मदर डेयरी और अमूल का दूध दो से छह रुपये तक महंगा
दूध की उपलब्धता में कमी और फैट की कीमतों में 20-25 फीसदी की बढ़ोतरी के चलते मदर डेयरी और अमूल ने 12 नवंबर से दूध के दाम 2-6 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। फ्लश सीजन में कीमतों में यह असामान्य बढ़ोतरी दूध उत्पादन और सरकारी आंकड़ों पर भी सवाल खड़े करती है।
दूध की उपलब्धता में कमी और फैट की कीमतों में तेजी के चलते देश की सबसे बड़ी दूध कंपनियों में शुमार मदर डेयरी और सहकारी संस्था गुजरात मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (अमूल) का दूध 12 नवंबर सेदो रुपये से छह रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो जाएगा। सूत्रों के मुताबिक टोंड दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की जा रही है। वहीं फुल क्रीम दूध (6 फीसदी फैट) की कीमत में चार रुपये प्रति लीटर और भैंस के फुल क्रीम दूध (6.5 फीसदी फैट) की कीमत में छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी जा जा रही है। उद्योग सूत्रों के मुताबिक यह कीमतें 12 नवंबर यानी आज आधी रात के बाद से लागू हो जाएंगी। हालांकि आधिकारिक रूप से मदर डेयरी और अमूल द्वारा कीमतों में बढ़ोतरी का बयान अभी तक जारी नहीं किया है। उद्योग सूत्रों का कहना है कि शाम तक इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी हो जाएगी।
कीमत में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली-एनसीआर में बल्क वेंडिंग मशीनों से मिलने वाले टोंड दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी। वहीं, फुल क्रीम पैकेट दूध अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। पैकेट वाले टोंड दूध की कीमत भी 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं 6.5 फीसदी फैट वाला भैंस के दूध का दाम 80 रुपये से बढ़कर 86 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।
मदर डेयरी के डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गई है। गाय के दूध के दाम में 3 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यह 62 रुपये के बजाय 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
कीमतों में यह बढ़ोतरी फ्लश सीजन में हो रही है जब इन दिनों दूध की आपूर्ति बढ़ती है और अक्सर किसानों के लिए दूध की कीमत में कमी हो जाती है। लेकिन यह ट्रेंड टूट गया है क्योंकि सरकारी आंकड़ों में दूध उत्पादन की बढ़ोतरी जमीनी हकीकत से मेल नहीं खा रही है। यही वजह है कि मिल्क कलेक्शन की घटती दर को रोकने और किसानों को अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के लिए डेयरी कंपनियों ने किसानों से दूध की खरीद कीमत बढ़ा दी है। अमूल ने किसानों के लिए दूध की कीमत तय करने वाले प्रति किलो फैट की दर 1000 रुपये प्रति किलो कर दी है। जिसके चलते दूध किसानों को 60 रुपये प्रति लीटर से अधिक की कीमत मिल रही है।
दूध की कमी के चलके पिछले कुछ माह में लगातार फैट की कीमतें बढ़ी हैं और यह 20 से 25 फीसदी महंगा हो गया है। यही वजह है कि प्रमुख ब्रांड के पैक्ड घी के एक लीटर पैकेट का दाम 730 से 740 रुपये पर पहुंच गया है।
डेयरी उद्योग का कहना है कि पशु चारे की कीमत बढ़ने से किसानों की लागत बढ़ रही है और इसके लिए उनके लिए दाम में बढ़ोतरी जरूरी है। इसी के चलते दूध की कीमतों में इजाफा हुआ है।
असल में सरकार के दावे के उलट प्रति दुधारू पशु उत्पादकता में गिरावट आ रही है और उसका सीधा असर दूध की उपलब्धता पर पड़ रहा है। वहीं दूध की कम उपलब्धता का असर फैट पर भी पड़ रहा है। डेयरी कंपनियां दूध की आपूर्ति घटने की स्थिति में मिल्क पाउडर और फैट के मिक्स के जरिये तरल दूध तैयार कर उसकी आपूर्ति बढ़ाती हैं, लेकिन फैट महंगा होने के चलते यह विकल्प भी महंगा हो गया है। ऐसे में डेयरी कंपनियों के सामने दूध के दाम बढ़ाने के अलावा दूसरा विकल्प नहीं है। लेकिन संभवतः पहली बार एक साथ दूध की कीमत में चार से छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है।
इसके पहले कर्नाटक की सहकारी डेयरी संस्था नंदिनी ने दूध की कीमत में आठ रुपये प्रति लीटर की बढोतरी की थी लेकिन उसके बावजूद कर्नाटक में टोंड दूध की कीमत 54 रुपये प्रति लीटर है। वहां की सरकार किसानों को सब्सिडी देती है।
दूध की उपलब्धता की मौजूदा स्थिति ने सरकार के दूध उत्पादन के आंकड़ों को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। सरकार ने पशु गणना पूरी होने के बाद उसके आंकड़े भी जारी नहीं किये हैं। सूत्रों के मुताबिक देश में दुधारू पशुओं की संख्या में कमी आने की आशंका है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















