ईरान-अमेरिका तनाव से ब्रेंट क्रूड एक हफ्ते में 10% महंगा; ट्रंप ने कहा- होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का होगा नियंत्रण

ईरान-अमेरिका युद्ध फिर तेज होने और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से ब्रेंट क्रूड एक सप्ताह में करीब 10% बढ़कर 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। इस बीच, ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट का नियंत्रण संभाल सकता है और इसकी सुरक्षा के बदले अन्य देशों से भुगतान लेगा।

ईरान और अमेरिका के बीच नए सिरे से जंग छिड़ने और होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) में जहाजों का आवागमन बाधित होने से कच्चे तेल के दाम फिर बढ़ने लगे हैं। हफ्ते भर में ब्रेंट क्रूड करीब 10 प्रतिशत महंगा होकर 79 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। 

ब्रेंट क्रूड 15 जून को 83 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर था। लेकिन उसके बाद ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम समझौते हुआ और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों का आवागमन होने लगा, तो तेल के दाम 71 डॉलर तक गिर गए। युद्ध नए सिरे से भड़कने के बाद अब एक बार फिर तेल के दाम बढ़ने लगे हैं।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव के बाद रविवार को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों की संख्या पांच सप्ताह के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। अमेरिकी हमलों के जवाब में ईरान ने कुवैत, बहरीन, कतर, ओमान और जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। उसने होर्मुज को दोबारा बंद करने की भी घोषणा की। उसके बाद रविवार को केवल छह टैंकर होर्मुज से गुजरे। सोमवार सुबह तो किसी भी जहाज ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश नहीं की। 

रविवार को जिन जहाजों ने जलडमरूमध्य पार किया, उनमें ईरानी तेल लेकर जा रहा एक सुपरटैंकर, कुवैत से पेट्रोलियम उत्पाद ले जा रहा एक टैंकर तथा तीन खाली टैंकर शामिल थे, जो फारस की खाड़ी के निर्यात बंदरगाहों से तेल लोड करने के लिए वहां जा रहे थे।

क्षेत्र में बढ़ते तनाव और पिछले सप्ताह ईरान द्वारा वाणिज्यिक जहाजों पर किए गए हमलों के बाद तेल और एलएनजी टैंकरों ने स्ट्रेट से गुजरते समय अपने ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS) ट्रांसपोंडर एक बार फिर बंद करने शुरू कर दिए हैं, ताकि उनकी गतिविधियों पर नजर न रखी जा सके। अमेरिका-ईरान के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने के बाद और पिछले सप्ताह तक बड़ी संख्या में तेल एवं एलएनजी टैंकर अपने AIS सिस्टम चालू रखकर इस मार्ग से गुजर रहे थे।

ईरान पर समझौता तोड़ने का आरोप लगाते हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका संभवतः होर्मुज का नियंत्रण अपने हाथ में लेगा और इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा के बदले उसे भुगतान किया जाना चाहिए। फॉक्स न्यूज़ को दिए फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, "हम इस जलडमरूमध्य को अपने नियंत्रण में रखेंगे और संभवतः इसका संचालन भी करेंगे। हम इसके संरक्षक बनेंगे। शायद हम खुद को 'गार्डियन एंजेल ऑफ द स्ट्रेट' कहें। और इसके लिए हमें भुगतान किया जाना चाहिए।" ट्रंप ने कहा, हम इसकी सुरक्षा करेंगे और इसकी सुरक्षा के लिए हमें बहुत पैसा मिलेगा।

उन्होंने कहा, "हमें इसका भुगतान किया जाएगा, क्योंकि अन्य देश बहुत समृद्ध हैं। वे हमारे पक्ष में हैं और यह उम्मीद नहीं की जा सकती कि हम यह काम मुफ्त में करें।"