कार्बन की नई फसलः किसानों के लिए खुला अतिरिक्त आय का नया रास्ता

भारत में छोटे किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के बदले कार्बन क्रेडिट का भुगतान मिलना शुरू हो गया है। यह कृषि क्षेत्र में नई पहल है, जो किसानों की अतिरिक्त आय बढ़ाने के साथ पुनर्योजी खेती, मृदा स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करेगी।

कार्बन की नई फसलः किसानों के लिए खुला अतिरिक्त आय का नया रास्ता

वर्ष 2019 में पंजाब और हरियाणा के कुछ हजार किसानों ने ऐसा प्रयोग करने का फैसला किया, जिसे उनके आसपास के किसान संदेह की नजर से देख रहे थे। पानी भरे खेतों में धान की रोपाई करने के बजाय उन्होंने सीधे धान की बुवाई की। धान की कटाई के बाद पराली जलाने के बजाय उसे खेत में ही छोड़ दिया और बिना जुताई या कम जुताई की तकनीक से गेहूं की बुवाई की। अधिकांश किसानों ने यह बदलाव खेती के व्यावहारिक कारणों से किया था - कम पानी और कम श्रम की जरूरत तथा हर साल अक्टूबर में धान की पराली से निपटने की चुनौती।

कुछ दिनों पहले इन किसानों को इन कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए कार्बन क्रेडिट का भुगतान मिलना शुरू हुआ। अधिकांश किसानों को 3,000 से 15,000 रुपये के बीच राशि मिली। ये भुगतान हमारे आदि प्रोजेक्ट (वीसीएस 2590) के तहत किए गए। ये भारत में छोटे किसानों को मिट्टी में जैविक कार्बन के आधार पर मिलने वाले पहले कार्बन क्रेडिट भुगतान का हिस्सा हैं।

विज्ञान के स्तर पर वास्तव में कभी समस्या नहीं थी। वैज्ञानिक दशकों से जानते हैं कि पानी से भरे धान के खेतों से मीथेन का उत्सर्जन होता है और कम जुताई तथा फसल अवशेषों को खेत में बनाए रखने से मिट्टी में जैविक कार्बन बढ़ता है, जिससे मिट्टी की सेहत बेहतर होती है। लेकिन समस्या यह रही कि पिछले कुछ वर्षों में गांवों में रहने वाले हर व्यक्ति ने ‘कार्बन क्रेडिट’ के बारे में सुना तो बहुत, लेकिन उसके बदले वास्तव में कुछ हासिल होते नहीं देखा। अब इन किसानों को उनके खेतों में किए गए काम के लिए वर्षों बाद रकम मिल रही है। यही वजह है कि हम इसे एक निर्णायक बदलाव के रूप में देखते हैं।

हमारे अनुभव में कार्बन से होने वाली आय किसान तक तभी पहुंचती है, जब तीन चीजें एक साथ मौजूद हों। पहली, किसान को अपनी जमीन के प्रबंधन का तरीका बदलना होता है। दूसरी, कार्बन कार्यक्रम में शामिल प्रत्येक खेत में हुए इस बदलाव को प्रमाणित करना जरूरी है। तीसरी, ऐसे खरीदार का होना जरूरी है जो कार्बन क्रेडिट पर भरोसा करे और उसके लिए भुगतान करने को तैयार हो।

कृषि पद्धति में बदलाव करना आसान नहीं है, लेकिन इसे किया जा सकता है। आदि (Aadi) परियोजना में किसानों ने वैज्ञानिक आधार वाली रीजेनरेटिव कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए हमारे ‘किसान सलाहकारों’ से मार्गदर्शन लिया। हमारी सबसे बड़ी कमी यह थी कि छोटे खेतों में कार्बन से होने वाले लाभ को ऐसे तरीके से प्रमाणित किया जाए जिसकी लागत भी व्यावहारिक हो। अब इसका समाधान हो गया है, तथा अगली चुनौती इस प्रक्रिया को पूरा करने में लगने वाले समय को कम करना है।

कार्बन क्रेडिट क्या है?

