कब करें सिंचाई, कब करें इंतजार? खेती में एआई से मिलेगी सटीक सलाह
जलवायु परिवर्तन के कारण भारतीय किसानों के लिए सिंचाई का सही समय तय करना लगातार कठिन होता जा रहा है। मौसम पूर्वानुमान, मिट्टी की नमी के आंकड़ों, उपग्रह चित्रों और AI को जोड़कर खेत के अनुसार सलाह दी जा सकती है। हालांकि, इस तकनीक की स्वीकार्यता किसानों के भरोसे, स्थानीय विशेषज्ञता और वास्तविक परिणामों पर निर्भर करती है।
लातूर में इस खरीफ मौसम में सोयाबीन की खेती करने वाले एक किसान की स्थिति की कल्पना कीजिए। मानसून देर से आता है और पहली अच्छी बारिश के बाद किसान बुवाई कर देता है। लेकिन इसके बाद बारिश रुक जाती है। दो सप्ताह बीत जाते हैं और छोटे-छोटे पौधे सूखती हुई मिट्टी में खड़े रहते हैं। कुएं में पानी तो है, लेकिन बहुत कम। अभी सिंचाई कर दी तो सितंबर में फसल को पानी की जरूरत पड़ने पर शायद कुछ न बचे। वहीं, पानी रोककर रखा तो पौधे नहीं बच पाएंगे। मौसम का पूर्वानुमान कहता है कि सप्ताह के अंत में बारिश हो सकती है। लेकिन केवल बारिश की संभावना के भरोसे कोई फैसला लेना आसान नहीं है।
अगस्त आते-आते समस्या का स्वरूप बदल जाता है। फसल में फूल आने के समय भारी बारिश शुरू हो जाती है। खेत का निचला हिस्सा कई दिनों तक पानी में डूबा रहता है और फिर बीमारियां फैलने लगती हैं।
मराठवाड़ा के किसान इस तरह के मौसम को अच्छी तरह पहचानते हैं। समय पर बुवाई करने वाले कपास किसानों के लिए बारिश का लंबा अंतराल इस बढ़त को खत्म कर देता है। इसके बाद गर्म और उमस भरे सप्ताह आते हैं, जिनमें कीटों का प्रकोप बढ़ जाता है। सीमित पानी वाले गन्ना किसानों को पूरी गर्मी यह तय करने में लगानी पड़ती है कि फसल की कौन सी सिंचाई छोड़ी जा सकती है।
यह चुनौती नई नहीं है। नया यह है कि मौसम पहले से तय अपने पुराने तौर-तरीकों को अब कहीं अधिक बार तोड़ रहा है। आंकड़े भी इसकी पुष्टि करते हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने अपनी राष्ट्रीय जलवायु अनुकूल कृषि नवाचार परियोजना (National Innovations in Climate Resilient Agriculture project) के तहत देश के 651 मुख्य रूप से कृषि आधारित जिलों में से 573 का आकलन किया। इसमें 310 जिलों को जलवायु परिवर्तन के लिहाज से अत्यधिक या बहुत अधिक संवेदनशील पाया गया। आईसीएआर के मॉडल के अनुसार, यदि खेती के तौर-तरीकों को जलवायु परिवर्तन के अनुरूप नहीं बदला गया तो वर्ष 2050 तक वर्षा आधारित धान की पैदावार में 20 प्रतिशत और गेहूं की पैदावार में 19.3 प्रतिशत तक गिरावट आ सकती है।
ऐसे में लातूर का किसान सिंचाई का फैसला कैसे करे? समस्या जानकारी की कमी नहीं है। उसे भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) का पूर्वानुमान मिलता है, कृषि विभाग की सलाह मिलती है, मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध है और स्थानीय कृषि अधिकारी भी मार्गदर्शन करते हैं। परेशानी यह है कि इनमें से हर जानकारी एक अलग सवाल का जवाब देती है, लेकिन किसान के सामने मौजूद वास्तविक सवाल का जवाब इनमें से कोई अकेले नहीं देता।
इस सवाल का जवाब पाने के लिए इन सभी जानकारियों को एक साथ समझना होगा। आईएमडी का ब्लॉक स्तर का मौसम पूर्वानुमान बताता है कि अगले पांच दिनों में कितनी बारिश हो सकती है। कम कीमत वाला नमी सेंसर यह बता सकता है कि जमीन में कितनी नमी बची है। मिट्टी की प्रकृति भी तस्वीर बदल देती है। गहरी काली मिट्टी, जिसके बारे में मृदा स्वास्थ्य कार्ड और किसान दोनों जानकारी दे सकते हैं, हल्की और कम गहराई वाली मिट्टी की तुलना में कई दिनों तक नमी बनाए रखती है। उपग्रह से प्राप्त चित्र यह भी दिखा सकते हैं कि संबंधित खेत की फसल आसपास के खेतों की तुलना में अधिक हरी है या उस पर पानी की कमी का दबाव है।
