IFFCO और जापान की मित्सुबिशी कॉरपोरेशन के संयुक्त उपक्रम IFFCO-MC क्रॉप साइंस प्राइवेट लिमिटेड ने गुरुग्राम में अपना 12वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर कंपनी ने नवाचार, गुणवत्तापूर्ण फसल सुरक्षा समाधान और किसान कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कंपनी ने कहा कि स्थापना दिवस भारतीय कृषि के विकास और प्रगति में उसके 11 वर्षों के योगदान का प्रतीक है।
समारोह में IFFCO और IFFCO-MC के चेयरमैन दिलीप संघाणी, मित्सुबिशी कॉरपोरेशन इंडिया के चेयरमैन और IFFCO-MC के वाइस चेयरमैन टोकुडा ताकाहिरो, IFFCO के प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल तथा IFFCO के मार्केटिंग डायरेक्टर और IFFCO-MC के प्रबंध निदेशक योगेंद्र कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर दिलीप संघाणी ने कहा कि कंपनी की यात्रा भारतीय कृषि की सेवा और किसानों के लिए मूल्य सृजन के उद्देश्य से आगे बढ़ी है। उन्होंने कहा कि बदलती कृषि जरूरतों के अनुरूप IFFCO-MC नवाचार, प्रभावी और टिकाऊ समाधान उपलब्ध कराने पर अपना ध्यान केंद्रित रखेगी।
पिछले वर्षों में IFFCO-MC ने कीटनाशक, फफूंदनाशक, खरपतवारनाशक, पादप वृद्धि और उभरते जैविक उत्पादों को शामिल करते हुए अपने फसल सुरक्षा उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। कंपनी के अनुसार, इन उत्पादों का उद्देश्य फसल स्वास्थ्य और उत्पादकता में सुधार के साथ टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। कंपनी ने सहकारी समितियों, चैनल पार्टनर्स, IFFCO बाजार, किसान सेवा केंद्रों और देशभर के अन्य किसान संपर्क केंद्रों के माध्यम से अपना व्यापक वितरण एवं किसान संपर्क नेटवर्क भी मजबूत किया है।
टोकुडा ताकाहिरो ने कहा कि कृषि क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच भविष्य के समाधान के लिए सहयोग, तकनीक और किसानों की जरूरतों की गहरी समझ जरूरी होगी। उन्होंने कहा कि मित्सुबिशी कॉरपोरेशन और IFFCO की साझेदारी वैश्विक विशेषज्ञता को IFFCO के मजबूत किसान नेटवर्क से जोड़ती है।
2015 में स्थापित IFFCO-MC अपने उत्पादों की खरीद पर ‘किसान सुरक्षा बीमा योजना’ के तहत किसानों को निःशुल्क दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध कराती है। कंपनी के अनुसार उसकी सिंगल-टियर वितरण व्यवस्था पारदर्शिता, दक्षता और किसानों के अनुकूल मूल्य सुनिश्चित करने में मदद करती है। स्थापना दिवस समारोह में कंपनी के पांच और 10 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।