सीएनएच के ब्रांड न्यू हॉलैंड ने भारत में कृषि मशीनीकरण उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए नई एचडी और एक्सएचडी सीरीज रोटरी टिलर (रोटावेटर) लॉन्च की है। नई सीरीज का अनावरण ग्रेटर नोएडा स्थित कंपनी की इकाई में सीएनएच इंडिया के प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मित्तल सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।
एचडी और एक्सएचडी सीरीज रोटरी टिलर का निर्माण न्यू हॉलैंड के पुणे स्थित संयंत्र में किया जाता है। कंपनी के अनुसार, इन उपकरणों को भारत की विभिन्न कृषि-जलवायु परिस्थितियों और मिट्टी के प्रकारों को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।
कंपनी का कहना है कि नई रोटावेटर श्रृंखला में हेवी-ड्यूटी संरचना, टिकाऊ पुर्जे और मल्टी-स्पीड गियरबॉक्स दिए गए हैं, जो विभिन्न प्रकार की मिट्टी और खेती की जरूरतों के अनुरूप जुताई एवं भूमि की तैयारी में मदद करते हैं।
न्यू हॉलैंड के अनुसार, इन रोटावेटरों में उच्च स्विंग डायमीटर दिया गया है, जिससे गहरी जुताई संभव होती है। इससे मिट्टी की बेहतर तैयारी और बीज बुवाई के लिए उपयुक्त खेत तैयार करने में सहायता मिलती है। इसके अलावा, रोटर हब को पानी के प्रवेश से बचाने के लिए मेटल ट्विन-फेस्ड (एमटीएफ) सील तथा जंग से सुरक्षा के लिए डीटीएम पेंट तकनीक का उपयोग किया गया है।
न्यू हॉलैंड इंडिया के डायरेक्टर मार्केटिंग (कृषि) तरुण खन्ना ने कहा कि कृषि उत्पादकता और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए कृषि मशीनीकरण की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि एचडी और एक्सएचडी सीरीज रोटरी टिलर का लॉन्च किसानों की बदलती जरूरतों को पूरा करने और कंपनी के कृषि उपकरण पोर्टफोलियो को मजबूत करने की दिशा में एक कदम है।
राष्ट्रीय स्तर पर लॉन्च के बाद कंपनी देश के विभिन्न बाजारों में डीलर-स्तरीय कार्यक्रमों के माध्यम से इस नई श्रृंखला को किसानों तक पहुंचाएगी। कंपनी के अनुसार, यह उत्पाद श्रृंखला आधुनिक कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और कृषि कार्यों की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से उसके कृषि उपकरण पोर्टफोलियो का विस्तार करेगी।