुरुआती सीजन के रुझानों का एक महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है। यह रिपोर्ट बताती है कि कुल कृषि क्षेत्र लगभग स्थिर रहने के बावजूद उसकी संरचना बदल रही है। खासकर गेहूं लगातार आर्थिक और कृषि संबंधी दबावों के कारण पीछे होता जा रहा है।

हालांकि, USDA ने चेतावनी दी है कि अंतिम बुवाई के फैसले स्पिंग मौसम और बाजार की परिस्थितियों पर निर्भर करेंगे। इसके बावजूद मौजूदा अनुमान स्पष्ट संकेत देते हैं कि अमेरिका में गेहूं का रकबा लगातार दबाव में है और 2026 इस गिरावट का ऐतिहासिक निचला स्तर साबित हो सकता है।