हरियाणा में झींगा पालकों को सोलर सिस्टम पर मिलेगी 60% सब्सिडी, क्षमता 30 किलोवाट तक बढ़ाई

हरियाणा सरकार ने सफेद झींगा पालकों के लिए सोलर सिस्टम पर सब्सिडी की सीमा 10 किलोवाट से बढ़ाकर 30 किलोवाट कर दी है। 'गहन मत्स्य विकास कार्यक्रम' के तहत 15 लाख रुपये तक की परियोजना लागत पर 60 प्रतिशत की सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, सिरसा और भिवानी में एकीकृत एक्वा पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।

हरियाणा सरकार ने झींगा पालन को बढ़ावा देने और किसानों की उत्पादन लागत कम करने के लिए सोलर सिस्टम पर मिलने वाली सब्सिडी की सीमा बढ़ाकर 30 किलोवाट कर दी है। पहले यह सीमा 10 किलोवाट थी। राज्य सरकार की इस योजना के तहत सफेद झींगा पालकों को सोलर सिस्टम लगाने की लागत पर 60 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी।

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि झींगा पालन में बिजली और जनरेटर पर होने वाले भारी खर्च को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे झींगा पालकों के बिजली बिल में कमी आएगी और उत्पादन लागत घटने से उनकी शुद्ध आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

राज्य सरकार की विज्ञप्ति के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य की 'गहन मत्स्य विकास कार्यक्रम' योजना के तहत सफेद झींगा पालन के लिए सोलर सिस्टम की परियोजना लागत 50,000 रुपये प्रति किलोवाट निर्धारित की गई है। इस आधार पर 30 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम की कुल परियोजना लागत 15 लाख रुपये होगी। इस पर मत्स्य पालकों को 60 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। 

सिरसा और भिवानी में बनेंगे एक्वा पार्क

मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि राज्य में आधुनिक तकनीक से मछली और झींगा पालन को प्रोत्साहित करने के लिए दो एकीकृत एक्वा पार्क (उत्कृष्टता केंद्र) विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से एक भिवानी और दूसरा सिरसा जिले में स्थापित किया जा रहा है।

भिवानी में उत्कृष्टता केंद्र का सिविल निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसके जून 2028 तक तैयार होने की संभावना है। वहीं, सिरसा जिले के पोहरका गांव में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत एकीकृत एक्वा पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इन केंद्रों के माध्यम से किसानों और मत्स्य पालकों को आधुनिक मछली एवं झींगा पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण, उन्नत गुणवत्ता के बीज और वैज्ञानिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। 

खारे पानी वाले क्षेत्रों में झींगा पालन पर जोर

श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार मत्स्य पालकों और किसानों के व्यापक हित में लगातार ठोस कदम उठा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसान केवल गेहूं-धान की खेती पर ही निर्भर न रहें, बल्कि मत्स्य पालन और झींगा पालन जैसे उच्च-आय और रोजगारपरक क्षेत्रों में भी अपनी भागीदारी बढ़ाएं। विशेष रूप से राज्य के उन इलाकों में जहां भूमि या पानी में खारापन (लवणता) अधिक है, वहां सफेद झींगा का पालन किसानों की किस्मत बदलने वाला साबित हो रहा है।