यदि मिट्टी में अभी एक सप्ताह तक नमी रहने की संभावना है, पौधे सामान्य दिख रहे हैं और अगले तीन दिनों में बारिश होने की उम्मीद है, तो सिंचाई रोककर इंतजार करना समझदारी होगी। लेकिन यदि मिट्टी लगभग सूख चुकी है, फसल मुरझा रही है और बारिश का पूर्वानुमान भरोसेमंद नहीं है, तो हल्की सिंचाई करना बेहतर होगा। इससे अचानक भारी बारिश होने की स्थिति में पानी की बर्बादी भी कम होगी। किसान इस तरह के फैसले पहले से लेते रहे हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) केवल इस गणना को तेजी से करने में मदद करती है। चाहे एक खेत हो या दस हजार, यह तकनीक पिछले मौसमों के आंकड़ों से भी सीखती है कि किन संकेतों का फैसले पर सबसे अधिक असर पड़ा।
फाइंडेबिलिटी साइंसेज में हमने इसी उद्देश्य से स्टोमा सेंस और स्टोमा इनसाइट विकसित किए और जलना सुपर 50 कार्यक्रम के माध्यम से किसानों के साथ इनका परीक्षण किया। मुझे लगा था कि सबसे कठिन चुनौती तकनीक होगी, लेकिन ऐसा नहीं था। सबसे बड़ी चुनौती किसानों का भरोसा जीतना था। सूखे के दौरान किसी किसान को पानी रोकने की सलाह देना उससे यह अपेक्षा करने जैसा है कि वह एक ऐप की बात पर अपनी पूरी फसल का भविष्य दांव पर लगा दे। स्वाभाविक है कि अधिकांश किसान ऐसा करने से हिचकेंगे।
किसानों की सोच में बदलाव किसी बेहतर एल्गोरिदम से नहीं आया। बदलाव तब आया जब उन्हें अपनी भाषा में ऐसे व्यक्ति से सलाह मिली, जिस पर वे पहले से भरोसा करते थे। यह व्यक्ति कृषि सहायक, स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र का वैज्ञानिक या उनका किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) हो सकता है। इसके साथ ही, जब किसानों ने देखा कि सलाह पहले पड़ोसी के खेत में सही साबित हुई और फिर उनके अपने खेत में भी उसके अच्छे परिणाम मिले, तो उनका भरोसा बढ़ा।
इसी तरह का अनुभव उन गन्ना किसानों के साथ भी सामने आया, जिन्हें एआई आधारित कृषि सलाह मिली। बरसात के मौसम में एक किसान को सलाह दी गई कि खेत में पर्याप्त नमी होने के कारण सिंचाई न की जाए। आसपास के किसान सिंचाई करने का सुझाव दे रहे थे, लेकिन उसने सलाह पर भरोसा किया और सिंचाई रोक दी। इसके बावजूद उसकी फसल अच्छी बनी रही। अन्य किसानों ने भी खेत की जरूरत के अनुसार मिली सलाह से पानी और उर्वरकों का बेहतर प्रबंधन करने के लाभ बताए। इनमें से एक किसान ने पानी की खपत में लगभग 50 प्रतिशत बचत की जानकारी दी। ऐसे अनुभव बताते हैं कि जब किसान अपनी आंखों से व्यावहारिक परिणाम देखते हैं, तो तकनीक पर उनका भरोसा बढ़ता है। यह भरोसा पहले पड़ोसी के खेत और फिर अपने खेत में मिले नतीजों से मजबूत होता है।
हालांकि, इस तकनीक की कुछ सीमाएं भी हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। किसी पूरे ब्लॉक के लिए सही साबित होने वाला मौसम पूर्वानुमान एक खास खेत के लिए गलत हो सकता है। एक ही गांव के दो खेतों की मिट्टी, पानी की उपलब्धता और बीज अलग-अलग हो सकते हैं। आज भी अनेक किसानों के पास इंटरनेट की सीमित सुविधा है या अच्छी सलाह मिलने के बावजूद उस पर अमल करने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। कोई भी ऐप एक मजबूत कृषि विस्तार व्यवस्था की जगह नहीं ले सकता। इसी तरह, जल संरक्षण, जलग्रहण क्षेत्र का विकास, बूंद-बूंद सिंचाई, मिट्टी का संरक्षण और बेहतर बीजों के इस्तेमाल जैसे जरूरी कार्यों का भी कोई विकल्प नहीं है। हालांकि, बेहतर आंकड़े यह बताने में मदद कर सकते हैं कि इन प्रयासों की सबसे अधिक जरूरत कहां है और उनसे कितना लाभ मिल रहा है।
तो हमें कैसे पता चलेगा कि ये प्रयास सफल हो रहे हैं? इसका आकलन पंजीकृत किसानों की संख्या या जुटाए गए आंकड़ों की मात्रा से नहीं होना चाहिए। सफलता तब मानी जाएगी जब कोई किसान कम पानी का इस्तेमाल करके भी उतनी ही अच्छी फसल हासिल कर सके, जब संभावित नुकसान को टाला जा सके और जब खराब मौसम वाला साल भी किसान के लिए संभालने योग्य साबित हो। असली कसौटी यही है।
(लेखिका फाइंडेबिलिटी साइंसेज में कॉग्निटिव सॉल्यूशंस डिलीवरी की एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट हैं)

Join the RuralVoice whatsapp group



















