राहुल गांधी की किसान नेताओं से मुलाकात, भारत-अमेरिका ट्रेड डील और आंदोलन को लेकर चर्चा

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने संसद परिसर में विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं से मुलाकात कर भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड डील पर उनकी चिंताओं को समझा। बैठक में ट्रेड डील से किसानों पर पड़ने वाले संभावित असर और देशव्यापी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा हुई।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में विभिन्न किसान संगठनों के नेताओं से मुलाकात की। इस दौरान भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से जुड़ी चिंताओं और किसानों के हितों को बचाने की जरूरत पर चर्चा हुई। बैठक में ट्रेड डील का विरोध करने तथा देशव्यापी आंदोलन शुरू करने पर भी विचार किया गया।  

बैठक में शामिल किसान नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी से मिलकर अमेरिका के साथ ट्रेड डील तथा इससे प्रभावित होने वाले किसानों से जुड़े मुद्दों को रखा गया।

राहुल गांधी ने कहा कि यह ट्रेड डील कृषि उत्पादों के आयात का रास्ता खोलेगी और आने वाले समय में अन्य फसलों का आयात भी बढ़ सकता है। इससे भारतीय किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

बैठक में किसान नेताओं और राहुल गांधी ने व्यापार समझौते के विरोध को संगठित रूप देने और किसानों के हितों की रक्षा के लिए व्यापक स्तर पर आंदोलन की आवश्यकता पर विचार किया।

ये नेता रहे मौजूद

राहुल गांधी से मिलने वालों में ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुखपाल एस. खैरा, मध्य प्रदेश किसान प्रकोष्ठ के केदार सिरोही, भारतीय किसान मजदूर यूनियन (हरियाणा) के अशोक बलहारा, बीकेयू क्रांतिकारी के बलदेव एस. जीरा, प्रोग्रेसिव फार्मर्स फ्रंट के आर. नंदकुमार, बीकेयू शहीद भगत सिंह के अमरजीत एस. मोहरी व तेजवीर सिंह तथा किसान मजदूर मोर्चा के गुरमनीत एस. मंगत सहित अन्य किसान नेता शामिल थे।

सरकार पर हमला

गुरुवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर साझा एक वीडियो संदेश में कहा था, “एफआईआर दर्ज हो, केस किया जाए या विशेषाधिकार प्रस्ताव लाया जाए—मैं किसानों के लिए लड़ता रहूंगा।” उन्होंने कहा कि कोई भी ऐसी ट्रेड डील, जो किसानों की आजीविका छीनती हो या देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर करती हो, स्वीकार्य नहीं है।