इस्मा के डायरेक्टर जनरल सॉन्जॉय मोहंती ने दिया इस्तीफा, अक्टूबर 2022 में संभाला था पद

निजी चीनी मिलों के संगठन इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) के डायरेक्टर जनरल सॉन्जॉय मोहंती ने इस्तीफा दे दिया है। रूरल वॉयस के सूत्रों के मुताबिक, मोहंती ने 24 अप्रैल, 2023 को अपने पद से इस्तीफा दिया था और उसे इस्मा के रिफॉर्म्स एवं पॉलिसी ग्रुप ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। मोहंती ने 15 अक्टूबर, 2022 को इस्मा के डायरेक्टर जनरल के रूप में ज्वाइन किया था। ऐसे में इतनी जल्दी उनका इस पद को छोड़ना चौंकाने वाला है।

सॉन्जॉय मोहंती

निजी चीनी मिलों के संगठन इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) के डायरेक्टर जनरल सॉन्जॉय मोहंती ने इस्तीफा दे दिया है। रूरल वॉयस के सूत्रों के मुताबिक, मोहंती ने 24 अप्रैल, 2023 को अपने पद से इस्तीफा दिया था और उसे इस्मा के रिफॉर्म्स एवं पॉलिसी ग्रुप ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। मोहंती ने 15 अक्टूबर, 2022 को इस्मा के डायरेक्टर जनरल के रूप में ज्वाइन किया था। ऐसे में इतनी जल्दी उनका इस पद को छोड़ना चौंकाने वाला है। यह इसलिए भी चौंकाने वाला है कि उनसे पहले के डायरेक्टर जनरल अबिनाश वर्मा ने भी सितंबर, 2022 में पद से इस्तीफा दे दिया था।

सूत्रों के मुताबिक 25 अप्रैल को चालू सीजन (2022-23) में चीनी उत्पादन के अनुमान की समीक्षा के लिए हुई बैठक में भी मोहंती शामिल नहीं हुए थे। उनके इस्तीफे और उसे स्वीकार करने के बारे में इस्मा की उच्च स्तरीय समिति ने सभी सदस्यों को सूचित करते हुए इस्तीफे की वजह को व्यक्तिगत बताया है।

यह भी पढ़ेंः इस्मा ने चीनी उत्पादन अनुमान 12 लाख टन घटाया, 328 लाख टन रहने की लगाई उम्मीद

सॉन्जॉय मोहंती ने 15 अक्टूबर, 2022 को इस्मा के डायरेक्टर जनरल का पद संभाला था।  उनका चयन इस्मा की एक चयन समिति ने किया था। मोहंती इंटरनेशनल स्प्रीट्स एंड वाइन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (आईएसडब्ल्यूएआई) के भी सेक्रेटरी जनरल रहे हैं। मोहंती से पहले अबिनाश वर्मा इस्मा के डायरेक्टर जनरल थे। इस्मा के मैनेजिंग बोर्ड से हुए तीखे विवाद के बाद उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था। इस्मा के सदस्य चीनी मिल मालिकों के साथ एक बैठक में उनका विवाद हो गया था। उसके कुछ सप्ताह बाद आधिकारिक रूप से 29 अपैल, 2022 को उनका इस्तीफा सामने आया था। उद्योग सूत्रों के मुताबिक इस विवाद की बड़ी वजह एक बड़े चीनी समूह की इस्मा के सदस्य के रूप में वापसी का मुद्दा रहा था।

अबिनाश वर्मा ने सितंबर, 2010 में इस्मा के डायरेक्टर जनरल का पद संभाला था। वह करीब साढ़े 11 साल इस पद पर रहे। अबिनाश वर्मा रेलवे कैडर के अधिकारी रहे हैं। इस्मा के डायरेक्टर जनरल के पद पर नियुक्ति से पहले वह फरवरी, 2005 से मई, 2010 तक खाद्य मंत्रालय में शुगर डेवलपमेंट फंड (एसडीएफ) के डायरेक्टर रहे थे।