वर्ष 2026-27 के गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन देश के प्रमुख चीनी उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश में अभी तक गन्ने के राज्य परामर्शी मूल्य (SAP) की घोषणा नहीं हुई है। इससे प्रदेश के गन्ना किसानों में निराशा बढ़ रही है। दूसरी ओर, देश में चीनी की औसत खुदरा कीमत पिछले एक साल में करीब 35 फीसदी बढ़कर 62-65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
खुदरा बाजार में चीनी के दाम बढ़ने के साथ किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद जगी थी। लेकिन पेराई सत्र शुरू होने के बावजूद उत्तर प्रदेश सरकार ने गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य (SAP) घोषित नहीं किया है। खास बात यह है कि अगले कुछ ही महीनों में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं।
किसान संगठनों की ओर से गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग लगातार उठाई जा रही है, लेकिन वे सरकार पर अपेक्षित दबाव बनाने में नाकाम रहे हैं। महाराष्ट्र और कर्नाटक की तरह उत्तर प्रदेश में गन्ने के भाव को लेकर कोई बड़ा आंदोलन भी खड़ा नहीं हो पाया है।
मुजफ्फरनगर जिले के तेजलहेड़ा गांव के किसान प्रवीण कुमार ने रूरल वॉयस को बताया कि पहले अक्टूबर में हुई बारिश से गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचा और फिर गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं होने से कोल्हू और क्रशर पर गन्ने का भाव गिरकर 350 रुपये प्रति क्विंटल तक आ गया। चीनी मिलों में पेराई शुरू हो चुकी है, लेकिन किसानों को अभी तक गन्ने के सरकारी भाव का पता नहीं है। जबकि इस साल गन्ने का मूल्य 400 रुपये से बढ़कर कम से कम 450 रुपये प्रति क्विंटल होने की उम्मीद की जा रही थी।
शामली जिले के झिंझाना में आधुनिक गुड़ इकाई का संचालन करने वाली हंस हैरिटेज जैगरी फर्म के मालिक केपी सिंह बताते हैं कि फिलहाल गन्ने से गुड़ बनाने में दिक्कत आ रही है। अक्टूबर में हुई बारिश के चलते गन्ने में शुगर कंटेंट बढ़ने के बजाय पौधों की बढ़वार अधिक हुई। जल्द पेराई शुरू होने की वजह से रिकवरी भी काफी कम है। गन्ने से अच्छी गुणवत्ता का गुड़ बनने में अभी कम से कम 15 दिन लगेंगे। सिंह के मुताबिक, गुड़ बनाने वाली इकाइयां फिलहाल 350-380 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर गन्ना खरीद रही हैं। कुछ दिनों में रिकवरी बढ़ने के साथ गन्ने का भाव भी बढ़ सकता है।
चीनी की ऊंची कीमतों के चलते इस साल गन्ने की खरीद को लेकर चीनी मिलों और गुड़ व खांडसारी इकाइयों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद थी। पिछले साल चीनी की एक्स-फैक्ट्री कीमतें लगभग 4,200 रुपये प्रति क्विंटल थीं, जो फिलहाल बढ़कर 5,300-5,600 रुपये प्रति क्विंटल के करीब पहुंच गई हैं। इस तरह चीनी की एक्स-फैक्ट्री कीमतों में 1,000 रुपये प्रति क्विंटल से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
मुजफ्फरनगर जिले के खरड़ फुगाना में गुड़ व खांडसारी इकाई फ्रेयर फूड्स लिमिटेड से जुड़े यशपाल मलिक ने रूरल वॉयस को बताया कि इस साल थोक बाजार में गुड़ के दाम चीनी से कम हैं। साथ ही, अभी गन्ने से गुड़ की रिकवरी भी कम मिल रही है। इसके चलते ये इकाइयां किसानों को अधिक भाव नहीं दे पा रही हैं। गुड़ का थोक भाव 4,500-5,000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है, जबकि बाजार में चीनी का थोक भाव 5,900-6,100 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास है। पिछले साल गुड़ का थोक भाव चीनी से अधिक था और चीनी से गुड़ बनाया जा रहा था।
फिलहाल कम रिकवरी, चीनी की ऊंची कीमतों और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गन्ना मूल्य की घोषणा नहीं होने के बावजूद गुड़ व खांडसारी इकाइयां किसानों को गन्ने का बेहतर भाव नहीं दे पा रही हैं।
चुनावी साल में भी नहीं बन पाया दबाव
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए गन्ना मूल्य में अच्छी बढ़ोतरी की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन तमाम किसान संगठन इस मुद्दे पर सरकार पर दबाव बनाने में नाकाम नजर आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर छोटे-मोटे धरने-प्रदर्शनों को छोड़ दें तो इस साल गन्ना मूल्य को लेकर कोई बड़ा आंदोलन नहीं हुआ है।
किसान यूनियनों में बिखराव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रभाव रखने वाले राष्ट्रीय लोकदल (RLD) का भाजपा के साथ गठबंधन इसकी प्रमुख वजहों में शामिल हैं। ऐसे में गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी का मुद्दा ज्ञापन और मांगों तक ही सीमित रह गया है।
पिछले साल 30 रुपये बढ़ा था गन्ने का भाव
उत्तर प्रदेश सरकार ने 2025-26 के पेराई सत्र में गन्ने के राज्य परामर्शी मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद अगैती प्रजाति के गन्ने का भाव 400 रुपये और सामान्य प्रजाति का भाव 390 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। अनुपयुक्त प्रजाति के गन्ने का मूल्य 355 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया था।
भारतीय किसान यूनियन ने 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का भाव 550 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने की मांग की है। वहीं, कुछ किसान संगठनों की मांग 600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है।
20-30 रुपये की बढ़ोतरी के आसार
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उत्तर प्रदेश में गन्ने के मूल्य में 20-30 रुपये प्रति क्विंटल तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। सरकार के सामने किसानों की मांगों और चीनी मिलों के हितों के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है। लेकिन पेराई सत्र शुरू होने के बाद भी मूल्य घोषित नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ रही है।
गन्ने के रकबे में आई कमी
गन्ना मूल्य को लेकर किसानों की नाराजगी की एक बड़ी वजह खेती की बढ़ती लागत भी है। उत्तर प्रदेश में 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का रकबा पिछले साल के 28.61 लाख हेक्टेयर से घटकर 28.14 लाख हेक्टेयर रह गया है। यानी इसमें करीब 47 हजार हेक्टेयर की कमी आई है। किसानों के मुताबिक, इसकी प्रमुख वजह खेती की बढ़ती लागत, मजदूरी और सिंचाई का खर्च तथा चीनी मिलों से भुगतान में देरी है।
केंद्र को एफआरपी 365 रुपये प्रति क्विंटल
केंद्र सरकार ने 2026-27 के चीनी सत्र के लिए गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) 365 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यह 10.25 फीसदी की बेसिक रिकवरी दर के आधार पर तय किया गया है। इससे अधिक रिकवरी होने पर प्रत्येक 0.1 फीसदी की वृद्धि के लिए 3.56 रुपये प्रति क्विंटल का प्रीमियम निर्धारित किया गया है।
हालांकि, उत्तर प्रदेश में किसानों को राज्य सरकार की ओर से निर्धारित SAP मिलता है, जो सामान्यतः केंद्र सरकार के FRP से अधिक होता है। इसलिए केंद्र की ओर से FRP घोषित होने के बावजूद उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों को राज्य सरकार के फैसले का इंतजार है।