भारत का दूध उत्पादन 2.4% बढ़कर 25.38 करोड़ टन, पांच वर्षों में सबसे धीमी वृद्धि; प्रति व्यक्ति उपलब्धता 492 ग्राम हुई

भारत का दूध उत्पादन 2025-26 में 2.4 प्रतिशत बढ़कर 25.38 करोड़ टन हो गया, लेकिन इसकी वार्षिक वृद्धि दर पांच वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता बढ़कर 492 ग्राम प्रतिदिन हुई है। उत्तर प्रदेश सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य बरकरार है। सरकार ने 2026-27 के लिए 27.75 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य रखा है।

भारत का दूध उत्पादन वर्ष 2025-26 में 2.40% बढ़कर 25.38 करोड़ टन हो गया, लेकिन इसकी वृद्धि दर पिछले पांच वर्षों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। इससे देश के डेयरी क्षेत्र के सामने उत्पादन वृद्धि की रफ्तार बनाए रखने की चुनौती आ गई है। हालांकि, प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता बढ़कर 492 ग्राम प्रतिदिन हो गई है और भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बना हुआ है। वैश्विक दूध उत्पादन में भारत की हिस्सेदारी एक-चौथाई से अधिक है।

गुरुवार, 26 नवंबर को जारी बेसिक एनिमल हसबैंड्री स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2026 के अनुसार, देश में 2025-26 के दौरान दूध उत्पादन 25.38 करोड़ टन रहा, जबकि 2024-25 में यह 24.79 करोड़ टन था। पशुपालन क्षेत्र के विभिन्न आंकड़ों को प्रस्तुत करने वाली इस रिपोर्ट से पता चलता है कि दूध उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, लेकिन इसकी वार्षिक वृद्धि दर में लगातार पांच वर्षों से गिरावट आ रही है।

दूध उत्पादन की वार्षिक वृद्धि दर 2021-22 में 5.77% थी, जो 2022-23 में घटकर 3.83%, 2023-24 में 3.78% और 2024-25 में 3.58% रह गई। 2025-26 में यह और घटकर 2.40% पर पहुंच गई। वहीं, 2020-21 से 2025-26 के दौरान दूध उत्पादन की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (CAGR) 3.87% रही।

आजादी के कुछ वर्षों बाद से तुलना करें तो भारत का दूध उत्पादन 1950-51 के 1.7 करोड़ टन से बढ़कर 2025-26 में 25.38 करोड़ टन तक पहुंचा है। इस दौरान देश की आबादी भी 35.9 करोड़ से बढ़कर 141.3 करोड़ हुई है।

प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता बढ़कर 492 ग्राम हुई

उत्पादन वृद्धि की रफ्तार में कमी के बावजूद प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता में लगातार सुधार हुआ है। 2025-26 में यह बढ़कर 492 ग्राम प्रतिदिन हो गई, जबकि 2024-25 में 485 ग्राम और 2021-22 में 446 ग्राम थी।

ये आंकड़े भारत के रजिस्ट्रार जनरल (RGI) द्वारा जारी जनसंख्या के अनुमानित आंकड़ों के आधार पर तैयार किए गए हैं। आबादी में वृद्धि की तुलना में घरेलू दूध आपूर्ति में हुए विस्तार से प्रति व्यक्ति उपलब्धता में सुधार हुआ है।

रिपोर्ट में दिए गए खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के आंकड़ों के अनुसार, भारत ने 2024 में 24.78 करोड़ टन दूध का उत्पादन किया, जो उस वर्ष के 98.47 करोड़ टन के वैश्विक उत्पादन का 25.2% था। 2016 से 2024 के बीच भारत का दूध उत्पादन 50.1% बढ़ा, जबकि इसी अवधि में वैश्विक उत्पादन में 19.6% की वृद्धि हुई। दुनिया में दूध उत्पादन के मामले में अमेरिका 10.25 करोड़ टन के साथ दूसरे स्थान पर रहा। इसके बाद पाकिस्तान (6.67 करोड़ टन), चीन (4.59 करोड़ टन) और ब्राजील (3.68 करोड़ टन) का स्थान रहा।

