ग्रामीण रोजगार में कृषि का हिस्सा बढ़कर 56.7% हुआ, गांवों में बेरोजगारी घटी पर शहरों में बढ़ी: PLFS
PLFS के अनुसार जुलाई-सितंबर 2026 में ग्रामीण रोजगार में कृषि की हिस्सेदारी 52.9% से बढ़कर 56.7% हो गई। ग्रामीण बेरोजगारी दर घटकर 4.3% रही और श्रम बल भागीदारी बढ़ी। शहरी क्षेत्रों में नियमित वेतनभोगी रोजगार में मामूली वृद्धि हुई, जबकि देश की कुल बेरोजगारी दर घटकर 5.1% पर आ गई।
देश के ग्रामीण क्षेत्रों में जुलाई-सितंबर 2026 की तिमाही में रोजगार की स्थिति में सुधार दर्ज किया गया है। इस दौरान कृषि ग्रामीण रोजगार का सबसे बड़ा आधार बनकर उभरी है। ग्रामीण रोजगार में कृषि क्षेत्र की हिस्सेदारी बढ़कर 56.7% हो गई, जो पिछली तिमाही अप्रैल-जून में 52.9% थी। यानी इसमें 3.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) के ताजा आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।
कृषि रोजगार में वृद्धि के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर में भी गिरावट आई है और श्रम बल की भागीदारी बढ़ी है। 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के ग्रामीण लोगों में बेरोजगारी दर जुलाई-सितंबर तिमाही में घटकर 4.3% रह गई, जो अप्रैल-जून में 4.8% थी। हालांकि, पिछले साल की समान तिमाही के 4.4% के मुकाबले इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) पिछली तिमाही के 56.9% से बढ़कर 58.1% हो गई। वहीं, कामगार जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) 1.4 प्रतिशत अंक बढ़कर 55.6% पर पहुंच गया। ये आंकड़े ग्रामीण आबादी के अधिक अनुपात में आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और रोजगार प्राप्त करने का संकेत देते हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार करने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी बढ़कर 62.7% हो गई, जो पिछली तिमाही में 61.4% थी। इसके विपरीत, आकस्मिक मजदूरी (कैजुअल लेबर) पर निर्भर कामगारों की हिस्सेदारी 22.5% से घटकर 21.7% रह गई। नियमित वेतनभोगी रोजगार का ग्रामीण रोजगार में हिस्सा 15.6% रहा।
क्षेत्रवार रोजगार के आंकड़ों से पता चलता है कि कृषि की हिस्सेदारी बढ़ने के साथ अन्य क्षेत्रों का हिस्सा घटा है। खनन और उत्खनन सहित सेकंडरी क्षेत्र में ग्रामीण कामगारों की हिस्सेदारी पिछली तिमाही के 24.4% से घटकर 21.9% रह गई। वहीं, टर्शियरी क्षेत्र की हिस्सेदारी भी 22.7% से घटकर 21.4% पर आ गई।
शहरी रोजगार की स्थिति
शहरी क्षेत्रों में रोजगार की स्थिति अपेक्षाकृत स्थिर रही, हालांकि नियमित वेतनभोगी रोजगार में मामूली सुधार हुआ। नियमित वेतनभोगी और वेतन पाने वाले कामगारों की हिस्सेदारी पिछली तिमाही के 49.3% से बढ़कर 49.6% हो गई। वहीं, आकस्मिक मजदूरी करने वालों की हिस्सेदारी 11.1% से घटकर 10.7% रह गई। हालांकि, शहरी बेरोजगारी दर मामूली बढ़कर 6.8% हो गई, जो पिछली तिमाही में 6.7% थी।
शहरी श्रम बल भागीदारी दर 50.2% से बढ़कर 50.4% हो गई, जबकि कामगार जनसंख्या अनुपात लगभग स्थिर रहते हुए 46.9% रहा। शहरी रोजगार में सेवा क्षेत्र का दबदबा कायम है और इसमें करीब 62% कामगार लगे हुए हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर कुल श्रम बल भागीदारी दर पिछली तिमाही के 54.6% से बढ़कर 55.5% हो गई। वहीं, कामगार जनसंख्या अनुपात 51.7% से बढ़कर 52.7% पर पहुंच गया। देश में कुल बेरोजगारी दर भी 5.4% से घटकर 5.1% रह गई।
सर्वेक्षण के अनुसार, जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान देश में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के औसतन 57.9 करोड़ लोग रोजगार में थे। इनमें 40.5 करोड़ पुरुष और 17.4 करोड़ महिलाएं शामिल थीं। ये अनुमान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के कुल 5,55,593 लोगों से जुटाई गई जानकारी पर आधारित हैं।

Join the RuralVoice whatsapp group



