एक कार्बन क्रेडिट वातावरण में एक टन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर उत्सर्जन रोकने या वातावरण से कार्बन हटाकर उसे मिट्टी में संग्रहीत करने के बराबर है। इसे स्वतंत्र ऑडिटर प्रमाणित करता है। कृषि के नजरिए से तीन ग्रीनहाउस गैसें सबसे महत्वपूर्ण हैं - मीथेन, जो मुख्य रूप से धान की खेती से निकलती है; नाइट्रस ऑक्साइड, जिसका प्रमुख स्रोत सिंथेटिक उर्वरक हैं; और कार्बन डाइऑक्साइड, जो मिट्टी में होने वाली जैविक गतिविधियों, ऊर्जा के इस्तेमाल और मिट्टी में कार्बन के भंडारण से संबंधित है। इन सभी गैसों के उत्सर्जन को कार्बन डाइऑक्साइड के उस समतुल्य में बदला जाता है, जिससे समान स्तर का ताप प्रभाव पैदा होता है। इसे कार्बन डाइऑक्साइड इक्विवेलेंट (CO2e) कहा जाता है।

किसान अपने पास एक क्विंटल गेहूं रख सकता है, लेकिन एक टन कार्बन नहीं। ऐसे में हम लोगों से एक ऐसी चीज पर भरोसा करने के लिए कह रहे थे, जो दिखाई नहीं देती और जिसके बदले मिलने वाला पैसा भी कई साल बाद आना था। ऐसा भरोसा अपने आप नहीं बनता, उसे अर्जित करना पड़ता है। प्रत्येक कार्बन क्रेडिट का एक अलग सीरियल नंबर पब्लिक रजिस्ट्री में दर्ज होता है, जिसे कोई भी देख सकता है। इससे पता चलता है कि क्रेडिट किस परियोजना से किस वर्ष आया है। साथ ही, एक कार्बन क्रेडिट का इस्तेमाल केवल एक बार किया जा सकता है। जब कोई कंपनी उसे खरीदकर अपने उत्सर्जन में कमी के दावे के लिए इस्तेमाल करती है, तो उस क्रेडिट को ‘रिटायर’ कर दिया जाता है और उसे दोबारा बेचा नहीं जा सकता।

एक दूसरा और तेज रास्ता भी है। हमारे टिकाऊ सोर्सिंग कार्यक्रम क्लियरहार्वेस्ट (ClearHarvest) के तहत किसान की फसल खरीदने वाली कंपनियां अपनी सप्लाई चेन में कम उत्सर्जन के लिए अतिरिक्त प्रीमियम का भुगतान करती हैं। कार्बन क्रेडिट जारी होने के लिए वर्षों तक इंतजार करने के बजाय किसान को यह पैसा फसल बेचते समय ही मिल जाता है। उत्सर्जन में हुई इस कमी को केवल एक बार गिना जाता है - या तो कार्बन क्रेडिट के रूप में या कंपनी की सप्लाई चेन में उत्सर्जन घटाने के योगदान के रूप में।

किसी खेत पर कार्बन क्रेडिट दो अलग-अलग तरीकों से बन सकते हैं। पहला है उत्सर्जन से बचाव। उदाहरण के लिए, यदि किसान धान की सीधी बुवाई करता है या सिंचाई के बीच खेत को कुछ समय के लिए सूखने देता है, तो मीथेन का उत्सर्जन कम होता है। इसी तरह डीजल या यूरिया का कम इस्तेमाल भी उत्सर्जन घटाता है।

दूसरा तरीका वातावरण से कार्बन हटाकर उसे मिट्टी में संग्रहीत करना है। पौधे बढ़ते समय वातावरण से कार्बन ग्रहण करते हैं। जब उनकी जड़ें और फसल अवशेष खेत में बने रहते हैं तथा मिट्टी की बार-बार जुताई नहीं की जाती, तो उस कार्बन का अधिक हिस्सा मिट्टी में बना रहता है।

उत्सर्जन से बचने और वातावरण से कार्बन हटाने, दोनों में जोखिम अलग-अलग होते हैं। जो मीथेन वातावरण में जाने से रोक दी गई, वह स्थायी रूप से रोकी गई मानी जाती है। इसके विपरीत, यदि किसान भारी जुताई या पराली जलाने की पुरानी पद्धति पर लौटता है तो मिट्टी में संग्रहीत कार्बन दोबारा वातावरण में जा सकता है। इसी वजह से मिट्टी में कार्बन संग्रहीत करने वाली परियोजनाओं की अवधि लंबी होती है और इनमें भाग लेने वाले किसानों से लंबे समय तक इन कृषि पद्धतियों को जारी रखने की प्रतिबद्धता ली जाती है।

इतना समय क्यों लगा?