पांच राज्यों में देश का लगभग 54% दूध उत्पादन

देश में दूध अधिक उत्पादन चुनिंदा राज्यों में ही होता है। 2025-26 में शीर्ष पांच राज्यों का कुल उत्पादन में योगदान 53.80% रहा। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य बना हुआ है। कुल उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 15.56% रही और राज्य में 394.9 लाख टन दूध का उत्पादन हुआ। राजस्थान 374.4 लाख टन उत्पादन के साथ दूसरे स्थान पर रहा। राष्ट्रीय उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 14.75% थी। मध्य प्रदेश 226.8 लाख टन (8.93%) उत्पादन के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद गुजरात में 199.5 लाख टन (7.86%) और महाराष्ट्र में 169.9 लाख टन (6.69%) दूध का उत्पादन हुआ। दूध उत्पादन करने वाले शीर्ष 15 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल हिस्सेदारी देश के उत्पादन में 94.45% रही। 

प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता के मामले में पंजाब 1,327 ग्राम प्रतिदिन के साथ देश में पहले स्थान पर रहा। राजस्थान में यह 1,239 ग्राम और हरियाणा में 1,142 ग्राम प्रतिदिन थी। ये आंकड़े 492 ग्राम के राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक हैं। कुल नौ राज्यों में प्रति व्यक्ति दूध उपलब्धता राष्ट्रीय औसत से अधिक है।

प्रमुख दूध उत्पादक राज्यों में तमिलनाडु ने 2025-26 में सबसे अधिक 6.59% की वार्षिक वृद्धि दर्ज की। कुल नौ राज्यों में दूध उत्पादन की वृद्धि दर राष्ट्रीय औसत 2.40% से अधिक रही।

कुल दूध उत्पादन में गोवंश का योगदान 53.63%

देश में दूध उत्पादन का सबसे बड़ा स्रोत गोवंश रहा। 2025-26 में कुल दूध उत्पादन में गायों का योगदान 53.63% रहा, जबकि भैंसों की हिस्सेदारी 43.02% थी। इस तरह गाय और भैंस मिलकर देश के कुल दूध उत्पादन में 96% से अधिक योगदान करती हैं।

गोवंश के कुल उत्पादन में विदेशी और संकर नस्ल की गायों का योगदान 32.98% रहा, जबकि देशी और गैर-वर्णित नस्ल की गायों की हिस्सेदारी 20.65% थी। विदेशी और संकर नस्ल की गायों से दूध उत्पादन 2025-26 में 3.30% बढ़कर 837.1 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 810.4 लाख टन था। इसमें संकर नस्ल की गायों का योगदान 790.2 लाख टन और विदेशी नस्ल की गायों का योगदान 46.9 लाख टन रहा।

देशी और गैर-वर्णित नस्ल की गायों से दूध उत्पादन में अपेक्षाकृत कम 1.45% की वृद्धि हुई और यह 2025-26 में 524.1 लाख टन रहा। 2024-25 में इनसे 516.6 लाख टन दूध का उत्पादन हुआ था। इसमें देशी नस्ल की गायों का योगदान 284.2 लाख टन और गैर-वर्णित नस्ल की गायों का योगदान 239.9 लाख टन रहा।

भैंसों से दूध उत्पादन 2025-26 में 2.09% बढ़कर 1091.8 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 1069.5 लाख टन था। बकरियों का कुल दूध उत्पादन में 3.35% योगदान रहा। इनसे दूध उत्पादन 2024-25 के 82.2 लाख टन से बढ़कर 2025-26 में 85.1 लाख टन हो गया। 2021-22 में बकरी के दूध का उत्पादन 66 लाख टन था।

गायों की विभिन्न नस्लों के दूध उत्पादन में बड़ा अंतर

रिपोर्ट में विभिन्न नस्ल के पशुओं की औसत दैनिक दूध उत्पादकता में काफी अंतर भी सामने आया है। 2025-26 में विदेशी और संकर नस्ल की गायों से औसतन 9.23 किलोग्राम दूध प्रतिदिन प्रति पशु प्राप्त हुआ। इसमें विदेशी नस्ल की गायों की औसत उत्पादकता 11.18 किलोग्राम और संकर नस्ल की गायों की 9.13 किलोग्राम रही।

इसके मुकाबले देशी और गैर-वर्णित नस्ल की गायों की औसत उत्पादकता 3.90 किलोग्राम प्रतिदिन रही। देशी नस्ल की गायों से औसतन 4.31 किलोग्राम और गैर-वर्णित नस्ल की गायों से 3.50 किलोग्राम दूध प्रतिदिन प्राप्त हुआ। हालांकि, इन दोनों श्रेणियों की संयुक्त औसत उत्पादकता में सुधार हुआ है। 2021-22 में यह 3.37 किलोग्राम प्रतिदिन थी।

