वर्ष 2025-26 में बारत में अंडा उत्पादन 5.10 प्रतिशत बढ़कर 156.88 अरब हो गया, जो पिछले वर्ष 149.27 अरब था। हालांकि उत्पादन में वृद्धि के साथ ही इस क्षेत्र में कुछ राज्यों पर अत्यधिक निर्भरता, व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों का वर्चस्व और राज्यों के बीच अंडों की उपलब्धता में बड़ा अंतर भी सामने आया है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से जारी नवीनतम बेसिक एनिमल हसबैंड्री स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2026 के अनुसार, भारत चीन के बाद दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा अंडा उत्पादक देश बना हुआ है।
देश में पिछले पांच वर्षों के दौरान अंडा उत्पादन में लगातार वृद्धि हुई है। यह 2021-22 में 129.60 अरब था, जो 2022-23 में बढ़कर 138.38 अरब, 2023-24 में 142.77 अरब और 2024-25 में 149.27 अरब हो गया। वर्ष 2025-26 में यह 156.88 अरब तक पहुंच गया। इस तरह चार वर्षों में उत्पादन में लगभग 21 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी अवधि में प्रति व्यक्ति अंडों की सालाना उपलब्धता भी 95 से बढ़कर 111 हो गई।
उत्पादन में यह वृद्धि खाद्य आपूर्ति में पोल्ट्री क्षेत्र की बढ़ती भूमिका और प्रोटीन के किफायती स्रोत के रूप में अंडों के महत्व को दर्शाती है। हालांकि, प्रति व्यक्ति सालाना 111 अंडों की राष्ट्रीय औसत उपलब्धता बताती है कि देश में खपत और उपलब्धता बढ़ाने की काफी गुंजाइश है। खासकर उन राज्यों में, जहां अंडों का उत्पादन अपेक्षाकृत कम है।
व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों का वर्चस्व
अंडा उत्पादन में व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों की सबसे बड़ी भूमिका है। वर्ष 2025-26 में इन फार्मों से 132.87 अरब अंडों का उत्पादन हुआ, जो देश के कुल उत्पादन का 84.70 प्रतिशत है। इसके मुकाबले बैकयार्ड पोल्ट्री से 24.01 अरब अंडों का उत्पादन हुआ, जिसकी कुल उत्पादन में हिस्सेदारी 15.30 प्रतिशत रही।
उत्पादन की संरचना में उन्नत नस्ल की मुर्गियों का वर्चस्व भी स्पष्ट है। कुल अंडा उत्पादन में उन्नत नस्ल की मुर्गियों की हिस्सेदारी 87.36 प्रतिशत रही, जबकि देशी मुर्गियों का योगदान 11.63 प्रतिशत था। देशी बत्तखों और उन्नत नस्ल की बत्तखों की हिस्सेदारी क्रमशः 0.82 और 0.19 प्रतिशत रही।
उत्पादन के आंकड़ों में उत्पादकता का अंतर भी दिखाई देता है। रिपोर्ट के अनुसार, व्यावसायिक पोल्ट्री फार्मों में उन्नत नस्ल की मुर्गियों से प्रति मुर्गी सालाना औसत अंडा उत्पादन 2024-25 के 279.95 से बढ़कर 2025-26 में 285.89 हो गया। यह उत्पादकता में क्रमिक सुधार का संकेत है, हालांकि अलग-अलग राज्यों में इसका स्तर काफी भिन्न है।
पांच राज्यों में 64 प्रतिशत अंडा उत्पादन
देश में अंडा उत्पादन का बड़ा हिस्सा दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में केंद्रित है। आंध्र प्रदेश 2025-26 में 17.86 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ देश का सबसे बड़ा अंडा उत्पादक राज्य बना रहा। इसके बाद तमिलनाडु की हिस्सेदारी 15.36 प्रतिशत, तेलंगाना की 12.99 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल की 10.59 प्रतिशत और कर्नाटक की 6.95 प्रतिशत रही।
इन पांच राज्यों का कुल योगदान देश के अंडा उत्पादन में 63.74 प्रतिशत रहा। पहले चार राज्यों की संयुक्त हिस्सेदारी ही 56.79 प्रतिशत है। वहीं, शीर्ष 10 अंडा उत्पादक राज्यों का योगदान 86 प्रतिशत से अधिक रहा।
