बायर ने बीज और फसल सुरक्षा उत्पादों में लाई तेजी, अगले 10 वर्षों में 10 ब्लॉकबस्टर उत्पाद उतारने का लक्ष्य

बायर अगले दस वर्षों में 10 ब्लॉकबस्टर उत्पाद बाजार में उतारने की दिशा में आगे बढ़ रही है। दो उत्पादों का व्यावसायीकरण शुरू हो चुका है, जबकि नए सोयाबीन ट्रेट, कम ऊंचाई वाली मक्का, कीटनाशक, हर्बीसाइड और AI आधारित तकनीक विकसित की जा रही हैं। कंपनी जीनोम एडिटिंग, फसल सुरक्षा अनुसंधान और लागत कटौती पर भी जोर दे रही है।

बायर ने बीज और फसल सुरक्षा क्षेत्र में अपने इनोवेशन को तेज कर दिया है। कंपनी अगले 10 वर्षों में 10 ब्लॉकबस्टर उत्पाद बाजार में उतारने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कंपनी के अनुसार, दो प्रमुख उत्पादों का व्यावसायीकरण शुरू हो चुका है, जबकि कई अन्य इनोवेशन आने वाले वर्षों में दुनिया के प्रमुख कृषि बाजारों में किसानों तक पहुंचने की उम्मीद है।

बायर ऐसे उत्पाद को ब्लॉकबस्टर मानती है, जिसकी वार्षिक बिक्री क्षमता कम से कम 50 करोड़ यूरो हो। कंपनी ने Plenexos™ कीटनाशक और Preceon™ Smart Corn System का व्यावसायीकरण शुरू कर दिया है। वहीं, Vyconic™ 1 को अगले वर्ष अमेरिका और कनाडा में तथा Intacta 5+™ को ब्राजील में 2027-28 के फसल मौसम में पेश किए जाने की उम्मीद है। इन उत्पादों का व्यावसायीकरण रेगुलेटरी मंजूरियों सहित कई कारकों पर निर्भर करेगा।

डिजिटल तकनीक से सक्षम Preceon Smart Corn System कम ऊंचाई वाली मक्का प्रणाली है, जो फिलहाल मैक्सिको, इटली, स्पेन और अमेरिका में किसानों को लाभ पहुंचा रही है। इस वर्ष अर्जेंटीना में इसका व्यावसायिक लॉन्च शुरू होगा। बायर के अनुसार, यह प्रणाली मौसम की चरम परिस्थितियों से फसल की सुरक्षा बढ़ाने, अधिक घनत्व में बुवाई और पूरे फसल मौसम में सामान्य कृषि मशीनरी की आसान पहुंच में मदद करती है। कंपनी का लक्ष्य 2035 तक इसे 2.6 करोड़ एकड़ क्षेत्र में पहुंचाना है।

नई Plenexos कीटनाशक तकनीक चूसक कीटों की व्यापक श्रेणी को नियंत्रित करने के लिए विकसित की गई है। इसे कोलंबिया में पेश किया जा चुका है, जबकि मैक्सिको, ब्राजील और अमेरिका में इसके लॉन्च की तैयारी है। बायर के अनुसार, कुछ मौजूदा उत्पादों की तुलना में किसान कीट नियंत्रण के लिए सक्रिय तत्व की मात्रा में 75 प्रतिशत तक कमी कर सकते हैं। कंपनी को उम्मीद है कि 2030 के दशक के मध्य तक Plenexos की बिक्री 50 करोड़ यूरो तक पहुंच सकती है।

सोयाबीन क्षेत्र में Vyconic उद्योग का पहला ऐसा ट्रेट स्टैक होगा, जिसमें पांच हर्बीसाइड के प्रति सहनशीलता होगी। इससे किसानों को खरपतवार नियंत्रण के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और खरपतवार में बढ़ती प्रतिरोधक क्षमता से निपटने में मदद मिलेगी। बायर को उम्मीद है कि Vyconic, Intacta 5+ और अगली पीढ़ी के हर्बिसाइड-टॉलरेंस ट्रेट्स समेत उसकी सोयाबीन तकनीकों की कुल अधिकतम बिक्री क्षमता 3 अरब यूरो से अधिक होगी। कंपनी चौथी पीढ़ी की कॉर्न रूटवॉर्म सुरक्षा तकनीक और Icafolin नामक नए हर्बीसाइड पर भी काम कर रही है। Icafolin की अधिकतम बिक्री क्षमता 2030 के दशक के मध्य तक 75 करोड़ यूरो आंकी गई है।

बायर की अनुसंधान एवं विकास रणनीति में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और उन्नत प्रजनन तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कंपनी का AI-सक्षम प्रिसिजन ब्रीडिंग प्लेटफॉर्म आनुवंशिक सुधार की ऐतिहासिक दर को दोगुना करने और नए उत्पादों को बाजार में लाने में लगने वाले समय को एक तिहाई करने के लिए डिजाइन किया गया है। कंपनी जीनोम एडिटिंग तकनीक का भी बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रही है और ऐसी सोयाबीन किस्मों पर काम कर रही है, जिनकी पौध संरचना बेहतर हो और गिरने की समस्या कम हो।

फसल सुरक्षा क्षेत्र में बायर का CropKey AI प्लेटफॉर्म नए मोड ऑफ एक्शन की खोज में मदद कर रहा है। कंपनी के अनुसार, 15 से अधिक नए मोड ऑफ एक्शन फिलहाल शोध चरण में हैं। इनमें सोयाबीन के लिए एक व्यापक प्रभाव वाला फफूंदनाशक भी शामिल है, जो अब पाइपलाइन के फेज-II तक पहुंच चुका है।