मानसून का इंतजार हुआ खत्म, केरल के तट से टकराया, बिपरजॉय तूफान के चलते शुरुआत में रहेगा कमजोर

मानसून का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। एक हफ्ते के इंतजार के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दे दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए चेतावनी दी है कि बिपरजॉय चक्रवात के चलते शुरुआत में मानसून के कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुरुआत के एक हफ्ते तक मानसून कमजोर रह सकता है। उनकी सलाह है कि एक हफ्ते बाद जब मानसून जोर पकड़ लेगा तब किसान अपने फसलों की बुवाई शुरू करें। इस समय मुख्य रूप से धान की बुवाई होती है जो बहुत हद तक मानसून की बारिश पर ही निर्भर है।

एक हफ्ते के इंतजार के बाद 8 जून को केरल पहुंचा मानसून।

मानसून का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। एक हफ्ते के इंतजार के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दे दी। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए चेतावनी दी है कि बिपरजॉय चक्रवात के चलते शुरुआत में मानसून के कमजोर रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि शुरुआत के एक हफ्ते तक मानसून कमजोर रह सकता है। उनकी सलाह है कि एक हफ्ते बाद जब मानसून जोर पकड़ लेगा तब किसान अपने फसलों की बुवाई शुरू करें। इस समय मुख्य रूप से धान की बुवाई होती है जो बहुत हद तक मानसून की बारिश पर ही निर्भर है।

सामान्य तौर पर मानसून 1 जून को केरल के तट से टकराता है लेकिन इस बार आईएमडी ने इसके 4 जून को आने की भविष्यवाणी की थी। 4 जून को जब मानसून नहीं आया तो आईएमडी ने फिर से अपने अनुमान को संशोधित करते हुए इसके 7 जून तक आने की संभावना जताई थी।    

आईएमडी ने गुरुवार को बताया कि बिपरजॉय तूफान की वजह से अगले 48 घंटों के दौरान मध्य अरब सागर, तमिलनाडु, कर्नाटक, दक्षिण-पश्चिम, पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी, पूर्वोत्तर राज्यों और केरल के बाकी हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

मौसम के मुताबिक, 10 जून तक मानसून महाराष्ट्र पहुंच जाएगा और बिहार की सीमा से टकराएगा। इसके बाद आगे बढ़ते हुए यह 15 जून को गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में पहुंचेगा। जबकि 20 जून को  गुजरात के अंदरूनी इलाकों, मध्य प्रदेश के मध्य हिस्सों और उत्तर प्रदेश में दस्तक देगा।

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर में 25 जून तक और दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 30 जून तक मानसून पहुंचेगा। आईएमडी का कहना है कि 8 जुलाई तक मानसून पूरे देश में छा जाएगा।

आईएमडी ने बताया है कि मानसून दक्षिण अरब सागर के शेष हिस्सों और मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, केरल के अधिकांश हिस्सों, दक्षिण तमिलनाडु के अधिकांश हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण पश्चिम के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।