भैंसों की औसत दैनिक उत्पादकता 2025-26 में 6.54 किलोग्राम रही, जबकि 2024-25 में यह 6.48 किलोग्राम थी। देशी नस्ल की भैंसों से औसतन 6.99 किलोग्राम और गैर-वर्णित नस्ल की भैंसों से 5.61 किलोग्राम दूध प्रतिदिन प्राप्त हुआ।

राज्यों में विदेशी और संकर नस्ल की गायों की औसत उत्पादकता के मामले में पंजाब 14.10 किलोग्राम प्रतिदिन के साथ पहले स्थान पर रहा। हरियाणा 11.16 किलोग्राम और आंध्र प्रदेश 11.04 किलोग्राम के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

देशी और गैर-वर्णित नस्ल की गायों की उत्पादकता में भी पंजाब 9.49 किलोग्राम प्रतिदिन के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद हरियाणा में 7.40 किलोग्राम और राजस्थान में 6.40 किलोग्राम औसत उत्पादकता दर्ज की गई।

2025-26 के उत्पादन लक्ष्य का लगभग 97% हासिल

देश में 2025-26 के दौरान 25.38 करोड़ टन दूध उत्पादन हुआ, जो 26.16 करोड़ टन के राष्ट्रीय लक्ष्य का लगभग 97% है। कई राज्यों ने अपने निर्धारित उत्पादन लक्ष्य को पार कर लिया। पंजाब का उत्पादन उसके लक्ष्य से 20.19% अधिक रहा। तेलंगाना ने 7.69%, पश्चिम बंगाल ने 7.25% और राजस्थान ने 2.99% अधिक उत्पादन दर्ज किया।

सरकार ने 2026-27 के लिए दूध उत्पादन का लक्ष्य बढ़ाकर 27.74 करोड़ टन कर दिया है। यह 2025-26 के उत्पादन की तुलना में 9.32% अधिक है। इस लक्ष्य में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र की हिस्सेदारी लगभग 54% रहने का अनुमान है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए दूध उत्पादन की वार्षिक वृद्धि दर में उल्लेखनीय सुधार की आवश्यकता होगी, क्योंकि पिछले वर्ष यह केवल 2.40% रही थी।

पशुपालन क्षेत्र के कुल मूल्य में दूध की हिस्सेदारी 64.1%

देश की अर्थव्यवस्था में दूध का महत्व केवल खाद्य उपलब्धता तक सीमित नहीं है। यह पशुपालन क्षेत्र के उत्पादन मूल्य का सबसे बड़ा हिस्सा है। रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा कीमतों पर पशुपालन क्षेत्र के कुल उत्पादन मूल्य में दूध की हिस्सेदारी 64.1% रही। 2022-23 में 11,23,450 करोड़ रुपये के मुकाबले 2024-25 में दूध का उत्पादन मूल्य 15.37% बढ़कर 12,96,158 करोड़ रुपये हो गया। स्थिर कीमतों पर 2024-25 में दूध का उत्पादन मूल्य 12,02,466 करोड़ रुपये रहा।

डेयरी प्रसंस्करण और प्रजनन सुविधाओं का विस्तार

रिपोर्ट के अनुसार, 31 मार्च 2026 तक देश में 959 दूध प्रसंस्करण केंद्र थे। इसके अलावा, सरकारी क्षेत्र के 511 तरल दूध संयंत्र और अन्य संगठनों के 2,227 तरल दूध संयंत्र कार्यरत थे। अन्य संगठनों के अंतर्गत सबसे अधिक 940 तरल दूध संयंत्र तमिलनाडु में हैं। इसके अलावा राज्य में 47 सरकारी संयंत्र भी हैं। ओडिशा में अन्य संगठनों के 441 और सरकारी क्षेत्र के 13 तरल दूध संयंत्र हैं।

पशुओं की नस्ल सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली कृत्रिम गर्भाधान (AI) गतिविधियों में भी वृद्धि हुई। 2025-26 में देश में 843.5 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए गए, जबकि 2024-25 में इनकी संख्या 837.8 लाख और 2020-21 में 758 लाख थी।

31 मार्च 2026 तक पशुपालन विभागों के अंतर्गत देश में 64,726 कृत्रिम गर्भाधान केंद्र थे। निजी और अन्य क्षेत्रों के अंतर्गत 47,137 केंद्र कार्यरत थे। पशु प्रजनन सुविधाओं में सरकारी क्षेत्र के 135 और अन्य संगठनों के 40 गोवंश प्रजनन फार्म शामिल थे। इसके अलावा, भैंसों के 35 प्रजनन फार्म थे, जिनमें 23 पशुपालन विभागों और 12 अन्य संगठनों के अधीन थे।

