अल नीनो और बढ़ती लागत से खाद्य व समग्र महंगाई बढ़ने की आशंका, RBI और महंगा कर सकता है कर्जः एसएंडपी ग्लोबल

रेटिंग एजेंसी एसएंडपी ग्लोबल ने अल नीनो, कम बारिश और बढ़ती लागत के कारण भारत में खाद्य और समग्र महंगाई बढ़ने की आशंका जताई है। वित्त वर्ष 2026-27 में महंगाई 5.3 प्रतिशत रहने का अनुमान है। मार्च 2027 तक आरबीआई दो बार ब्याज दरें बढ़ा सकता है।

एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स ने चेतावनी दी है कि अल नीनो की स्थिति, कम बारिश और उत्पादन लागत में वृद्धि के कारण आने वाले महीनों में भारत में खाद्य महंगाई के साथ-साथ समग्र खुदरा महंगाई भी बढ़ सकती है। रेटिंग एजेंसी का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026-27 में उपभोक्ता महंगाई औसतन 5.3 प्रतिशत रहेगी, जो वित्त वर्ष 2025-26 के 2 प्रतिशत के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है। एजेंसी ने दिसंबर में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की एक और बढ़ोतरी किए जाने की आशंका जताई है।

22 नवंबर को जारी अपनी ताजा एशिया-प्रशांत आर्थिक परिदृश्य रिपोर्ट में एसएंडपी ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में महंगाई का दबाव और बढ़ सकता है। इसका कारण उत्पादन और अन्य लागतों में वृद्धि है, जिसका बोझ तेजी से उपभोक्ताओं पर डाला जा रहा है। एजेंसी ने यह भी चेतावनी दी है कि लगातार बने हुए अल नीनो के प्रभाव से एशिया-प्रशांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्थाओं, विशेषकर भारत में खाद्य कीमतें बढ़ सकती हैं।

भारत में अक्टूबर के दौरान खुदरा महंगाई बढ़कर 6.1 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो आरबीआई की 6 प्रतिशत की अधिकतम सहनशीलता सीमा से ऊपर है। हालांकि, एसएंडपी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027-28 में महंगाई घटकर 4.7 प्रतिशत रह जाएगी। इसके बावजूद महंगाई के अनुमान में बढ़ोतरी का जोखिम बना हुआ है।

अल नीनो और कम बारिश से खाद्य कीमतों पर खतरा

एसएंडपी के अनुसार, गर्मियों में सामान्य से कम बारिश, जलाशयों में घटता जलस्तर और अल नीनो की लगातार बनी हुई स्थिति चालू सीजन के कृषि उत्पादन के साथ आगामी रबी फसलों को भी प्रभावित कर सकती है। मानसून की असमान स्थिति से महंगाई का दबाव बढ़ रहा है। इससे खाद्य आपूर्ति और कीमतों को लेकर चिंता बढ़ी है।

एजेंसी का अनुमान है कि दिसंबर में संभावित बढ़ोतरी के बाद आरबीआई 2027 की शुरुआत में भी नीतिगत ब्याज दरों में 25 आधार अंकों की एक और वृद्धि कर सकता है। एसएंडपी के अनुसार, मार्च 2027 तक नीतिगत दर बढ़कर 6 प्रतिशत हो सकती है और मार्च 2028 तक इसी स्तर पर बनी रह सकती है। इसके बाद मार्च 2029 तक इसके घटकर 5.5 प्रतिशत पर आने का अनुमान है।

जीडीपी ग्रोथ का अनुमान घटाया

महंगाई बढ़ने के जोखिम के बावजूद एसएंडपी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 7 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। हालांकि, वित्त वर्ष 2027-28 के लिए उसने पहले के 7.2 प्रतिशत के अनुमान को 0.2 प्रतिशत अंक घटाकर 7 प्रतिशत कर दिया है।

एजेंसी के अनुसार, 2027 में भारत और वियतनाम एशिया-प्रशांत क्षेत्र की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाएं होंगी। इस क्षेत्र की समग्र आर्थिक वृद्धि 2026 के 4.8 प्रतिशत से घटकर 2027 में 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी थी।

एसएंडपी ने भारत की आर्थिक वृद्धि के पीछे मजबूत वस्तु निर्यात, सार्वजनिक क्षेत्र के निवेश और घरेलू खपत को प्रमुख कारण बताया है। घरेलू मांग को बढ़ाने में कर्ज की बेहतर उपलब्धता की भी अहम भूमिका रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग उत्पादों और रसायनों के निर्यात में विशेष रूप से अच्छी वृद्धि हुई है। व्यापार में विविधता और वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव से भी निर्यात को लाभ मिला है।

रुपये में गिरावट का अनुमान

एसएंडपी का अनुमान है कि मार्च 2027 तक अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होकर 94.5 के स्तर पर पहुंच सकता है। मार्च 2028 तक इसके 96 और मार्च 2029 तक 97 प्रति डॉलर तक गिरने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में रुपया 91.5 प्रति डॉलर था।

ऊर्जा कीमतों के बारे में एजेंसी का अनुमान है कि 2027 में ब्रेंट क्रूड का औसत मूल्य 85 डॉलर प्रति बैरल रह सकता है, जबकि 2026 में अब तक यह औसतन 97 डॉलर प्रति बैरल रहा है। हालांकि, ऊर्जा की ऊंची कीमतें और भू-राजनीतिक तनाव क्षेत्र की आर्थिक संभावनाओं के लिए प्रमुख जोखिम बने हुए हैं।