जून में भारत का चाय उत्पादन 9 फीसदी गिरा, खराब मौसम और कीट हमलों का असर
चाय उत्पादन में यह गिरावट खराब मौसम और कीटों के प्रकोप के कारण आई है, जिससे उद्योग को नुकसान उठाना पड़ा है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले महीनों में चाय की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।

भारत में जून 2025 के दौरान चाय उत्पादन में करीब 9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। जून में देश का चाय उत्पादन घटकर 13.35 करोड़ किलोग्राम रह गया, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह आंकड़ा 14.67 करोड़ किलोग्राम था। यह जानकारी टी बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों में सामने आई है।
चाय उत्पादन में इस गिरावट के पीछे खराब मौसम और कीटों के प्रकोप को वजह बताया जा रहा है, जिससे उद्योग को नुकसान उठाना पड़ा है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो आने वाले महीनों में चाय की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
हालांकि जून में गिरावट के बावजूद, वर्ष 2025 की पहली छमाही (जनवरी से जून) के दौरान देश का कुल चाय उत्पादन बढ़कर 46.97 करोड़ किलोग्राम हो गया है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 41.41 करोड़ किलोग्राम था। यदि मौसम की परिस्थितियां सामान्य रहीं, तो आगामी महीनों में चाय उत्पादन में सुधार की संभावना बनी हुई है।
बड़े और संगठित बागान संचालकों द्वारा जून में 5.52 करोड़ किलोग्राम चाय का उत्पादन किया गया, जो पिछले वर्ष इसी महीने 6.84 करोड़ किलोग्राम था। वहीं, छोटे उत्पादकों का उत्पादन घटकर 6.83 करोड़ किलोग्राम रह गया, जो जून 2024 में 7.83 करोड़ किलोग्राम था।
गत जून में असम का चाय उत्पादन 10 प्रतिशत घटकर 6.85 करोड़ किलोग्राम रह गया, जो पिछले वर्ष जून में 7.59 करोड़ किलोग्राम था। असम घाटी में यह गिरावट और भी अधिक, लगभग 11 प्रतिशत रही। वहीं, कछार क्षेत्र में इस दौरान चाय उत्पादन 12 प्रतिशत बढ़कर 43.2 लाख किलोग्राम हो गया, जो जून 2024 में 38.6 लाख किलोग्राम था।
पश्चिम बंगाल में चाय उत्पादन हल्की गिरावट के साथ 4.06 करोड़ किलोग्राम रहा, जो पिछले वर्ष जून में 4.14 करोड़ किलोग्राम था। हालांकि, दार्जिलिंग में चाय उत्पादन में मामूली वृद्धि दर्ज की गई, जहां जून में उत्पादन 5.3 लाख किलोग्राम रहा, जबकि पिछले साल यह 5.1 लाख किलोग्राम था।
दक्षिण भारत में भी चाय उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट मुख्य रूप से अधिक वर्षा और कम धूप वाले दिनों के कारण हुई। तमिलनाडु में चाय उत्पादन 11 प्रतिशत घटकर 1.60 करोड़ किलोग्राम रह गया, जो 2024 में 1.80 करोड़ किलोग्राम था। केरल के चाय उत्पादन में 31 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और कर्नाटक में भी चाय उत्पादन घटकर 0.37 मिलियन किलोग्राम रह गया, जो जून 2024 में 0.53 मिलियन किलोग्राम था।
जून में सबसे अधिक उत्पादन सीटीसी चाय का हुआ, जो 11.78 करोड़ किलोग्राम रहा। इसके बाद ऑर्थोडॉक्स चाय का उत्पादन 1.38 करोड़ किलोग्राम और ग्रीन टी का उत्पादन 18.4 लाख किलोग्राम रहा है।