पंजाब में परगट सिंह और यूपी में आराधना मिश्रा को कांग्रेस ने सौंपी कमान
कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब और उत्तर प्रदेश में प्रदेश संगठन में अहम बदलाव किया है।
कांग्रेस ने 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पंजाब और उत्तर प्रदेश के संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने शुक्रवार को परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष और आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) का अध्यक्ष नियुक्त किया। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल की ओर से 2 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्तियों में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई।
पंजाब में राजा वड़िंग की छुट्टी
पंजाब में जालंधर कैंट से विधायक और पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने अमरिंदर सिंह 'राजा वड़िंग' की जगह ली है। पंजाब में राजा वडिंग के खिलाफ खुलकर विद्रोह हो रहा था। आखिरकार उन्हें हटाना पड़ा। इस बदलाव में पंजाब के नए प्रभारी सचिन पायलट की अहम भूमिका रही है।
कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पंजाब में विभिन्न चुनाव संबंधी समितियों के कार्यकारी अध्यक्ष, चेयरपर्सन और सह-चेयरपर्सन पहले की तरह अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
परगट सिंह जालंधर कैंट विधानसभा सीट का 2012 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन हैं। राजनीति की शुरुआत उन्होंने शिरोमणि अकाली दल से की थी और पंजाब की पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं।
उत्तर प्रदेश में अजय राय को हटाया
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अजय राय की जगह ली है। इसके जरिए कांग्रेस ने महिला और ब्राह्मण मतदाताओं को साधने की कोशिश की है। आराधना मिश्रा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और प्रतापगढ़ जिले की रामपुर खास सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं। उन्हें प्रियंका गांधी का करीबी माना जाता है।
पार्टी ने सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। हालांकि, इमरान मसूद अपनी बयानबाजी को लेकर काफी विवादों में रहते हैं। आजकल वे सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी कड़े प्रहार कर रहे हैं।
कांग्रेस ने यूपी में संगठन को मजबूती देने के लिए देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
इस तरह पार्टी ने सामाजिक और राजनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश की है। कहा जा रहा है यूपी में नए प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम प्रदेश अध्यक्ष के पद से अजय राय को हटाना चाहते थे जिसमें वह सफल हुए।
2027 से पहले संगठन में बदलाव
पंजाब और उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में दोनों राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों का बदलाव कांग्रेस का काफी महत्वपूर्ण कदम है। पंजाब में परगट सिंह को प्रदेश संगठन की कमान ऐसे समय मिली है, जब अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने करीब साढ़े चार साल के कार्यकाल के बाद पद छोड़ा है।
उत्तर प्रदेश में आराधना मिश्रा के साथ इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से प्रदेश संगठन में नया नेतृत्व सामने आया है। साथ ही वरिष्ठ उपाध्यक्षों और कांग्रेस विधायक दल के नेता के तौर पर नए चेहरों को सामने लाकर बड़ा फेरबदल किया गया है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















