आईआईटी रोपड़ के ANNAM.AI और सिंजेंटा के बीच साझेदारी, कृषि में एआई के उपयोग को मिलेगा बढ़ावा

आईआईटी रोपड़ के ANNAM.AI और सिंजेंटा कंपनी ने कृषि में एआई के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए एक समझौता किया है। इसके तहत फसल स्वास्थ्य, कीट पूर्वानुमान, हीट-स्ट्रेस विश्लेषण और एआई की मदद से निर्णय-सहायक समाधान विकसित किए जाएंगे, जिससे किसानों को जलवायु-स्मार्ट और डेटा-आधारित खेती में मदद मिलेगी।

भारतीय कृषि में यंत्रबुद्धि आधारित उपायों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आईआईटी, रोपड़ के ANNAM.AI और ग्लोबल एग्रीबिजनेस कंपनी सिंजेंटा (Syngenta) ने रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इसका उद्देश्य यंत्र बुद्धिमत्ता (AI) आधारित फसल स्वास्थ्य निगरानी, कीट पूर्वानुमान, हीट-स्ट्रेस विश्लेषण तथा किसानों के लिए उन्नत निर्णय-सहायक समाधान विकसित करना है।

साझेदारी की घोषणा फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स 2026’ मंच पर की गई। इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने किया था।

आईआईटी रोपड़ में शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्थापित कृषि-केंद्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) ANNAM.AI ने इस अवसर पर सिंजेंटा के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए।

इस साझेदारी के तहत सिंजेंटा की कृषि विशेषज्ञता और ANNAM.AI की एआई क्षमताओं को एक साथ लाकर ऐसे मॉडल विकसित किए जाएंगे, जो फसलों की स्थिति, कीट प्रकोप और गर्मी के प्रभाव का सटीक पूर्वानुमान लगाने में सक्षम होंगे। इसके अलावा किसानों को समय पर डेटा-आधारित सलाह उपलब्ध कराने,  उत्पादकता बढ़ाने और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने के लिए भी समाधान भी विकसित किए जाएंगे।

आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा ने कहा कि भारत सरकार के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संस्थान ऐसा एआई आधारित इंटेलिजेंस इकोसिस्टम विकसित कर रहा है, जो शोध और खेतों के बीच की दूरी को कम करेगा। ANNAM.AI और सिंजेंटा के बीच यह सहयोग उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच साझेदारी की महत्ता को दर्शाता है, जो नई कृषि तकनीकों के प्रसार में मददगार साबित होगी।

ANNAM.AI के परियोजना निदेशक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि यह साझेदारी विज्ञान, प्रौद्योगिकी और कृषि विशेषज्ञता को एक मंच पर लाकर किसानों के लिए अधिक डेटा-आधारित और जलवायु-स्मार्ट खेती को बढ़ावा देगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य ऐसे सटीक मॉडल विकसित करना है, जो किसानों को समय पर उपयोगी जानकारी उपलब्ध करा सकें।

सिंजेंटा समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेफ रोवे ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य किसानों के लिए ऐसे नवाचार विकसित करना है, जिनसे कम पर्यावरणीय प्रभाव के साथ अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके। उन्होंने कहा कि ANNAM.AI भारतीय कृषि के लिए एक मजबूत डिजिटल आधार तैयार करने का अनूठा अवसर प्रदान करता है, जिसका लाभ देश के 60 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच सकता है।

‘भारत इनोवेट्स 2026’ में ANNAM.AI ने अपने कृषि एआई इकोसिस्टम का प्रदर्शन भी किया। इसमें हाइपरलोकल स्मार्ट वेदर स्टेशन, किसानों के लिए कृषि सलाह देने वाला चैटबॉट और फसल पहचान, फसल क्षति आकलन तथा कीट प्रबंधन जैसी सुविधाओं वाला डिजिटल निर्णय-सहायक प्लेटफॉर्म शामिल है।