आठ प्रमुख अंडा उत्पादक राज्यों में उत्पादन की वृद्धि दर राष्ट्रीय औसत 5.10 प्रतिशत से अधिक रही। इनमें उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, पंजाब, बिहार, हरियाणा, ओडिशा और तेलंगाना शामिल हैं।
तेजी से बढ़ते उत्पादक राज्यों में उत्तर प्रदेश का शामिल होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। राष्ट्रीय उत्पादन में राज्य की हिस्सेदारी अभी 4.72 प्रतिशत है, लेकिन यहां अंडा उत्पादन 2024-25 के 6.11 अरब से बढ़कर 2025-26 में लगभग 7.41 अरब हो गया। यह राज्य में पोल्ट्री उत्पादन के विस्तार का संकेत देता है।
प्रति व्यक्ति अंडों की उपलब्धता में बड़ा अंतर
देश में अंडा उत्पादन बढ़ने के बावजूद अलग-अलग राज्यों में इसकी उपलब्धता में काफी अंतर है। वर्ष 2025-26 में तेलंगाना में प्रति व्यक्ति सालाना अंडों की उपलब्धता सबसे अधिक 530 रही। आंध्र प्रदेश में यह 523 थी। हरियाणा और तमिलनाडु में प्रति व्यक्ति सालाना उपलब्धता 312-312 अंडे रही, जो राष्ट्रीय औसत 111 से काफी अधिक है।
इसके विपरीत, कई राज्यों में उपलब्धता बहुत कम है। असम में प्रति व्यक्ति सालाना उपलब्धता 28, बिहार में 31, उत्तर प्रदेश में 31 और झारखंड में केवल 24 अंडे रही।
यह अंतर देश में पोल्ट्री उत्पादन और वितरण के असमान भौगोलिक विस्तार को दर्शाता है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि अधिक उत्पादन का लाभ अपने आप सभी क्षेत्रों तक नहीं पहुंचता। स्थानीय उत्पादन क्षमता बढ़ाने, मार्केट लिंकेज मजबूत करने और वितरण व्यवस्था में सुधार से इस असमानता को कम किया जा सकता है।
पोल्ट्री मीट उत्पादन में गिरावट
पोल्ट्री क्षेत्र की समग्र स्थिति में कुछ विरोधाभास भी दिखाई देते हैं। जहां अंडा उत्पादन में वृद्धि जारी रही, वहीं 2025-26 में पोल्ट्री मीट उत्पादन में 0.86 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान पोल्ट्री मीट उत्पादन 51.3 लाख टन रहा, जो देश के कुल मीट उत्पादन 106.3 लाख टन का 48.27 प्रतिशत है।
यह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि देश के कुल मीट उत्पादन में पोल्ट्री का योगदान सबसे अधिक है। कुल मीट उत्पादन में लगभग आधी हिस्सेदारी होने के बावजूद पोल्ट्री मीट उत्पादन में गिरावट बताती है कि इस क्षेत्र के अलग-अलग खंडों में वृद्धि की गति एक जैसी नहीं है। पिछले साल देश का कुल मीट उत्पादन 1.19 प्रतिशत बढ़ा।
2026-27 के लिए उत्पादन का बड़ा लक्ष्य
सरकार ने 2026-27 के लिए अंडा उत्पादन का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु से राष्ट्रीय उत्पादन लक्ष्य में लगभग 57 प्रतिशत योगदान की अपेक्षा है। देश के लिए 172.1 अरब से अधिक अंडों का उत्पादन लक्ष्य रखा गया है, जो 2025-26 के उत्पादन की तुलना में 9.67 प्रतिशत अधिक है।
नवीनतम आंकड़े बताते हैं कि भारतीय पोल्ट्री उद्योग ने उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ वैश्विक अंडा बाजार में भी अपनी स्थिति मजबूत की है। हालांकि, आगे वृद्धि बनाए रखने के लिए उत्पादन का भौगोलिक विस्तार, उत्पादकता में सुधार और छोटे पोल्ट्री किसानों की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक होगा। इस क्षेत्र के सामने चुनौती केवल उत्पादन बढ़ाने की नहीं है, बल्कि इसे अधिक संतुलित, मजबूत और देश की बढ़ती पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम बनाने की भी है।