हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) ने अपने गोरखपुर संयंत्र में ‘अपना संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें उत्तर प्रदेश और बिहार की लखपति ड्रोन दीदियां शामिल हुईं और कृषि सेवाओं के लिए ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से जुड़े अपने अनुभव, उपलब्धियां और चुनौतियां साझा कीं।
कार्यक्रम में महिला उद्यमियों को कृषि में ड्रोन आधारित सेवाओं को अपनाने के अपने सफर और अनुभव साझा करने का मंच मिला। उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न क्षेत्रों की ड्रोन दीदियों ने वर्चुअल माध्यम से भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और खेतों में अपने काम के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि ड्रोन आधारित सेवाएं ग्रामीण आजीविका और उद्यमिता के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।
कार्यक्रम का संचालन HURL के प्रबंध निदेशक डॉ. सिबा प्रसाद मोहंती ने किया। उन्होंने प्रतिभागी महिला उद्यमियों के अनुभव और सफलता की कहानियां सुनीं तथा उनके काम से जुड़ी संभावनाओं और चुनौतियों पर चर्चा की।
डॉ. मोहंती ने ड्रोन दीदियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी उद्यमशीलता के सफर को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने आपसी सहयोग, अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने अनुभवी ड्रोन दीदियों से अन्य ड्रोन दीदियों का मार्गदर्शन करने, अपने अनुभव और सीख साझा करने तथा सामूहिक रूप से व्यावहारिक चुनौतियों का समाधान खोजने और अपनी उद्यमशील गतिविधियों को मजबूत करने का भी आग्रह किया। HURL की ओर से ड्रोन दीदियों को उनकी आगे की यात्रा में निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली तीन ड्रोन दीदियों को उनकी उपलब्धियों और कृषि क्षेत्र में जमीनी स्तर पर तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
यह पहल तकनीक के इस्तेमाल से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमियों की उभरती भूमिका को रेखांकित करती है। ड्रोन आधारित कृषि सेवाओं के माध्यम से ये महिलाएं आजीविका और उद्यम विकास के नए अवसर पैदा कर रही हैं। साथ ही, इससे कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ रही है।