पंजाब सरकार ने गन्ने का दाम 15 रुपये बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल किया, 2026-27 के पेराई सत्र के लिए नई दर लागू

पंजाब सरकार ने 2026-27 के पेराई सत्र के लिए गन्ने का दाम 15 रुपये बढ़ाकर 431 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है। यह प्रमुख गन्ना उत्पादक राज्यों में सबसे अधिक है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 25 नवंबर से चीनी मिलों में पेराई शुरू होने की भी घोषणा की।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को 2026-27 के पेराई सत्र के लिए राज्य में गन्ने का दाम 15 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 431 रुपये करने की घोषणा की। नई दर पिछले पेराई सत्र के 416 रुपये प्रति क्विंटल के मुकाबले 15 रुपये अधिक है। इस बढ़ोतरी के बाद पंजाब में गन्ने का दाम हरियाणा और उत्तर प्रदेश से अधिक हो गया है। हरियाणा में किसानों को 430 रुपये और उत्तर प्रदेश में 400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जा रहा है।

एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि इस फैसले से राज्य के हजारों गन्ना किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कृषि उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना और किसानों के आर्थिक हितों की रक्षा करना उनकी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि पंजाब की सभी चीनी मिलें 25 नवंबर 2026 से पेराई शुरू कर देंगी। इससे किसानों को अपना गन्ना समय पर और सुविधाजनक तरीके से मिलों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में मान ने गन्ने की नई दर को देश में सबसे अधिक बताते हुए किसानों की आय और आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि गन्ना उत्पादक राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।