क्योटो प्रोटोकॉल के समय से ही किसानों को कार्बन के लिए भुगतान करने की बात होती रही है। वर्ष 2000 के दशक में भारत के पवन ऊर्जा संयंत्रों और फैक्ट्रियों को तो क्लीन डेवलपमेंट मैकेनिज्म (सीडीएम) के माध्यम से कार्बन से आय हुई, लेकिन इसका छोटे और सीमांत किसानों को कोई लाभ नहीं मिला। हाल के वर्षों में कई कार्बन कार्यक्रमों के तहत भविष्य में आय का भरोसा देकर किसानों को साथ जोड़ा गया, लेकिन उनमें से अनेक किसानों को आज भी भुगतान मिलने का इंतजार है।

इस प्रक्रिया में देरी के पीछे तीन प्रमुख कारण रहे। पहली वजह थी खेतों का छोटा आकार। किसी कारखाने की चिमनी से होने वाले उत्सर्जन को मापना अपेक्षाकृत आसान है। लेकिन हजारों छोटे खेतों में वास्तव में क्या बदलाव हुआ, इसे प्रमाणित करना कहीं अधिक जटिल है। हर खेत में खेती का तरीका अलग हो सकता है और हर मौसम में भी उनमें बदलाव आता है। इसलिए इसकी निगरानी और सत्यापन की प्रक्रिया धीमी और महंगी रही। एक एकड़ में एक साल के दौरान कार्बन का लाभ भी बहुत कम मात्रा में होता है। जब तक हजारों किसान एक साथ नहीं जुड़ते, तब तक मापने और सत्यापन करने की लागत उस लाभ से अधिक हो सकती है जो उससे हासिल होता है।

दूसरी वजह थी समय। मिट्टी में कार्बन धीरे-धीरे जमा होता है। किसी परियोजना को कई फसल मौसम के आंकड़े दर्ज करने होते हैं, फिर स्वतंत्र ऑडिट से गुजरना पड़ता है और उसके बाद कार्बन रजिस्ट्री की समीक्षा की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। आदि परियोजना में कार्बन क्रेडिट की पहली खेप 2019 से 2022 की अवधि में थी, लेकिन ये क्रेडिट जनवरी 2026 में ही जारी हो सके।

कार्बन वास्तव में धीमी गति से तैयार होने वाली ‘फसल’ है। लेकिन इसके पहले भुगतान का महत्व केवल उसकी राशि में नहीं है, उसका असली महत्व इस बात में है कि इससे किसानों में यह भरोसा होता है कि भविष्य में उन्हें भी कार्बन क्रेडिट का भुगतान मिलेगा।

तीसरी वजह थी खुद कार्बन बाजार को लेकर भरोसे की कमी। लंबे समय तक खरीदारों को यह संदेह रहा कि छोटे किसानों के खेतों से उत्पन्न कार्बन को इतने विश्वसनीय तरीके से मापा जा सकता है या नहीं कि वह कठोर जांच और सत्यापन की कसौटी पर खरा उतर सके।

कार्बन बाजार में क्रेडिट की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों ने भी खरीदारों के मन में शंका पैदा की। आदि परियोजना इस लिहाज से अपने आप में एक मिसाल थी, क्योंकि इससे पहले दुनिया में किसी भी वीएम0042 परियोजना ने छोटे किसानों के खेतों से कार्बन क्रेडिट जारी नहीं किए थे। इसलिए खरीदारों, ऑडिटरों या किसानों के सामने ऐसा कोई पुराना उदाहरण नहीं था, जिसकी ओर वे भरोसे के लिए देख सकें। किसी को पहली बार खेत से लेकर भुगतान तक की पूरी प्रक्रिया पूरी करनी थी। भारत में यह काम आखिरकार आदि परियोजना ने किया।

अब क्या बदल गया है?

पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसे बदलाव हुए हैं, जिनसे छोटे किसानों के लिए कार्बन क्रेडिट की व्यवस्था अधिक व्यावहारिक और भरोसेमंद बनी है।

