देश में खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार, लेकिन आने वाले महीनों में खाद्य महंगाई और अल नीनो लेगा आर्थिक मजबूती की परीक्षा

वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के अनुसार भारत में खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों, जलाशयों में कम जल भंडार और अल नीनो की आशंका से महंगाई का जोखिम बढ़ रहा है। उर्वरक और खाद्यान्न के पर्याप्त भंडार राहत दे सकते हैं, लेकिन मौसमी मांग और वैश्विक तनाव का दबाव रह सकता है।

आने वाले महीनों में भारत की आर्थिक स्थिति मोटे तौर पर मजबूत बने रहने की उम्मीद है, लेकिन महंगाई का दबाव और शक्तिशाली अल नीनो की आशंका प्रमुख जोखिम के रूप में उभर रही है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की नवंबर 2026 की मासिक आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि प्रतिकूल बेस इफेक्ट, मौसम संबंधी अनिश्चितताओं और मौसमी मांग के कारण महंगाई पर दबाव बना रह सकता है। खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार और उर्वरकों की संतोषजनक उपलब्धता कुछ राहत दे सकते हैं, लेकिन रबी सीजन से पहले जल भंडारण की स्थिति चिंता का विषय है।

खुदरा महंगाई सितंबर के 5.54 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 6.09 प्रतिशत हो गई, जबकि खाद्य महंगाई तेजी से बढ़कर 8.94 प्रतिशत पर पहुंच गई। ग्रामीण महंगाई 6.63 प्रतिशत रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह 5.41 प्रतिशत थी। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 9.1 प्रतिशत रही, जो शहरी क्षेत्रों के 8.7 प्रतिशत से अधिक है। इसकी एक वजह ग्रामीण उपभोग में खाद्य वस्तुओं का अपेक्षाकृत अधिक हिस्सा होना है।

महंगाई का दबाव कई खाद्य वस्तुओं में दिखाई दिया। चावल की कीमतों में महंगाई दर 12.5 प्रतिशत रही, जबकि अरहर और उड़द की कीमतों में क्रमशः 15 प्रतिशत और 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिफाइंड तेल की महंगाई करीब 16 प्रतिशत और सरसों के तेल की लगभग 10 प्रतिशत रही। लहसुन और नींबू की कीमतों में क्रमशः करीब 61 प्रतिशत और 47 प्रतिशत की तेज वृद्धि हुई। चिकन, अंडे और मांस भी खाद्य महंगाई बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों में शामिल रहे। चारे, पशु आहार, पैकेजिंग और परिवहन की लागत बढ़ने से दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों पर भी दबाव रहा।

रिपोर्ट में नवंबर के दौरान महंगाई के और बढ़ने की आशंका जताई गई है। त्योहारों के मौसम का प्रभाव जारी रहने और शादी-विवाह का सीजन शुरू होने से मांग बढ़ सकती है। 

इसमें विश्व मौसम विज्ञान संगठन की उस चेतावनी का भी उल्लेख है कि 2026 के अंत तक असाधारण रूप से शक्तिशाली अल नीनो अपने चरम पर पहुंच सकता है। सकारात्मक हिंद महासागर द्विध्रुव (इंडियन ओशन डाइपोल) इसके प्रभाव को कुछ हद तक कम कर सकता है, लेकिन मौसम का पूर्वानुमान अभी अनिश्चित बना हुआ है।

पानी की उपलब्धता चिंता का एक अन्य कारण है। 19 नवंबर को 178 प्रमुख जलाशयों में जल भंडारण 113.75 अरब घन मीटर था, जो उनकी कुल क्षमता का 61.56 प्रतिशत है। यह पिछले वर्ष के इसी समय के स्तर का केवल 69.27 प्रतिशत और पिछले 10 वर्षों के औसत का 79.42 प्रतिशत है। भूजल की स्थिति हालांकि बड़े पैमाने पर सामान्य रही, लेकिन निगरानी वाले 24.1 प्रतिशत कुओं में भूजल की कमी के अलग-अलग स्तर दर्ज किए गए।

इसके विपरीत, उर्वरकों की उपलब्धता संतोषजनक बताई गई है। 30 अक्टूबर को देश में 101.46 लाख टन यूरिया, 36.43 लाख टन डीएपी, 12.95 लाख टन एमओपी, 53.78 लाख टन एनपीके और 24.82 लाख टन एसएसपी का भंडार था। रबी सीजन के लिए डीएपी का शुरुआती भंडार भी एक वर्ष पहले की तुलना में 3.19 लाख टन अधिक था।

रिपोर्ट के अनुसार, अल नीनो के कारण फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति में सरकार के पास खाद्यान्न का पर्याप्त भंडार कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है। कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रहने और रुपये में मजबूती से भी आयातित महंगाई को कम करने में मदद मिल सकती है, बशर्ते ये स्थितियां बनी रहें। हालांकि, मौसम संबंधी जोखिम, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक व्यापार की अनिश्चितता अभी भी बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं।