एग्री-कॉमर्स कंपनी ग्रामिक ने उत्तर प्रदेश में नेटवर्क का विस्तार किया, 7 लाख से अधिक किसानों तक हुई पहुंच

ग्रामिक ने उत्तर प्रदेश में 30 डार्क स्टोर और 100 से अधिक लास्ट-माइल डिलीवरी भागीदारों के साथ अपना ग्रामीण क्विक-कॉमर्स नेटवर्क मजबूत किया है। कंपनी 7 लाख से अधिक किसानों तक पहुंच चुकी है। यह कृषि इनपुट, पशु आहार तथा डिजिटल सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर काम कर रही है।

एग्री-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ग्रामिक (Gramik) ने उत्तर प्रदेश में अपने ग्रामीण क्विक-कॉमर्स नेटवर्क का बड़ा विस्तार किया है। कंपनी ने राज्य में 30 डार्क स्टोर स्थापित किए हैं और 100 से अधिक लास्ट-माइल डिलीवरी (एलएमडी) भागीदारों का नेटवर्क विकसित किया है। इनके माध्यम से उसकी पहुंच 7 लाख से अधिक किसानों तक हो गई है।

ग्रामिक ने यह विस्तार ऐसे समय किया है जब कंपनियां ग्रामीण भारत को बिजनेस और डिजिटल सेवाओं के बड़े बाजार के रूप में देख रही हैं। क्विक-कॉमर्स मॉडल ने शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ता उत्पादों की तेज डिलीवरी के जरिए लोकप्रियता हासिल की है, वहीं ग्रामिक ने इस मॉडल को किसानों की जरूरतों के अनुरूप ढालते हुए कृषि इनपुट और पशुपालन संबंधी उत्पादों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया है।

कंपनी के अनुसार, उसका डार्क-स्टोर आधारित फुलफिलमेंट मॉडल किसानों को बीज, फसल सुरक्षा उत्पाद, उर्वरक, पशु आहार और अन्य आवश्यक कृषि उत्पादों तक तेजी के साथ पहुंच प्रदान करता है। यह प्लेटफॉर्म स्थानीय स्तर पर इन्वेंट्री प्रबंधन और तकनीक संचालित आपूर्ति श्रृंखला को जोड़कर उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करता है।

पिछले कुछ वर्षों में ग्रामिक ने किसानों, गांव-स्तरीय उद्यमियों, खुदरा विक्रेताओं और स्थानीय वितरण नेटवर्क के माध्यम से उत्तर प्रदेश में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाई है। कंपनी का मानना है कि शहरी क्षेत्रों में डिजिटल कॉमर्स के तेजी से विस्तार के बावजूद ग्रामीण आपूर्ति श्रृंखलाएं अब भी बिखरी हुई हैं, जिसके कारण किसानों को आवश्यक कृषि उत्पाद समय पर और विश्वसनीय तरीके से नहीं मिल पाते।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ग्रामिक के संस्थापक राज यादव ने कहा, “भारतीय किसानों को आज भी उत्पादों की उपलब्धता, गुणवत्ता की सुनिश्चितता और कृषि इनपुट की समय पर आपूर्ति जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामिक में हमारा मिशन ऐसा डिजिटल और भौतिक इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करना है, जो किसानों को सही समय पर सही उत्पादों तक विश्वसनीय पहुंच प्रदान कर सके। 30 डार्क स्टोर और 100 से अधिक डिलीवरी भागीदारों के नेटवर्क के माध्यम से 7 लाख से अधिक किसानों तक पहुंच बनाना हमारे ग्रामीण क्विक-कॉमर्स मॉडल की मजबूती और विस्तार क्षमता का प्रमाण है।”

ग्रामिक का उत्पाद पोर्टफोलियो मुख्य रूप से कृषि इनपुट, पशु आहार और पशु पोषण उत्पादों पर केंद्रित है। आगे की रणनीति के तहत ग्रामिक उत्तर प्रदेश में अपने डार्क स्टोर नेटवर्क का और विस्तार करेगी, डिलीवरी नेटवर्क को मजबूत बनाएगी, किसानों के साथ जुड़ाव बढ़ाएगी तथा ग्रामीण एग्री-कॉमर्स के डिजिटाइजेशन को तेज करेगी।

कंपनी का मानना है कि मजबूत और कुशल आपूर्ति श्रृंखला तथा तकनीक का उपयोग किसानों की लंबे समय से चली आ रही चुनौतियों को दूर करने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और उद्यमिता के लिए नए अवसर भी पैदा कर सकता है।