  • पहला, नियम अब छोटे खेतों की वास्तविकता के अनुरूप हो गए हैं। वेरा (Verra) की वीएम0042 पद्धति और धान से मीथेन उत्सर्जन से जुड़े गोल्ड स्टैंडर्ड के नियमों ने डेवलपर्स को हजारों छोटे खेतों को एक ही परियोजना के तहत जोड़ने में सक्षम बनाया है। अब पूरी परियोजना को शून्य से शुरू किए बिना भी नए किसानों और नए जिलों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है।
  • दूसरा, क्रेडिट मापना अब पहले की तुलना में सस्ता और बेहतर हो गया है। उपग्रह तस्वीरों के माध्यम से अब खेत-दर-खेत यह पता लगाया जा सकता है कि किसी खेत में बुवाई कब हुई, उसमें पानी भरा था या नहीं, जुताई हुई या नहीं, फसल अवशेष जलाए गए या नहीं। मिट्टी के नमूनों और फसल मॉडल की मदद से मिट्टी में कार्बन और उत्सर्जन में हुए बदलाव का अनुमान लगाया जाता है। हमारी फील्ड टीम हर मौसम में किसानों को खेती से जुड़ा डेटा हमारे मॉनिटरिंग सिस्टम में दर्ज करने में मदद करती है।
  • तीसरा, काम पूरा होने और उसकी जांच के बाद ही कार्बन क्रेडिट जारी किए जाते हैं। यानी किसानों को उस कार्बन के लिए भुगतान किया जाता है, जिसे पहले ही मापा और स्वतंत्र रूप से ऑडिट किया जा चुका है।
  • चौथा, किसानों को मिलने वाले हिस्से की जानकारी कार्यक्रम में शामिल होने से पहले ही स्पष्ट रूप से दी जाती है। आदि परियोजना में शुद्ध कार्बन आय का 75 प्रतिशत हिस्सा किसानों को दिया जाता है।
  • पांचवां, कार्बन क्रेडिट के खरीदारों की प्रकृति भी बदल रही है। अभी तक मुख्य रूप से वे कंपनियां कार्बन क्रेडिट खरीदती थीं, जो अपने उत्सर्जन की भरपाई करना चाहती थीं। अब खाद्य, कपड़ा और पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियां अपनी सप्लाई चेन के भीतर उत्सर्जन कम करना चाहती हैं - खासकर उन खेतों पर, जहां उनके लिए कच्चा माल पैदा होता है।

ग्रो इंडिगो में ये सभी बदलाव अब दो अलग-अलग मानकों के तहत पंजीकृत चार परियोजनाओं के रूप में सामने आ रहे हैं। ये परियोजनाएं सात राज्यों में हैं:

हमने क्या सीखा

पहला सबक यह है कि कार्बन से होने वाली आय काम पूरा होने के कई साल बाद आती है, और यह किसानों के लिए एक वास्तविक चुनौती है। कागज पर देखें तो सीधी बुवाई वाले धान में कम पानी लगता है और इसके लिए कम श्रम की जरूरत होती है। इसी तरह, कम जुताई से डीजल की बचत होती है और गेहूं की बुवाई भी जल्दी की जा सकती है। लेकिन व्यवहार में बहुत कम किसान अपने स्तर पर इन बदलावों को अपनाते हैं।

शुरुआती वर्षों में खेतों में खरपतवार की नई समस्या सामने आ सकती है, पैदावार को लेकर अनिश्चितता रह सकती है, मशीनें और उनके इस्तेमाल के तरीके किसानों के लिए नए हो सकते हैं और किसान को यह चिंता भी हो सकती है कि पूरे गांव में वह अकेला ही अलग तरीके से खेती कर रहा है। यहीं कार्बन कार्यक्रम की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। चूंकि कार्बन क्रेडिट से होने वाली आय बाद में मिलती है, इसलिए हम पहले ही मौसम से किसान सलाहकारों, प्रशिक्षण और खेत स्तर पर सहायता में निवेश कर सकते हैं। किसानों को यह भरोसा मिलता है कि नई कृषि पद्धति अपनाने पर उन्हें खेती से होने वाले लाभ के अतिरिक्त कार्बन से भी आय मिलेगी। इसलिए जब हम किसानों से बात करते हैं, तो चर्चा दोनों पहलुओं पर होती है - नई कृषि पद्धति अपनाने के बाद मिलने वाले खेती संबंधी लाभ और कार्बन से होने वाली वह अतिरिक्त आय, जो शुरुआती जोखिम उठाने को सार्थक बनाती है।

दूसरा सबक यह है कि धान से होने वाले मीथेन उत्सर्जन को मापना मिट्टी में कार्बन के बदलाव की तुलना में तेज और अधिक निश्चित है। एक टन मीथेन जिसे वातावरण में जाने से रोक दिया गया, उसे बाद में दोबारा उत्सर्जित नहीं किया जा सकता। इसके विपरीत, मिट्टी में कार्बन जमा होने में वर्षों लगते हैं और उसे लंबे समय तक सुरक्षित भी रखना पड़ता है। इसी वजह से हमारा नया कनिका प्रोजेक्ट तेलंगाना में धान से होने वाले मीथेन उत्सर्जन पर केंद्रित है। भारत में चार करोड़ हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान की खेती होती है, इसलिए इस क्षेत्र में विस्तार की संभावनाएं बहुत बड़ी हैं।

