पीएम-किसान की 23वीं किस्त 20 जून को आएगी, 9 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में पहुंचेंगे 2,000 रुपये

पीएम-किसान योजना के तहत 23वीं किस्त किसानों के बैंक खातों में 20 जून 2026 को भेजी जाएगी। पीएम किसान सम्मान निधि के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से तारीख को लेकर ऐलान कर दिया गया है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के करोड़ों लाभार्थी किसानों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। केंद्र सरकार ने पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। ताजा अपडेट के अनुसार, पात्र किसानों के बैंक खातों में 23वीं किस्त की राशि 20 जून 2026 को जारी की जाएगी।

पीएम किसान सम्मान निधि के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से तारीख को लेकर ऐलान कर दिया गया है। 20 जून को प्रत्येक पात्र किसान को 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी।

लगभग 10 करोड़ किसानों को मिलेगा लाभ

सरकारी जानकारी के अनुसार, देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसान इस किस्त का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता तीन बराबर किस्तों में सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है।

पिछली बार पीएम-किसान की 22वीं किस्त 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी से जारी की थी। 22वीं किस्त के तहत देश के 9.46 करोड़ से अधिक किसानों के खाते में सम्मान राशि ट्रांसफर की गई थी।

किसानों को क्या करना चाहिए?

पीएम-किसान की अगली किस्त प्राप्त करने के लिए किसानों को सुनिश्चित करना चाहिए कि:

  • e-KYC प्रक्रिया पूरी हो।
  • आधार संख्या बैंक खाते से लिंक हो।
  • भूमि रिकॉर्ड और अन्य विवरण अपडेट हों।
  • लाभार्थी सूची में नाम मौजूद हो।

यदि इनमें कोई कमी पाई जाती है, तो किस्त मिलने में देरी हो सकती है या भुगतान रुक सकता है।

ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

  • पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं
  • यहां 'Farmers Corner' में जाकर 'Know Your Status' के ऑप्शन पर क्लिक करें
  • इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा दर्ज करें
  • यहां आप ई-केवाईसी, आधार बैंक सीडिंग और लैंड सीडिंग की स्थिति भी देख सकते हैं

पात्र किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते e-KYC और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर लें, ताकि उन्हें किस्त का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।