दूध देने वाले पशुओं की अनुमानित संख्या में 248.5 लाख विदेशी और संकर नस्ल की गायें, 368.4 लाख देशी और गैर-वर्णित नस्ल की गायें, 457.3 लाख भैंसें और 401.7 लाख बकरियां होने का अनुमान लगाया गया है।

डेयरी उत्पादों का निर्यात घटा, आयात बढ़ा

दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश होने के बावजूद भारत से डेयरी उत्पादों के निर्यात में 2025-26 के दौरान गिरावट आई, जबकि आयात बढ़ गया। रिपोर्ट के अनुसार, डेयरी उत्पादों का निर्यात 2024-25 के 4,181.72 करोड़ रुपये से 14.11% घटकर 2025-26 में 3,591.69 करोड़ रुपये रह गया। कुल पशुपालन उत्पादों के निर्यात में इनकी हिस्सेदारी 4.38% थी। निर्यात में गिरावट की प्रमुख वजह मक्खन और अन्य दुग्ध वसा के निर्यात में कमी रही। इनका निर्यात 2024-25 के 3,221.89 करोड़ रुपये से घटकर 2025-26 में 2,518.25 करोड़ रुपये रह गया।

हालांकि कुछ उत्पाद श्रेणियों के निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई। मट्ठा और मट्ठा उत्पादों का निर्यात लगभग 84% बढ़कर 32.12 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 2024-25 में यह 17.50 करोड़ रुपये था। पनीर और दही का निर्यात 494.90 करोड़ रुपये से बढ़कर 542.17 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, नॉन-कंसेंट्रेटेड दूध और क्रीम के साथ चीनी या अन्य मिठास वाले पदार्थों के निर्यात में भी वृद्धि हुई और यह 146.34 करोड़ रुपये से बढ़कर 189.98 करोड़ रुपये हो गया।

दूसरी ओर, डेयरी उत्पादों का आयात 2024-25 के 356.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 655.10 करोड़ रुपये हो गया। कुल पशुपालन उत्पादों के आयात में डेयरी उत्पादों की हिस्सेदारी 2.95% रही। मट्ठा उत्पादों का आयात सबसे अधिक रहा। यह 65.5% बढ़कर 208.33 करोड़ रुपये से 344.85 करोड़ रुपये हो गया। पनीर और दही का आयात दोगुने से अधिक बढ़कर 91.83 करोड़ रुपये से 183.95 करोड़ रुपये हो गया। कंसेंट्रेटड या मीठे किए गए दूध और क्रीम का आयात भी 10.72 करोड़ रुपये से बढ़कर 32.95 करोड़ रुपये हो गया।

डेयरी से संबंधित अन्य व्यापारिक श्रेणियों में लैक्टोज और शर्करा शामिल हैं। 2025-26 में इनका निर्यात 1,169.12 करोड़ रुपये और आयात 1,314.32 करोड़ रुपये रहा। शिशु आहार और दूध से बने खाद्य पदार्थों का निर्यात 1,205.03 करोड़ रुपये रहा, जबकि आयात 357.08 करोड़ रुपये था।

दूध उत्पादन के आंकड़ों के लिए व्यापक सर्वेक्षण 

BAHS का 27वां संस्करण मार्च 2025 से फरवरी 2026 के बीच एकत्र किए गए आंकड़ों पर आधारित है। इसके लिए ICAR-भारतीय कृषि सांख्यिकी अनुसंधान संस्थान (ICAR-IASRI) द्वारा विकसित ई-लाइवस्टॉक इंटीग्रेटेड सैंपल सर्वे (eLISS) का उपयोग किया गया। इस सर्वेक्षण में चार-चार महीने के तीन मौसम शामिल हैं। इनमें ग्रीष्मकाल (मार्च-जून), वर्षाकाल (जुलाई-अक्टूबर) और शीतकाल (नवंबर-फरवरी) शामिल हैं। 2025-26 के दौरान eLISS के तहत देश के 64,572 गांवों और शहरी वार्डों को शामिल किया गया। इनमें 44,888 गांव और 19,684 शहरी वार्ड थे। इस सर्वेक्षण के माध्यम से देशभर में 1,05,34,192 परिवारों, उद्यमों और बूचड़खानों से आंकड़े एकत्र किए गए। अब तक इस सर्वेक्षण के अंतर्गत 2.81 लाख से अधिक गांवों और शहरी वार्डों तथा 4.8 करोड़ से अधिक परिवारों और उद्यमों को शामिल किया जा चुका है।