तमिलनाडु में सीएम विजय ने दूध खरीद मूल्य फिर 3 रुपये बढ़ाया, अब मिलेगा 44 रुपये प्रति लीटर का रेट  

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सहकारी डेयरी Aavin के दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर 44 रुपये प्रति लीटर कर दिया है। दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी बढ़ोतरी है, जिससे दूध खरीद मूल्य में कुल 6 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को राज्य में पशुपालकों के लिए एक बड़ी घोषणा करते हुए दूध खरीद मूल्य में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इससे राज्य की सहकारी डेयरी Aavin के तहत किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का मूल्य 41 रुपये से बढ़कर 44 रुपये प्रति लीटर हो गया है। पिछले दो सप्ताह के भीतर दूध खरीद कीमतों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। कुल मिलाकर दूध खरीद मूल्य में 6 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।

मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में कहा कि यह फैसला दूध उत्पादकों को बढ़ती उत्पादन लागत से राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने विशेष रूप से चारे, मिनरल मिक्सचर और अन्य पशु आहार की बढ़ती कीमतों का उल्लेख किया। इस फैसले से राज्य की 8,800 दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े करीब 3.16 लाख दूध उत्पादकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

तमिलनाडु सरकार ने इससे पहले 19 अगस्त को दूध का खरीद मूल्य 38 रुपये से 3 रुपये बढ़ाकर 41 रुपये प्रति लीटर किया था। अब इसमें एक बार फिर 3 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

सालाना 720 करोड़ रुपये का खर्च

दूध खरीद मूल्य बढ़ाए जाने से राज्य की सहकारी डेयरी Aavin पर पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय बोझ की भरपाई राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस फैसले से राज्य सरकार पर लगभग 60 करोड़ रुपये प्रति माह का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। सालाना आधार पर यह राशि करीब 720 करोड़ रुपये होगी।

बढ़ती लागत के बीच पशुपालकों को राहत

दूध खरीद मूल्य में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब तमिलनाडु के डेयरी किसान बढ़ती पशुपालन लागत को लेकर चिंता जता रहे हैं। किसानों का कहना है कि चारे, पशु आहार और पशुओं के रखरखाव की लागत में लगातार वृद्धि होने से मौजूदा खरीद मूल्य पर डेयरी व्यवसाय चलाना मुश्किल हो रहा है।

राज्य के कुछ हिस्सों में दूध उत्पादकों ने खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर विरोध-प्रदर्शन भी किए थे। ऐसे में सरकार का ताजा फैसला किसानों की आय और डेयरी क्षेत्र की सहकारी व्यवस्था को समर्थन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

TVK ने निभाया चुनावी वादा

दूध खरीद मूल्य में ताजा बढ़ोतरी को सत्तारूढ़ TVK के चुनावी वादे से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र में Aavin द्वारा किसानों से खरीदे जाने वाले दूध का मूल्य 44 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का वादा किया था। ताजा घोषणा के साथ मुख्यमंत्री विजय ने अब दूध खरीद मूल्य को लेकर किया अपना वादा पूरा कर दिया है।