तीसरा सबक यह है कि भुगतान ने किसानों के लिए कार्बन को वास्तविक बना दिया है। इससे पहले बहुत से किसानों ने कार्बन क्रेडिट के बारे में सुना था, लेकिन उन्हें इसके बदले कुछ मिलता हुआ नहीं दिखा। जब उनके परिचित किसानों के खातों में पैसा पहुंचा, तो सवाल बदल गया। अब सवाल यह नहीं कि कार्बन क्रेडिट वास्तव में होते हैं या नहीं, बल्कि यह है कि इसमें शामिल कैसे हुआ जाए।

अंतिम सबक यह है कि एक ही कृषि पद्धति से किसानों को एक से अधिक बाजारों में लाभ मिल सकता है। पंजाब में हमारे क्लियरहार्वेस्ट गेहूं कार्यक्रम का स्वतंत्र आकलन एसएआई प्लेटफॉर्म के फार्म सस्टेनेबिलिटी असेसमेंट के तहत किया गया। इसमें 82.5 प्रतिशत खेतों ने ‘गोल्ड’ स्तर हासिल किया, जबकि बाकी खेत ‘सिल्वर’ स्तर पर रहे। खाद्य कंपनियां अब ऐसी परिस्थितियों में उगाए गए अनाज की खरीद में अधिक रुचि दिखा रही हैं। इसलिए कृषि पद्धति में किया गया बदलाव किसान को कार्बन से आय दिलाने के साथ उसकी उपज के लिए बेहतर खरीदारों तक पहुंच भी उपलब्ध करा सकता है।

आगे की राह क्या है?

कार्बन क्रेडिट किसानों की फसल से होने वाली आय या न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की जगह लेने वाले नहीं हैं। अधिकांश छोटे किसानों के लिए कार्बन से मिलने वाला पैसा बेहतर कृषि पद्धति अपनाने के बदले मिलने वाली अतिरिक्त आय होगा। फिर भी, भारत में पहली बार खेत में किसान द्वारा अपनाई गई कृषि पद्धति से होने वाले जलवायु लाभ को मापा, सत्यापित और उसके लिए भुगतान किया गया है।

ये भुगतान नियमित होते हैं या नहीं, इसकी संभावना कुछ महत्वपूर्ण बातों पर निर्भर करेगी। किसानों को भुगतान के लिए वर्षों तक इंतजार करने के बजाय यह अवधि घटकर एक या दो मौसम तक आनी चाहिए। रजिस्टर्ड प्रोजेक्ट, डिजिटल खेत रिकॉर्ड और नियमित निगरानी से ऐसा करना संभव है। खरीदारों को भी उच्च गुणवत्ता वाले कृषि कार्बन क्रेडिट के लिए उचित कीमत देने को तैयार होना होगा। विज्ञान और कार्बन रजिस्ट्री अब तैयार हैं। इसलिए आगे की गति मांग से तय होगी। मेरी इच्छा है कि इन खरीदारों में अधिक भारतीय कंपनियां शामिल हों।

किसानों को भी किसी कार्बन कार्यक्रम से जुड़ने से पहले कठिन सवाल पूछने चाहिए - कार्बन से होने वाली आय में मेरा हिस्सा कितना होगा? भागीदारी समझौते में क्या लिखा है? मुझे कैसे पता चलेगा कि वास्तव में कार्बन क्रेडिट जारी किए गए हैं?

आदि का अर्थ है ‘शुरुआत’। अब ‘उम्मीद’, ‘रागिनी’ और ‘कनिका’ परियोजनाएं भी पंजीकृत हो चुकी हैं। इसके साथ महाराष्ट्र और गुजरात के कपास किसान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के किसान तथा तेलंगाना के धान किसान भी इस रास्ते पर आगे बढ़ सकते हैं। अगले कुछ वर्षों में हमारा काम यह सुनिश्चित करना है कि इन किसानों को इस आय के लिए सात साल तक इंतजार न करना पड़े।

(लेखक कार्बन, ग्रो इंडिगो के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हैं)

Subscribe Rural Voice Newsletter