गोदरेज एग्रोवेट ने सोमवार को तेलंगाना के खम्मम जिले में देश के पहले एकीकृत ऑयल पाम कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया। इस कॉम्प्लेक्स में बीज से लेकर रिफाइनरी तक पूरी ऑयल पाम वैल्यू चेन एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि इस परियोजना के पूरी तरह चालू होने पर इसमें कुल 300 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस एकीकृत परिसर में सीड एंड जेनेटिक्स यूनिट, नर्सरी, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) केंद्र, ऑयल पाम मिल तथा अत्याधुनिक रिफाइनरी शामिल होगी, जिसका निर्माण किया जा रहा है।
कंपनी ने ऑयल पाम मिल का संचालन शुरू कर दिया है। इसकी प्रारंभिक प्रसंस्करण क्षमता 30 टन प्रति घंटा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 60 टन प्रति घंटा किया जा सकेगा। यह तेलंगाना में किसी निजी कंपनी द्वारा स्थापित पहली ऑयल पाम मिल है।
गोदरेज एग्रोवेट ने वर्ष 2030 तक तेलंगाना में ऑयल पाम की खेती का क्षेत्र वर्तमान 10,000 हेक्टेयर से बढ़ाकर 30,000 हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी का मानना है कि नया कॉम्प्लेक्स इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस परिसर में 'समाधान केंद्र' भी स्थापित किया गया है, जो ऑयल पाम किसानों के लिए एक वन-स्टॉप सहायता केंद्र होगा। यहां किसानों को तकनीकी सलाह, गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट की उपलब्धता तथा अन्य कृषि सेवाएं प्रदान की जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में गोदरेज एग्रोवेट की चेयरपर्सन डिजिग्नेट बर्जिस गोदरेज ने कहा कि यह परियोजना तेलंगाना के ऑयल पाम मिशन के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे लाखों किसान परिवारों की आजीविका मजबूत होगी और देश की खाद्य तेल सुरक्षा को भी बल मिलेगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील कटारिया ने कहा कि पूरी ऑयल पाम वैल्यू चेन को एक ही स्थान पर लाने से गुणवत्ता, दक्षता और उत्पादों की एकरूपता बेहतर होगी। यह परियोजना किसानों को सशक्त बनाने और घरेलू खाद्य तेल उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।