हरियाणा में अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर पर मिलेगा 3 लाख रुपये तक का अनुदान
हरियाणा सरकार अनुसूचित जाति के किसानों को 45 हॉर्स पावर से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर तीन लाख रुपये तक का अनुदान देगी। पात्र किसान 15 नवंबर से 15 दिसंबर, 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
हरियाणा सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति के किसानों को नए ट्रैक्टर की खरीद पर अनुदान देने की योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत 45 हॉर्स पावर से अधिक क्षमता वाले नए ट्रैक्टर की खरीद पर अनुसूचित जाति के पात्र किसानों को तीन लाख रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पात्र किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए 15 नवंबर, 2026 से 15 दिसंबर, 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यदि निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो संबंधित जिला उपायुक्तों की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया जाएगा।
विभाग के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों एवं ट्रैक्टर की सुविधा उपलब्ध करवाकर उनकी कृषि कार्यक्षमता बढ़ाना तथा उनकी आय में वृद्धि करना है। कृषि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत ट्रैक्टर चालित कृषि यंत्रों पर भी अनुदान उपलब्ध करवाया जाता है, जिसके लिए पात्र किसान आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत आवेदन करने के लिए किसान के पास स्वयं की भूमि होना आवश्यक है। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) आईडी के अंतर्गत परिवार के किसी भी सदस्य के नाम पर भूमि का स्वामित्व भी मान्य होगा। इसके साथ ही आवेदक का ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत होना जरूरी है। ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदक को अपने नाम पर भूमि होने संबंधी प्रमाण पत्र एवं अंडरटेकिंग विभागीय पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
योजना की शर्तों के अनुसार, आवेदक किसान ने पिछले पांच वर्षों के दौरान कृषि विभाग से ट्रैक्टर पर अनुदान प्राप्त नहीं किया होना चाहिए। अनुदान पर ट्रैक्टर प्राप्त करने के बाद किसान अगले पांच वर्षों तक उसे बेच नहीं सकेगा। इस संबंध में किसान को शपथ पत्र भी पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
योजना के तहत जिलावार लक्ष्य का निर्धारण मुख्यालय स्तर पर ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकृत अनुसूचित जाति के किसानों की संख्या के आधार पर किया जाएगा। परमिट जारी होने के बाद संबंधित किसान को विभाग द्वारा अनुमोदित ट्रैक्टर निर्माताओं से 15 दिनों के भीतर ट्रैक्टर खरीदना होगा।
ट्रैक्टर की पूरी कीमत का भुगतान लाभार्थी किसान द्वारा अपने बैंक खाते से ऑनलाइन माध्यम से करना होगा। ट्रैक्टर खरीदने के बाद जिला स्तरीय कार्यकारी समिति द्वारा उसका भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सभी निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अनुदान राशि सीधे लाभार्थी किसान के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।

Join the RuralVoice whatsapp group



















