सरकार ने 10 लाख मीट्रिक टन तक रॉ शुगर के शुल्क-मुक्त आयात की समयसीमा तीन महीने बढ़ाकर 31 मार्च 2027 कर दी है। इसके साथ ही, अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के लिए टैरिफ रेट कोटा (टीआरक्यू) के तहत अमेरिका को निर्यात के लिए 8,606 मीट्रिक टन रॉ वैल्यू (एमटीआरवी) रॉ केन शुगर का कोटा भी आवंटित किया है।
25 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के माध्यम से विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने रॉ शुगर की आयात नीति की शर्तों में संशोधन किया है। इसके तहत टीआरक्यू योजना के अंतर्गत शुल्क-मुक्त आयात की अवधि पहले निर्धारित 31 दिसंबर, 2026 से बढ़ाकर 31 मार्च, 2027 कर दी गई है।
यह निर्णय 20 अगस्त, 2026 (अधिसूचना संख्या 31/2025-26) और 19 अक्टूबर, 2026 (अधिसूचना संख्या 45/2025-26) को जारी दो पूर्ववर्ती अधिसूचनाओं के क्रम में लिया गया है। आयात व्यवस्था की अन्य सभी शर्तें और प्रावधान पहले की तरह लागू रहेंगे।
अमेरिका को निर्यात के लिए 8,606 टन चीनी का कोटा
सरकार ने अमेरिकी वित्त वर्ष 2027 के लिए टीआरक्यू व्यवस्था के तहत अमेरिका को निर्यात के लिए 8,606 एमटीआरवी रॉ शुगर का कोटा आवंटित किया है। यह कोटा 1 अक्टूबर, 2026 से 30 सितंबर, 2027 तक की अवधि के लिए है।
इस व्यवस्था के तहत निर्यात की जाने वाली चीनी को अमेरिका में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिलेगा। हालांकि, इसके लिए निर्धारित सर्टिफिकेशन और रिपोर्टिंग संबंधी नियमों का पालन करना होगा। नई दिल्ली स्थित कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) इस कोटे का प्रबंधन और निर्यात व्यवस्था के क्रियान्वयन की निगरानी करेगा।
टीआरक्यू व्यवस्था के तहत किसी वस्तु की निर्धारित मात्रा का आयात या निर्यात रियायती शुल्क दरों पर किया जा सकता है। इसके लिए तय शर्तों का पालन करना आवश्यक होता है। निर्धारित कोटे से अधिक व्यापार पर लागू उच्च शुल्क दरें लग सकती हैं।
2027 में चीनी का उत्पादन 280-290 लाख टन रहने का अनुमान
रेटिंग एजेंसी आईसीआरए का अनुमान है कि चीनी विपणन वर्ष 2027 में शुद्ध चीनी उत्पादन 280-290 लाख टन रहेगा, जबकि पिछले सीजन में (इथेनॉल डायवर्जन छोड़कर) यह लगभग 276 लाख टन था। इस वर्ष इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का उपयोग नहीं किए जाने से घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।
हालांकि, 283 लाख टन की अनुमानित खपत के मुकाबले सीजन के अंत में चीनी का बचा हुआ स्टॉक केवल 35-45 लाख टन रहने की संभावना है। यह दो महीने से भी कम की खपत के बराबर होगा और दो से तीन महीने की खपत के ऐतिहासिक मानक से नीचे रहेगा।
इस बीच, ऑल इंडिया शुगर ट्रेड एसोसिएशन (एआईएसटीए) ने सरकार से चीनी व्यापारियों और थोक उपभोक्ताओं पर लागू भंडारण सीमा को 30 नवंबर, 2026 के बाद आगे नहीं बढ़ाने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि 2026-27 के पेराई सीजन की शुरुआत के साथ चीनी की आपूर्ति में सुधार हुआ है। एसोसिएशन के अनुसार, उत्पादन बढ़ने और त्योहारी सीजन समाप्त होने के बाद घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। ऐसे में भंडारण संबंधी प्रतिबंध जारी रखने की आवश्यकता नहीं है।
हालांकि, एसोसिएशन ने यह भी सुझाव दिया है कि यदि सरकार इन प्रतिबंधों को जारी रखने का फैसला करती है तो भंडारण सीमा में संशोधन किया जाए। इसके तहत पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में व्यापारियों को अधिकतम 2,800 टन चीनी रखने की अनुमति देने का प्रस्ताव है। देश के बाकी हिस्सों में व्यापारियों के लिए 1,000 टन की मौजूदा सीमा बनाए रखने का सुझाव दिया गया है। थोक उपभोक्ताओं के मामले में एसोसिएशन ने भंडारण अवधि को मौजूदा 15 दिनों से बढ़ाकर 45 दिन करने का प्रस्ताव दिया है।