परिसीमन विधेयक का विरोध करेगा INDIA गठबंधन, मौजूदा लोकसभा सीटों के भीतर महिला आरक्षण लागू करने की मांग

शनिवार को आयोजित एक बैठक में INDIA गठबंधन ने केंद्र के परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयकों का विरोध करने का फैसला किया है। विपक्ष की मांग है कि 33 प्रतिशत आरक्षण मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के भीतर लागू हो और राज्यों का प्रतिनिधित्व अगले 25 वर्षों तक अपरिवर्तित रहे। साथ ही, एससी-एसटी वर्ग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिले।

INDIA गठबंधन ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण कानून का संयुक्त रूप से विरोध करने का फैसला किया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि एनडीए के इस कदम से लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है और भाजपा को सत्ता में बने रहने में मदद मिल सकती है। विपक्ष की मांग है कि महिला आरक्षण लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या के भीतर लागू किया जाए। इसके लिए न तो सीटों की संख्या बढ़ाई जाए और न ही अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच वर्तमान सीट आवंटन में कोई बदलाव किया जाए।

यह फैसला नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक में लिया गया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं ने करीब दो घंटे चली इस बैठक में हिस्सा लिया। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। उससे पहले विपक्ष ने विधेयकों पर साझा रणनीति तैयार की।

विपक्ष ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखना, वर्तमान 543 सीटों के भीतर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखना शामिल है।

बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का उद्देश्य भाजपा और आरएसएस को अनिश्चितकाल तक सत्ता में बनाए रखना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले लोकसभा चुनाव में दिए गए '400 पार' के नारे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार अब लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव के जरिए '800 पार' का लक्ष्य हासिल करना चाहती है।

खड़गे ने सरकार पर अनुसूचित जातियों (एससी) और अनुसूचित जनजातियों (एसटी) के हितों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 330 के तहत लोकसभा में इन समुदायों के लिए सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। उनकी आबादी के अनुपात में आरक्षित सीटों की संख्या भी बढ़नी चाहिए। लेकिन प्रस्तावित विधेयक में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया गया है।

उन्होंने परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। खड़गे ने कहा कि सरकार को आगामी 2026 की जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाना चाहिए। उनके अनुसार, नई जनगणना के आधार पर एससी और एसटी समुदायों को उनकी आबादी के अनुपात में अधिक आरक्षित सीटें मिल सकती हैं।

खड़गे ने परिसीमन की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग को सौंपे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों के बीच आयोग को यह जिम्मेदारी देना उचित नहीं है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तीन प्रस्तावित विधेयकों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 और केंद्रशासित प्रदेशों से संबंधित कानूनों में संशोधन शामिल हैं। इस विधायी पैकेज में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव है। 

प्रस्ताव के तहत परिसीमन और एससी-एसटी के लिए आरक्षित सीटों के निर्धारण में 2011 की जनगणना का इस्तेमाल किया जाएगा, जबकि राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को 2051 तक बनाए रखने का प्रावधान है।

डीएमके और एनसीपी का समर्थन

द्रमुक (DMK) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (NCP-SP) ने राज्यों के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा से जुड़ी शर्तों के साथ संशोधित प्रस्ताव का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। शनिवार की बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, माकपा, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सहित कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।

प्रस्तावित विधेयकों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने और उन पर चर्चा किए जाने की संभावना है। यह मानसून सत्र का ही विस्तार होगा क्योंकि सरकार ने अभी तक मानसून सत्र को समाप्त घोषित नहीं किया है। वैसे, संसद के इतिहास में पहली बार दिसंबर में मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा।