पहली छमाही में सभी उर्वरकों की बिक्री घटी; यूरिया का घरेलू उत्पादन बढ़ा, आयात में भी 40.5% वृद्धि

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और एसएसपी की बिक्री में गिरावट आई। यूरिया का घरेलू उत्पादन 4.3 प्रतिशत बढ़ा, जबकि एनपीके उत्पादन 35.5 प्रतिशत घटा। इस दौरान यूरिया आयात 40.5 प्रतिशत और एमओपी आयात 41 प्रतिशत बढ़ा, जबकि डीएपी और एनपीके आयात घटे।

वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के दौरान देश में सभी रासायनिक उर्वरकों - यूरिया, डीएपी, एमओपी, एनपीके और एसएसपी की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। यूरिया का घरेलू उत्पादन तो बढ़ा, लेकिन बाकी उर्वरकों के उत्पादन में कमी आई है। यूरिया और एमओपी का आयात भी 40 प्रतिशत से अधिक बढ़ा है, हालांकि डीएपी और एनपीके का आयात घटा है।
 
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान 185.21 लाख टन यूरिया की बिक्री हुई। यह पिछले साल की समान अवधि के 193.07 लाख टन की तुलना में 4.1 प्रतिशत कम है। इसी तरह पहली छमाही में 43.64 लाख टन डाई-अमोनियम फॉस्फेट की बिक्री हुई, जो पिछले साल से 0.6 प्रतिशत कम है।
 
पहली छमाही में म्यूरेट ऑफ पोटाश (एमओपी) की बिक्री में 11.7 प्रतिशत की गिरावट आई और इसकी कुल बिक्री 9.65 लाख टन की रही। एनपीके की बिक्री 22.2 प्रतिशत गिरावट के साथ 60.07 लाख टन रही। सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) की 28.28 लाख टन की बिक्री हुई जो बीते वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 1.4 प्रतिशत कम है।
 
पहली छमाही में यूरिया का उत्पादन पिछले वर्ष के 144.44 लाख टन की तुलना में 4.3 प्रतिशत अधिक, यानी 150.64 लाख टन रहा है। डीएपी का उत्पादन 20.01 लाख टन की तुलना में 0.3 प्रतिशत कम, 19.94 लाख टन रहा। एनपीके के घरेलू उत्पादन में बड़ी कमी दर्ज की गई है। यह पिछले साल के 59.28 लाख टन से 35.5 प्रतिशत घटकर 38.22 लाख टन रह गया। एसएसपी का उत्पादन भी पिछले साल से 10.4 प्रतिशत कम, 26.31 लाख टन रहा है।
 
इस दौरान यूरिया का आयात 40.5 प्रतिशत और एमओपी का 41 प्रतिशत अधिक हुआ है। पहली छमाही में 55.89 लाख टन यूरिया और 16.79 लाख टन एमओपी का आयात किया गया। हालांकि डीएपी के आयात में 11.2 प्रतिशत और एनपीके आयात में 31.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। इनका आयात क्रमशः 33.99 लाख टन और 13.86 लाख टन का रहा।
 
सिर्फ सितंबर के आंकड़े देखें तो इस महीने यूरिया और डीएपी की बिक्री बढ़ी, जबकि एमओपी, एनपीके और एसएसपी की बिक्री में गिरावट आई है। यूरिया की बिक्री 8 प्रतिशत वृद्धि के साथ 27.05 लाख टन और डीएपी की 6.9 प्रतिशत वृद्धि के साथ 9.83 लाख टन रही है। एमओपी की बिक्री 2.8 प्रतिशत घटकर 1.82 लाख टन, एनपीके की 39.3 प्रतिशत घटकर 6.76 लाख टन तथा एसएसपी की बिक्री 0.5 प्रतिशत घटकर 3.30 लाख टन रही।
 
पिछले महीने यूरिया का घरेलू उत्पादन 4 प्रतिशत तथा डीएपी का 17 प्रतिशत बढ़ा है, लेकिन एनपीके उत्पादन में 44 प्रतिशत और एसएसपी में 26.9 प्रतिशत गिरावट दर्ज हुई है। सितंबर 2026 में 25.25 लाख टन यूरिया, 3.71 लाख टन डीएपी, 5.99 लाख टन एनपीके और 3.97 लाख टन एसएसपी का उत्पादन हुआ।
 
जहां तक आयात की बात है तो सितंबर 2026 में सिर्फ 8.43 लाख टन यूरिया का आयात हुआ, जो सितंबर 2025 की तुलना में 56.6 प्रतिशत कम है। एनपीके आयात भी 30.9 प्रतिशत कमी के साथ 3.31 लाख टन रहा। डीएपी के आयात में 13.3 प्रतिशत और एमओपी में 12.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले महीने इनका क्रमशः 9.98 लाख टन और 4.46 लाख टन का आयात हुआ।