भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने देश में जीनोम एडिटिंग तकनीक पर शोध कार्य को तेज कर दिया है। केंद्र सरकार ने संसद में जानकारी दी कि अब 24 खेती की फसलों और 17 बागवानी फसलों में जीनोम एडिटिंग पर वैज्ञानिक शोध शुरू हो चुका है। इस तकनीक से अधिक उत्पादक, पोषक और जलवायु-सहिष्णु किस्में विकसित होने की उम्मीद है, जो किसानों की आमदनी बढ़ाने और खाद्य सुरक्षा मजबूत करने में सहायक हो सकती हैं। हालांकि, जीनाम एडिटिंग तकनीक और सरकार के दावों पर कई सवाल भी उठ रहे हैं।
लोकसभा में पूछे गए सवालों के जवाब में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि आईसीएआर 41 फसलों पर जीनोम एडिटिंग का कार्य कर रहा है। इसके अलावा जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) भी 10 फसलों में इस तकनीक पर शोध में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि जीनोम एडिटिंग तकनीक रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, उत्पादन लागत कम करने और गुणवत्तापूर्ण बीज विकसित करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
धान और सरसों में प्रगति
सरकार ने बताया कि आईसीएआर ने धान की दो जीनोम-एडिटेड किस्में विकसित की हैं। वहीं नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पादप जीनोम अनुसंधान संस्थान ने कम ग्लूकोसिनोलेट वाली सरसों की जीनोम-एडिटेड लाइन तैयार की है, जो वर्तमान में आईसीएआर की अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (AICRP) के तहत परीक्षण चरण में है।
तकनीक को खेत तक पहुंचाने की तैयारी
मंत्री के अनुसार जीनोम-एडिटेड किस्मों के व्यावसायीकरण के लिए स्पष्ट प्रक्रिया तैयार की गई है। किसी भी किस्म की रिलीज के बाद उसे पौध किस्म एवं किसान अधिकार संरक्षण प्राधिकरण (PPV&FRA) में पंजीकृत कर निजी कंपनियों, स्टार्टअप्स और नवोन्मेषकों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
रेडिएशन तकनीक से विकसित किस्में
सरकार ने जानकारी दी कि पिछले पांच वर्षों में रेडिएशन तकनीक से विकसित 23 उन्नत फसल किस्में किसानों को उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें धान, सरसों, उड़द, ज्वार, मूंगफली, मूंग, तिल और केले की किस्में शामिल हैं। अब तक कुल 72 किस्में रेडिएशन आधारित म्यूटेशन तकनीक से विकसित कर विभिन्न फसलों में उपयोग की जा रही हैं।
सरकार का मानना है कि जीनोम एडिटिंग, रेडिएशन म्यूटेशन और जलवायु-सहिष्णु तकनीकों का संयुक्त प्रभाव भारतीय कृषि को अधिक टिकाऊ, उत्पादक और भविष्य-उन्मुख बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।