भारत में 2026-27 के रबी सीजन के दौरान गेहूं की खेती का रकबा पिछले सभी रिकॉर्ड को पार कर सकता है। खेती की अनुकूल परिस्थितियों और सरकारी प्रोत्साहन से किसानों का रुझान गेहूं की बुवाई की ओर बढ़ने की उम्मीद है। लेकिन इस वर्ष गेहूं का वास्तविक उत्पादन आने वाले महीनों के मौसम पर निर्भर करेगा। अल नीनो का संभावित प्रभाव फसल की पैदावार को प्रभावित कर सकता है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) ने अपनी ताजा रिपोर्ट में यह आकलन प्रस्तुत किया है।
FAO की क्रॉप प्रॉस्पेक्ट्स एंड फूड सिचुएशन रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2027 में कटाई के लिए गेहूं की बुवाई भारत सहित सुदूर पूर्व के अन्य देशों में जारी है। फिलहाल मिट्टी में नमी की स्थिति सामान्य रूप से अनुकूल बनी हुई है। मुख्य रूप से सिंचित क्षेत्रों में उगाई जाने वाली इस फसल की कटाई अगले वर्ष मार्च से जून के बीच होने की संभावना है।
FAO ने भारत में गेहूं का रकबा बढ़ने की संभावना के पीछे सरकारी नीतिगत समर्थन को प्रमुख कारण बताया है। इसमें किसानों को मिलने वाला न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) और उर्वरकों पर दी जाने वाली सब्सिडी शामिल है। इन प्रोत्साहनों से किसानों को गेहूं की खेती का क्षेत्र बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
पिछले कुछ वर्षों में भारत के गेहूं उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में उत्पादन 11.72 करोड़ टन रहा था, जो 2026 में बढ़कर अब तक के रिकॉर्ड 12.07 करोड़ टन पर पहुंच गया। यह पिछले पांच वर्षों के औसत उत्पादन 11.18 करोड़ टन से काफी अधिक है।
रिपोर्ट में सुदूर पूर्व के अन्य प्रमुख गेहूं उत्पादक देशों में बुवाई की संभावनाएं अलग-अलग बताई गई हैं। इस क्षेत्र के सबसे बड़े उत्पादक चीन में गेहूं का रकबा पिछले पांच वर्षों के औसत के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, पाकिस्तान में गेहूं की घरेलू कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर होने के कारण किसानों को बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे वहां बुवाई का क्षेत्र बढ़ सकता है। इस क्षेत्र के कुछ अन्य छोटे गेहूं उत्पादक देशों में भी बुवाई का रकबा औसत से अधिक रहने की संभावना है। इसकी प्रमुख वजह गेहूं से बने खाद्य उत्पादों की घरेलू मांग में वृद्धि बताई गई है।
अल नीनो से मौसम को लेकर अनिश्चितता
बुवाई के अनुकूल संकेतों के बावजूद FAO ने आगाह किया है कि केवल रकबा बढ़ने से रिकॉर्ड उत्पादन सुनिश्चित नहीं होता। अप्रैल-मई 2027 तक मौसम की स्थिति फसल के विकास और अंतिम उत्पादन को निर्धारित करने में महत्वपूर्ण होगी। इस संदर्भ में मौजूदा अल नीनो की स्थिति एक अहम कारक बन सकती है।
अल नीनो की परिस्थितियों में आमतौर पर अक्टूबर से अप्रैल के बीच गेहूं उत्पादक क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना रहती है। इनमें कोरियाई प्रायद्वीप, चीन के मध्य और पूर्वी हिस्से, पाकिस्तान के मध्य एवं उत्तरी क्षेत्र तथा अफगानिस्तान के बड़े हिस्से शामिल हैं।
FAO के मुताबिक, अतिरिक्त बारिश से मिट्टी में नमी बढ़ने और फसल के विकास में मदद मिल सकती है। लेकिन अत्यधिक वर्षा से कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा होने और खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा भी है। पहाड़ी और अधिक ऊंचाई वाले ठंडे क्षेत्रों में वर्षा का प्रभाव अलग हो सकता है। इन इलाकों में अनुमानित वर्षा का एक बड़ा हिस्सा बर्फबारी के रूप में हो सकता है। पर्याप्त बर्फ की परत सर्दियों में पाले से फसल की रक्षा कर सकती है।
वहीं, वसंत ऋतु में बर्फ पिघलने से मिट्टी में नमी बढ़ने के साथ जलाशयों में पानी का स्तर भी सुधर सकता है। इससे 2027 की वसंत और गर्मियों की फसलों के लिए अतिरिक्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिल सकती है।