11 साल में पहली बार घटेगा वैश्विक चावल उत्पादन: आईजीसी
वैश्विक चावल उत्पादन 2026-27 में 11 वर्षों में पहली बार घटने का अनुमान है, जबकि खपत बढ़ेगी। वर्ष 2027 में चावल व्यापार रिकॉर्ड 6.1 करोड़ टन पहुंच सकता है। सोयाबीन उत्पादन भी रिकॉर्ड बनाएगा, जबकि अनाज कीमतों में गिरावट का अनुमान है।
वैश्विक चावल उत्पादन में विपणन वर्ष 2026-27 के दौरान 11 वर्षों में पहली बार गिरावट आने का अनुमान है। हालांकि, इस अवधि में खपत बढ़ने की संभावना है, जिससे वैश्विक भंडार पर दबाव पड़ सकता है। इसके बावजूद वर्ष 2027 में अंतरराष्ट्रीय चावल व्यापार बढ़कर रिकॉर्ड 6.1 करोड़ टन तक पहुंच सकता है। अंतरराष्ट्रीय अनाज परिषद (आईजीसी) की ताजा ग्रेन मार्केट रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, चावल उत्पादन में संभावित गिरावट की प्रमुख वजह बड़े निर्यातक देशों के कुल उत्पादन में कमी आना है। आईजीसी ने अक्टूबर की रिपोर्ट की तुलना में 2026-27 के लिए वैश्विक चावल उत्पादन का अनुमान 10 लाख टन घटाया है। इसने भारत के उत्पादन अनुमान में भी कटौती की है।
उप-सहारा अफ्रीका और एशिया में बढ़ती आबादी के कारण खाद्य मांग में वृद्धि होने की संभावना है। इससे वैश्विक चावल भंडार में कमी आ सकती है, हालांकि इसके हाल के औसत स्तर से ऊपर बने रहने का अनुमान है।
आईजीसी के मुताबिक, वर्ष 2027 में अंतरराष्ट्रीय चावल व्यापार 4 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 6.1 करोड़ टन तक पहुंच सकता है। इस वृद्धि का प्रमुख आधार अफ्रीकी देशों की आयात मांग में संभावित बढ़ोतरी होगी। वैश्विक खपत के अनुमान में कुछ कमी के बावजूद शुरुआती भंडार अधिक होने से विपणन वर्ष के अंत में चावल का भंडार पहले के अनुमान से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है।
वैश्विक अनाज उत्पादन के अनुमान में बढ़ोतरी
आईजीसी ने 2026-27 के लिए गेहूं और मोटे अनाज (मक्का सहित) का वैश्विक उत्पादन अनुमान अक्टूबर की तुलना में 10 लाख टन बढ़ाकर 242.8 करोड़ टन कर दिया है। गेहूं और जौ के उत्पादन अनुमान में बढ़ोतरी से मक्का के अनुमान में आई कमी की भरपाई हो गई है। तुर्किये, ऑस्ट्रेलिया और अर्जेंटीना के उत्पादन अनुमानों में प्रमुख बढ़ोतरी की गई है, जबकि अमेरिका के लिए अनुमान घटाया गया है।
हालांकि, वैश्विक अनाज उत्पादन पिछले विपणन वर्ष के रिकॉर्ड उत्पादन से 3 प्रतिशत कम रह सकता है। वैश्विक अनाज खपत का अनुमान भी 20 लाख टन घटाकर 244.4 करोड़ टन कर दिया गया है। इसकी प्रमुख वजह पशु आहार के रूप में मक्का की खपत में संभावित कमी है।
विपणन वर्ष के अंत में वैश्विक अनाज भंडार 62.6 करोड़ टन रहने का अनुमान है, जो पिछले महीने के अनुमान से 70 लाख टन अधिक है। यह लगातार तीसरा महीना है जब भंडार का अनुमान बढ़ाया गया है। रूस और यूक्रेन में असामान्य रूप से अधिक भंडार इसका प्रमुख कारण है। हालांकि, गेहूं और जौ के निर्यात में कमी के कारण वैश्विक अनाज व्यापार 4 प्रतिशत घटकर 44.9 करोड़ टन रह सकता है।
सोयाबीन उत्पादन बनाएगा नया रिकॉर्ड
आईजीसी के अनुसार, 2026-27 में वैश्विक सोयाबीन उत्पादन 2 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 43.9 करोड़ टन पहुंचने का अनुमान है। इसकी प्रमुख वजह अमेरिका में सोयाबीन की बड़ी फसल है।
सोया उत्पादों की खाद्य, पशु आहार और औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ती मांग के चलते वैश्विक खपत भी 2 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 44.5 करोड़ टन तक पहुंच सकती है। अधिक खपत के कारण वैश्विक सोयाबीन भंडार में और गिरावट आने की आशंका है। प्रमुख निर्यातक देशों के भंडार में भी कमी हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय सोयाबीन व्यापार 2 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 19.1 करोड़ टन रहने का अनुमान है। इसमें एशियाई देशों की बढ़ती आयात मांग की प्रमुख भूमिका होगी।
गेहूं और मक्का की कीमतों में गिरावट, चावल मजबूत
कीमतों के मोर्चे पर आईजीसी का ग्रेन्स एंड ऑयलसीड्स इंडेक्स (जीओआई) 4 प्रतिशत गिरकर तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया। गेहूं और मक्का की कीमतों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई, जबकि चावल की कीमतों में मजबूती ने कुछ राहत दी।
मक्का मूल्य सूचकांक में भी पिछले पांच सप्ताह के दौरान 7 प्रतिशत की गिरावट आई। अमेरिका में उपलब्धता बढ़ने, निर्यात बाजार में प्रतिस्पर्धा तेज होने और दक्षिण अमेरिका में अगली फसल की बेहतर संभावनाओं ने कीमतों पर दबाव डाला।
इसके विपरीत, चावल मूल्य सूचकांक में 8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह लगभग दो वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। सीमित आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय मांग में मजबूती के संकेतों ने चावल की कीमतों को सहारा दिया। वहीं, सोयाबीन मूल्य सूचकांक में 4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Join the RuralVoice whatsapp group



















