एग्रोकेमिकल कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड ने गुजरात के झगड़िया (भरूच) में एक नया अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की घोषणा की है। यह कदम कंपनी की विनिर्माण क्षमताओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
इसके तहत कंपनी ने कर्ल-ऑन लिमिटेड से 1,25,714 वर्ग मीटर से अधिक भूमि और संपत्तियों का अधिग्रहण किया है। यह निवेश एक पूरी तरह स्वचालित, विश्वस्तरीय और एकीकृत विनिर्माण इकाई की स्थापना के लिए किया जा रहा है। यहां कृषि रसायनों के फॉर्मुलेशन और तकनीकी उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।
इस ग्रीनफील्ड परियोजना में तीन वर्षों में कुल 100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। संयंत्र की प्रारंभिक उत्पादन क्षमता 50,000 टन प्रति वर्ष होगी। भविष्य में मांग के अनुसार इसे बढ़ाकर 1,20,000 टन प्रति वर्ष तक किया जा सकेगा।
यह संयंत्र शाकनाशी, कवकनाशी और कीटनाशी सहित विभिन्न कृषि रसायन उत्पादों का निर्माण करेगा। ये उत्पाद भारतीय बाजार के साथ-साथ एशिया और अफ्रीका के निर्यात बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करेंगे। यहां क्रिस्टल के प्रमुख उत्पाद जैसे टॉपर, टिल्ट, प्रो-क्लेम, मिसाइल, एसीएम-9, अमोरा और सिकोसा आदि का उत्पादन किया जाएगा।
इस अवसर पर क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन के कार्यकारी चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अंकुर अग्रवाल ने कहा, “क्रिस्टल में हमारा उद्देश्य हमेशा किसानों और ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले, भरोसेमंद और नवोन्मेषी उत्पाद उपलब्ध कराना रहा है। गुजरात के झगड़िया में बनने वाला यह विश्वस्तरीय संयंत्र हमारी इसी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। यह कंपनी के लिए एक नया और उत्साहजनक अध्याय है, जो हमें वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी और भविष्य के लिए तैयार बनाएगा।”
कंपनी ने संयंत्र के लिए गुजरात को इसलिए चुना, क्योंकि यहां लागत-प्रभावी संचालन, स्पष्ट नियामक ढांचा, मजबूत आपूर्ति श्रृंखला और भविष्य में विस्तार की बेहतर संभावनाएं उपलब्ध हैं। इससे कंपनी को संचालन और अनुपालन के साथ-साथ दीर्घकालिक मूल्य सृजन में भी लाभ मिलेगा।
कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक एवं उपाध्यक्ष (तकनीकी विनिर्माण) कवेश्वर कलांबे ने कहा, “हमें क्षेत्र के आर्थिक विकास में योगदान देने पर गर्व है। झगड़िया में बनने वाला यह संयंत्र प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के कई अवसर पैदा करेगा। यह संयंत्र इंडस्ट्री 4.0 तकनीक पर आधारित होगा और भविष्य में इंडस्ट्री 5.0 के अनुरूप विस्तार के लिए भी सक्षम रहेगा।”
गुजरात पहले से ही रसायन निर्माण और निर्यात का एक प्रमुख केंद्र है। यहां उत्कृष्ट बुनियादी ढांचा, सुविधाएं और बंदरगाह कनेक्टिविटी उपलब्ध है। झगड़िया में स्थित यह संयंत्र दहेज, हजीरा और जेएनपीटी जैसे प्रमुख बंदरगाहों के निकट होने के कारण क्रिस्टल की निर्यात क्षमताओं को और मजबूत करेगा।