पीएम-किसान की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को होगी जारी, दिवाली से पहले किसानों के खाते में आएंगे 2,000 रुपये
पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर 2026 को जारी होगी। इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। किस्त पाने के लिए ई-केवाईसी, आधार लिंकिंग और भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन पूरा होना जरूरी है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना के लाभार्थी किसानों के लिए बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने योजना की 24वीं किस्त जारी करने की तारीख घोषित कर दी है। योजना के आधिकारिक एक्स हैंडल (@pmkisanofficial) पर दी गई जानकारी के अनुसार, “पीएम-किसान की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी, जिससे हमारे अन्नदाताओं को आर्थिक सहायता मिलेगी।” इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।
रबी की बुआई और त्योहारी खर्च के इस दौर में यह राशि किसान परिवारों के लिए राहत मानी जा रही है। इस सहायता का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहयोग देना और खेती से जुड़ी उनकी जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है।
सालाना मिलते हैं 6,000 रुपये
पीएम-किसान केंद्र सरकार की योजना है। इसके तहत पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
इससे पहले योजना की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर से 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की थी। योजना के तहत हर चार महीने के अंतराल पर एक किस्त जारी की जाती है।
किस्त पाने के लिए ई-केवाईसी जरूरी
24वीं किस्त का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी ई-केवाईसी पूरी करनी होगी। इसके अलावा, बैंक खाते, आधार और भूमि रिकॉर्ड से जुड़ी जानकारी सही होनी चाहिए। किसानों को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका बैंक खाता आधार से जुड़ा हो और उसमें डीबीटी के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने की सुविधा सक्रिय हो।
जिन किसानों की ई-केवाईसी या भूमि सत्यापन की प्रक्रिया अधूरी है, उनके भुगतान में देरी हो सकती है। इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे किस्त जारी होने से पहले अपनी पात्रता और भुगतान संबंधी जानकारी की जांच कर लें।
-
ई-केवाईसी: यह अनिवार्य है। इसे पीएम-किसान पोर्टल पर ओटीपी के माध्यम से, मोबाइल ऐप पर फेस ऑथेंटिकेशन से या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर पूरा कराया जा सकता है।
-
आधार और बैंक खाता: बैंक खाता आधार से जुड़ा होना चाहिए और डीबीटी के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने के लिए सक्रिय होना चाहिए।
-
भूमि रिकॉर्ड: पोर्टल पर भूमि अभिलेखों का सत्यापन पूरा होना चाहिए।
-
नाम में समानता: आधार और पीएम-किसान पंजीकरण में नाम का मिलान होना चाहिए। नाम में अंतर होने पर भुगतान अटक सकता है।
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
किसान पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट https://pmkisan.gov.in पर जाकर अपना लाभार्थी स्टेटस चेक कर सकते हैं।
इसके लिए वेबसाइट पर ‘Know Your Status’ विकल्प चुनें और मांगी गई जानकारी भरें। यहां पंजीकरण, ई-केवाईसी और भुगतान की स्थिति से संबंधित विवरण देखे जा सकते हैं। किसान ‘Beneficiary List’ के माध्यम से सूची में अपना नाम भी जांच सकते हैं। पीएम-किसान मोबाइल ऐप और किसान ई-मित्र चैटबॉट के माध्यम से भी योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
2019 में शुरू हुई थी योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत फरवरी 2019 में हुई थी। इसका उद्देश्य पात्र किसान परिवारों को खेती से जुड़ी जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
यह योजना दुनिया की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) योजनाओं में गिनी जाती है। अब तक इसके तहत 4.46 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों तक पहुंच चुकी है। केंद्र सरकार ने इस योजना को वित्त वर्ष 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 3.15 लाख करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















