महाराष्ट्र की मंडियों में एक सप्ताह में टमाटर के दाम 23 प्रतिशत गिरे, किसानों को भारी नुकसान

महाराष्ट्र के नासिक जिले की पिंपलगांव बसवंत मंडी में एक सप्ताह में टमाटर का औसत भाव 23 प्रतिशत गिर गया। मंडियों में टमाटर की आवक में कमी के बावजूद दामों में यह गिरावट आई है।

महाराष्ट्र की मंडियों में एक सप्ताह में टमाटर के दाम 23 प्रतिशत गिरे, किसानों को भारी नुकसान

महाराष्ट्र के नासिक जिले में टमाटर किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। जिले की प्रमुख मंडियों में शामिल पिंपलगांव बसवंत कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) में पिछले एक सप्ताह के दौरान टमाटर के दाम में तेज गिरावट आई है। यह गिरावट तब हुई है, जब मंडी में टमाटर की आवक लगभग आधी रह गई है।

एपीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 13 नवंबर को टमाटर का अधिकतम भाव 351 रुपये प्रति क्रेट और औसत भाव 261 रुपये था। लेकिन 19 नवंबर तक अधिकतम भाव घटकर 281 रुपये और औसत भाव 201 रुपये प्रति क्रेट रह गया। इस तरह हफ्ते भर में अधिकतम भाव में 20 प्रतिशत और औसत भाव में 23 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

चिंता की बात यह है कि इस दौरान मंडी में टमाटर की आवक भी काफी घट गई। पिंपलगांव बसवंत मंडी में 17 नवंबर को टमाटर की आवक 2,55,995 क्रेट थी, जो 19 नवंबर को घटकर केवल 1,31,575 क्रेट रह गई। इस तरह आवक में करीब 49 प्रतिशत की कमी आई। इसके बावजूद कीमतों में गिरावट से किसानों को बाजार में कमजोर मांग और कम आमदनी की चिंता सता रही है।

दाम में गिरावट का सबसे अधिक असर त्र्यंबकेश्वर तहसील के छोटे किसानों पर पड़ा है। यहां अनेक किसान परंपरागत रूप से धान, नागली (रागी) और वरई (सांवा) की खेती करते हैं। इस साल उन्होंने अतिरिक्त आमदनी की उम्मीद में टमाटर की खेती का रुख किया था। लेकिन बाजार में कम भाव मिलने से उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। उनके लिए तुड़ाई, मजदूरी और परिवहन का खर्च निकालना भी मुश्किल हो रहा है। कुछ किसानों के लिए अपनी उपज मंडी तक पहुंचाना भी घाटे का सौदा बन गया है।

येवला तहसील के टमाटर उत्पादक किसानों को सूखे के कारण अतिरिक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सीमित जल उपलब्धता के कारण फसल बचाने के लिए उन्होंने अधिक खर्च किया। लेकिन बाजार में कमजोर भाव ने उनकी आमदनी को प्रभावित किया है। येवला कृषि उपज मंडी समिति में टमाटर की आवक घटकर प्रतिदिन केवल 15-20 क्रेट रह गई है। इसके बावजूद किसानों को 150-200 रुपये प्रति क्रेट का ही भाव मिल रहा है।

भंडारण की सुविधा से वंचित छोटे किसानों के पास अपनी जल्दी खराब होने वाली उपज को मौजूदा भाव पर बेचने के अलावा बहुत कम विकल्प हैं। इस स्थिति ने किसानों के लिए खेती में लगाई गई पूंजी की भरपाई और अगली फसल के लिए जरूरी संसाधन जुटाने को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Subscribe Rural Voice Newsletter