रबी बुवाई 11.34 फीसदी पिछड़ी, गेहूं और दलहन के रकबे में सबसे ज्यादा कमी; आगे अल नीनो की चुनौती
चालू रबी सीजन में 13 नवंबर तक फसलों की कुल बुवाई पिछले साल के मुकाबले 11.34 फीसदी पिछड़कर 178.25 लाख हेक्टेयर रह गई है। गेहूं, चना और सरसों की बुवाई में गिरावट के बीच मजबूत अल नीनो ने कृषि उत्पादन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
चालू रबी सीजन में फसलों की बुवाई की रफ्तार पिछले साल के मुकाबले धीमी बनी हुई है। गेहूं, दलहन और तिलहन फसलों का रकबा पीछे चल रहा है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की 13 नवंबर 2026 तक की बुवाई प्रगति रिपोर्ट के अनुसार, देश में रबी फसलों का कुल रकबा 178.25 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 201.04 लाख हेक्टेयर में बुवाई हो चुकी थी। इस तरह रबी बुवाई में फिलहाल 22.79 लाख हेक्टेयर यानी 11.34 फीसदी की कमी है।
इस साल अल नीनो प्रभाव के चलते मानसून सीजन में राष्ट्रीय स्तर पर औसतन 13 फीसदी कम बारिश हुई जबकि पूर्वी और उत्तर भारत के कई इलाके अक्टूबर में हुई भारी बारिश से प्रभावित हुए। अब आगामी महीनों में रबी सीजन पर भी अल नीनो का खतरा मंडरा रहा है। इससे फसलों की पैदावार, खाद्यान्न आपूर्ति और महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। सरकार चीनी, चावल, गेहूं और दालों की महंगाई को नियंत्रित करने की कोशिशों में जुटी है।
रबी बुवाई की प्रगति
(13 नवंबर 2026 तक, क्षेत्रफल लाख हेक्टेयर में)
|
फसल |
2026-27 |
पिछले साल |
बदलाव |
|---|---|---|---|
|
कुल रबी फसलें |
178.25 |
201.04 |
-11.34% |
|
गेहूं |
50.07 |
59.10 |
-15.28% |
|
कुल दलहन |
47.00 |
54.87 |
-14.34% |
|
चना |
31.13 |
39.70 |
-21.59% |
|
मसूर |
7.66 |
6.73 |
+13.89% |
|
कुल तिलहन |
61.71 |
66.62 |
-7.37% |
|
सरसों एवं राई |
59.31 |
64.78 |
-8.45% |
|
श्री अन्न एवं मोटे अनाज |
11.56 |
12.18 |
-5.12% |
|
चावल |
7.91 |
8.26 |
-4.27% |
स्रोत: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय
गेहूं की बुवाई 15 फीसदी पिछड़ी
रबी सीजन की सबसे प्रमुख फसल गेहूं की बुवाई में सबसे ज्यादा चिंता दिखाई दे रही है। 13 नवंबर तक गेहूं का रकबा 50.07 लाख हेक्टेयर रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 59.10 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हो चुकी थी। यानी गेहूं का रकबा 15.28 फीसदी कम है। अक्टूबर में हुई बारिश से कई इलाकों में खरीफ फसलों की कटाई प्रभावित हुई, जिससे रबी की बुवाई में देरी हो रही है।
उत्तर प्रदेश के शामली जिले के प्रगतिशील किसान उमेश कुमार ने रूरल वॉयस को बताया कि पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश से धान और गन्ने की फसल प्रभावित हुई, वहीं गेहूं और सरसों की बुवाई में भी देरी हो रही है। कई जगह किसानों को बारिश की मार के चलते सरसों की दोबारा बुवाई करनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि कृषि मंत्रालय वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं उत्पादन लक्ष्य 336 लाख हेक्टेयर के अनुमानित रकबे के आधार पर रखा है, जबकि सामान्य रकबा 315.23 लाख हेक्टेयर है। इस लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आने वाले सप्ताहों में बुवाई की रफ्तार तेज होना जरूरी होगा। अल नीनो प्रभाव वाले वर्ष में खाद्यान्न उत्पादन का स्तर बनाए रखना खाद्य सुरक्षा और महंगाई नियंत्रण के लिहाज से भी बहुत महत्वपूर्ण है।
दलहन की बुवाई में 14.34 फीसदी पिछड़ी
गेहूं के बाद दलहन फसलों की बुवाई में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। 13 नवंबर तक दलहन का कुल रकबा 47 लाख हेक्टेयर तक पहुंचा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 54.87 लाख हेक्टेयर में दलहन फसलों की बुवाई हो चुकी थी। इस तरह दलहन का रकबा 14.34 फीसदी कम है।
दलहन फसलों में चने की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। इसका रकबा पिछले साल के 39.70 लाख हेक्टेयर से करीब 21 फीसदी घटकर 31.13 लाख हेक्टेयर रह गया है। हालांकि, मसूर की बुवाई 13.89 फीसदी बढ़कर 7.66 लाख हेक्टेयर हो गई है। उड़द का रकबा भी 13.59 फीसदी बढ़कर 0.91 लाख हेक्टेयर पहुंचा है।
दलहन की बुवाई का पिछड़ना चिंताजनक है। भारत में अरहर, चना, उड़द और मसूर की घरेलू उपलब्धता मांग के मुकाबले कम रहने पर आयात पर निर्भरता बढ़ती है। ऐसे में चालू सीजन में दलहन का रकबा और आगे फसलों की उत्पादकता दोनों महत्वपूर्ण होंगे।
सरसों और तिलहन की बुवाई भी पिछड़ी
खाद्य तेलों के मामले में आयात पर भारत की निर्भरता को देखते हुए तिलहन की बुवाई में गिरावट भी चिंता बढ़ाने वाली है। रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर तक कुल तिलहन फसलों का रकबा 61.71 लाख हेक्टेयर रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 66.62 लाख हेक्टेयर था। यह 7.37 फीसदी की कमी है।
तिलहन में सबसे महत्वपूर्ण सरसों एवं राई का रकबा 59.31 लाख हेक्टेयर है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 64.78 लाख हेक्टेयर में बुवाई हुई थी। इस तरह सरसों का रकबा 8.45 फीसदी पीछे है।
हालांकि, मूंगफली का रकबा बढ़कर 0.92 लाख हेक्टेयर और अलसी का रकबा 1.04 लाख हेक्टेयर हो गया है जो पिछले साल के मुकाबले काफी अधिक है। लेकिन इन फसलों में बढ़ोतरी सरसों की बुवाई में आई कमी की भरपाई करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
श्री अन्न एवं मोटे अनाज की बुवाई भी 5.12 फीसदी घटकर 11.56 लाख हेक्टेयर रही। हालांकि, मक्का की बुवाई पिछले साल से 6.54 फीसदी बढ़कर 3.41 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में हो चुकी है। इथेनॉल और एनिमल फीड में मक्का की बढ़ती मांग को देखते हुए मक्का उत्पादन बढ़ाना आवश्यक है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















