हरियाणा सरकार प्रदेश में कृषि के साथ-साथ बागवानी को भी बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को झज्जर के रईया में 13.27 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक बागवानी अनुसंधान केंद्र तथा मुनीमपुर बादली में 8.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुष्प संवर्धन एवं बीज उत्पादन प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये दोनों परियोजनाएँ किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत अनुसंधान और गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी तथा प्रदेश में बागवानी क्षेत्र को नई गति प्रदान करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झज्जर के रईया में लगभग 100 एकड़ भूमि पर स्थापित यह अत्याधुनिक बागवानी अनुसंधान केंद्र हरियाणा के कृषि एवं बागवानी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि कृषि अनुसंधान और आधुनिक प्रौद्योगिकी का यह संगम आने वाले वर्षों में हरियाणा को बागवानी क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के साथ ही प्रदेश की बागवानी अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनीमपुर में स्थापित पुष्प संवर्धन एवं बीज उत्पादन प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र नवाचार, अत्याधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से किसानों को बेहतर उत्पादन तथा विपणन के अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बागवानी अनुसंधान के मजबूत नेटवर्क के निर्माण की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में जींद के बधाना, अंबाला के चाणसौली, सोनीपत के मुरथल तथा करनाल के अंजनथली में बागवानी अनुसंधान केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि चरखी दादरी के खरकड़ी में नए अनुसंधान केंद्र का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
फ्लोरीकल्चर में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसान सम्मानित
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फ्लोरीकल्चर (पुष्प उत्पादन) क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करते हुए कहा कि राज्य के किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर खेती में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुष्प उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र में विविधीकरण को भी मजबूती प्रदान कर रहा है।
गांव मुनीमपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित किसानों को ‘पुष्प रत्न’ और ‘पुष्प सम्मान’ पुरस्कार प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के किसानों ने मेहनत, नवाचार और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर पुष्प उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
पुरस्कृत किसान:
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद जिले के गांव फतेहपुर बिलोच निवासी ललित सैनी, पंचकूला जिले के गांव भारली निवासी छोटेलाल और गांव नंदपुर निवासी राहुल सिंह, रोहतक जिले के गांव मडोदी जाटयान निवासी राजकुमार, रेवाड़ी जिले के गांव ढाणी राधा निवासी सुरेंद्र कुमार, गांव खालेटा निवासी संदीप कुमार, गांव खोल निवासी सत्यनारायण तथा गांव ढवाना निवासी ज्ञानी राम को ‘पुष्प रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया।
इसके अलावा गुरुग्राम जिले के गांव हमीरपुर निवासी केशव चौहान, पलवल जिले के गांव पाथली कलां निवासी रणवीर सिंह तथा नारनौल जिले के गांव डिगरोटा निवासी राजेश देवी को भी ‘पुष्प रत्न’ पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं झज्जर जिले के गांव सौंधी निवासी खजान सिंह को फ्लोरीकल्चर क्षेत्र में विशेष उपलब्धियों के लिए ‘पुष्प सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि इजरायल के राजदूत रूवेन अजार एवं उनकी पत्नी रेचल अजार, हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, डॉ. सारा ओलगा, प्रथम सचिव, इजरायल दूतावास, बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।