क्रॉपलाइफ इंडिया ने एक बार फिर कीटनाशक कंपनियों के लिए रेगुलेटरी डेटा प्रोटेक्शन का मुद्दा उठाया है। संगठन का कहना है कि इस प्रावधान के अभाव में भारत में नए फसल सुरक्षा मॉलिक्यूल की उपलब्धता में देरी हो रही है। चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने पंजाब और हरियाणा के बासमती किसानों के लिए नए और उन्नत कीटनाशकों की आवश्यकता पर जोर दिया। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कीटनाशक अवशेषों के लगातार सख्त होते मानकों के बीच इनकी उपलब्धता निर्यात बाजारों को बचाने के लिए जरूरी है।
इस कार्यक्रम में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.आर. काम्बोज और क्रॉपलाइफ इंडिया के वाइस चेयरमैन राजवीर राठी मौजूद थे। क्रॉपलाइफ इंडिया 17 कीटनाशक कंपनियों का प्रतिनिधित्व करता है। दोनों ने भारतीय किसानों को नई फसल सुरक्षा तकनीकें जल्द उपलब्ध कराने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि भारतीय किसानों को उन उत्पादों के लिए वर्षों इंतजार नहीं करना चाहिए, जो दुनिया के दूसरे देशों में पहले से उपलब्ध हैं।
भारतीय किसानों के पास फिलहाल फसल सुरक्षा के लगभग 390 सक्रिय रासायनिक घटक उपलब्ध हैं, जबकि दुनिया भर में इनकी संख्या करीब 1,200 है। क्रॉपलाइफ इंडिया के अनुसार, नए मॉलिक्यूल की सीमित उपलब्धता के कारण किसानों को बदलती कीट एवं रोग संबंधी चुनौतियों से निपटने और निर्यात बाजारों की बदलती जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई होती है।
प्रो. काम्बोज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों, विशेषकर यूरोप में कीटनाशक अवशेषों को लेकर नियम लगातार सख्त हो रहे हैं। यूरोप ने कुछ पुराने रसायनों के लिए अवशेषों की अधिकतम स्वीकार्य सीमा घटाकर 0.01 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम कर दी है। यह स्तर इतना कम है कि इसका पता लगाना भी मुश्किल है। उन्होंने कहा कि कीटों और बीमारियों के बदलते स्वरूप के कारण प्रचलित कई कीटनाशकों की प्रभावशीलता भी घट रही है।
पंजाब और हरियाणा में देश के कुल बासमती उत्पादन का लगभग 75 प्रतिशत होता है। बासमती मुख्य रूप से निर्यात की जाने वाली फसल है, इसलिए अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन बेहद महत्वपूर्ण है। भारत से करीब 70 प्रतिशत बासमती निर्यात पश्चिम एशिया को होता है। ऐसे में यूरोप जैसे अधिक मूल्य वाले बाजारों में निर्यात बढ़ाना भी जरूरी हो गया है।
यूरोप ने वर्ष 2025 में रेगुलेटरी मानकों से जुड़ी चिंताओं के कारण भारत से भेजे गए चावल की 52 खेपों को वापस कर दिया था। वहीं, लेबनान ने इस वर्ष चावल के लिए यूरोपीय अवशेष मानकों को अपना लिया है। विशेषज्ञों को आशंका है कि आयात करने वाले दूसरे देश भी इसी तरह के मानक अपना सकते हैं, जिससे भारत के बासमती निर्यात पर असर पड़ सकता है।
क्रॉपलाइफ इंडिया का कहना है कि नए कीटनाशक मॉलिक्यूल अधिक सटीक तरीके से कीटों को नियंत्रित करते हैं और कम मात्रा में प्रभावी होते हैं। लेकिन भारत में रेगुलेटरी डेटा प्रोटेक्शन का प्रावधान नहीं होने से कंपनियां अपने नवीनतम उत्पादों को वैश्विक बाजारों के साथ भारत में पेश करने के लिए प्रोत्साहित नहीं होतीं।
एक नए कीटनाशक मॉलिक्यूल के विकास और उसके परीक्षणों में छह से आठ वर्ष लगते हैं। इस पर 40-50 करोड़ रुपये का निवेश करना पड़ता है। लेकिन डेटा प्रोटेक्शन नहीं होने के कारण दूसरी कंपनी उसी जानकारी का इस्तेमाल कर लगभग एक वर्ष में उस मॉलिक्यूल का पंजीकरण करा सकती है। इसके लिए उसे मूल कंपनी की तरह अनुसंधान और सुरक्षा परीक्षणों पर खर्च नहीं करना पड़ता।
राजवीर राठी ने कीटनाशक अधिनियम, 1968 में संशोधन अथवा प्रस्तावित कीटनाशक प्रबंधन विधेयक के माध्यम से पांच वर्ष के लिए रेगुलेटरी डेटा प्रोटेक्शन सुरक्षा देने की मांग दोहराई। उनका कहना था कि इससे अनुसंधान आधारित कंपनियां भारत में नए कीटनाशक मॉलिक्यूल जल्द उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित होंगी।
क्रॉपलाइफ इंडिया ने अपनी मांग के समर्थन में दूसरे देशों की व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया। चीन में नियामकीय आंकड़ों को छह वर्ष की सुरक्षा मिलती है, जबकि अमेरिका, यूरोपीय संघ और ब्राजील में यह अवधि दस वर्ष है। भारत में फिलहाल ऐसा कोई प्रावधान नहीं है।
इंडस्ट्री बॉडी का कहना है कि प्रस्तावित सुरक्षा केवल सुरक्षा संबंधी आंकड़ों पर लागू होगी और इससे बाजार में पहले से उपलब्ध कीटनाशक प्रभावित नहीं होंगे। दूसरी कंपनियां अपने स्वयं के अध्ययन तैयार करके पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगी। क्रॉपलाइफ इंडिया का मानना है कि इस सुधार से अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को उन्नत फसल सुरक्षा तकनीकें उपलब्ध होंगी और कृषि निर्यात के क्षेत्र में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होगी।