कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (KRIBHCO) ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ‘मोर वन जैव विविधता पार्क’ के विकास में सहयोग के लिए मध्य प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड (MPSBB) के साथ एक समझौता किया है। इस समझौते का आदान-प्रदान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में किया गया।
KRIBHCO की ओर से इसके चेयरमैन वी. सुधाकर चौधरी और प्रबंध निदेशक एस.एस. यादव ने मध्य प्रदेश राज्य जैव विविधता बोर्ड के सदस्य सचिव सुदीप सिंह के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया।
समझौते के तहत कृभको ‘मोर वन जैव विविधता पार्क’ परियोजना के स्वीकृत कार्यों के लिए अधिकतम 10 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। प्रस्तावित सहायता से पौधरोपण, प्रकृति व्याख्या केंद्र (Nature Interpretation Centre) की स्थापना एवं विकास तथा संबंधित बुनियादी ढांचे सहित प्रमुख विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
‘मोर वन जैव विविधता पार्क’ की परिकल्पना एक महत्वपूर्ण शहरी हरित क्षेत्र के रूप में की गई है, जो जैव विविधता संरक्षण में योगदान के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा और लोगों का प्रकृति के साथ जुड़ाव मजबूत करेगा। इस परियोजना से नागरिकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और प्रकृति प्रेमियों को स्थानीय जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र के बारे में जानने का अवसर मिलने की उम्मीद है।
इस कदम से कृभको ने दीर्घकालिक पारिस्थितिक और सामाजिक लाभ वाली पहल के जरिए पर्यावरणीय स्थिरता और संरक्षण में योगदान देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। किसान-केंद्रित सहकारी संगठन के रूप में कृभको प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और ऐसी टिकाऊ प्रथाओं को बढ़ावा देने के महत्व को स्वीकार करता है, जो वर्तमान और भावी पीढ़ियों के लिए लाभकारी हों।