अक्टूबर में भारत का कुल निर्यात 29.9% बढ़ा, कृषि निर्यात में 17.2% की वृद्धि
अक्टूबर 2026 में भारत का कुल निर्यात 29.9 प्रतिशत बढ़कर 89.99 अरब डॉलर हो गया, जबकि कृषि एवं संबद्ध उत्पादों का निर्यात 17.2 प्रतिशत बढ़कर 4.47 अरब डॉलर रहा। अप्रैल-अक्टूबर के दौरान कृषि निर्यात 7.7 प्रतिशत बढ़कर 27.88 अरब डॉलर पहुंचा, जबकि आयात 22.4 प्रतिशत बढ़कर 32.14 अरब डॉलर हो गया।
- अक्टूबर में चावल निर्यात 18 प्रतिशत बढ़ा, वनस्पति तेल आयात में 56 प्रतिशत वृद्धि, दालों और उर्वरकों के आयात में गिरावट
अक्टूबर 2026 में भारत का वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात सालाना आधार पर 29.90% बढ़कर अनुमानित 89.99 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 16.58% बढ़कर 110.07 अरब डॉलर रहा। कृषि एवं संबद्ध उत्पादों का निर्यात इस महीने 17.2% बढ़कर 4.47 अरब डॉलर हो गया। इन अनुमानों में शामिल कृषि एवं संबद्ध उत्पादों की पांच प्रमुख श्रेणियों का आयात भी 21.3% बढ़कर 6.25 अरब डॉलर रहा। इसमें वनस्पति तेल, कपास, दालों, फलों एवं सब्जियों और उर्वरकों की विदेश से खरीद में वृद्धि प्रमुख रही।
वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों का प्रदर्शन देखें तो अप्रैल से अक्टूबर के दौरान वस्तुओं और सेवाओं का कुल निर्यात पिछले वर्ष की इसी अवधि के 487.59 अरब डॉलर से 16.66% बढ़कर 568.84 अरब डॉलर हो गया। इसी अवधि में कुल आयात 16% बढ़कर 662.19 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 570.84 अरब डॉलर था।
अप्रैल-अक्टूबर के दौरान वस्तुओं का निर्यात 21.96% बढ़कर 309.06 अरब डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 253.40 अरब डॉलर था। वस्तुओं का आयात भी बढ़कर 527.21 अरब डॉलर पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह 452.86 अरब डॉलर था। कृषि एवं संबद्ध उत्पादों की कई प्रमुख श्रेणियों के निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, परंपरागत कृषि निर्यात वाली कुछ वस्तुओं का प्रदर्शन कमजोर रहा।
अक्टूबर में कृषि निर्यात का प्रदर्शन
अक्टूबर 2026 में चावल का निर्यात पिछले वर्ष के इसी महीने के 87.60 करोड़ डॉलर से 18.39% बढ़कर 1.04 अरब डॉलर हो गया। समुद्री उत्पादों का निर्यात 13.76% बढ़कर 1.02 अरब डॉलर रहा, जबकि मांस, डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों का निर्यात 34.87% की वृद्धि के साथ 78.82 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।
प्रमुख निर्यात श्रेणियों में अन्य अनाजों के निर्यात में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की गई। इनका निर्यात 87.47% बढ़कर 441.4 लाख डॉलर हो गया। अनाज से बने उत्पादों और अन्य प्रसंस्कृत वस्तुओं का निर्यात भी 37.40% बढ़कर 34.28 करोड़ डॉलर रहा।
कॉफी का निर्यात 8.51% बढ़कर 13.842 करोड़ डॉलर और मसालों का निर्यात 9.11% बढ़कर 34.56 करोड़ डॉलर हो गया। फलों और सब्जियों के निर्यात में 1.84% की मामूली वृद्धि हुई और यह 29.57 करोड़ डॉलर रहा। चाय का निर्यात भी 23.04% बढ़कर 9.66 करोड़ डॉलर हो गया।
हालांकि, कृषि निर्यात की कई परंपरागत श्रेणियों में गिरावट दर्ज की गई। तंबाकू का निर्यात 18.01% घटकर 13.38 करोड़ डॉलर रह गया, जबकि काजू के निर्यात में 53.33% की बड़ी गिरावट आई और यह 283.5 लाख डॉलर रहा। तिलहन का निर्यात 3.14% घटकर 771.9 लाख डॉलर पर आ गया। दूसरी ओर, खली का निर्यात 85.55% बढ़कर 11.84 करोड़ डॉलर हो गया।
अक्टूबर में इन कृषि जिंसों के आयात में वृद्धि
अक्टूबर 2026 में कृषि आयात पिछले वर्ष के इसी महीने के 5.16 अरब डॉलर से 21.3% बढ़कर 6.25 अरब डॉलर हो गया। वनस्पति तेल आयात की सबसे बड़ी श्रेणी बना रहा। इसका आयात 56.53% बढ़कर 2.49 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष अक्टूबर में यह 1.59 अरब डॉलर था। कच्चे कपास और कपास के कचरे का आयात भी 93.59% की तेज वृद्धि के साथ 45.30 करोड़ डॉलर हो गया। पिछले वर्ष इसी महीने यह 23.40 करोड़ डॉलर था।
फलों और सब्जियों का आयात 34.08% बढ़कर 48.71 करोड़ डॉलर हो गया। हालांकि, दालों का आयात 22.64% घटकर 38.73 करोड़ डॉलर रह गया। कच्चे और मैन्युफैक्चर्ड उर्वरकों सहित उर्वरक आयात में 1.24% की मामूली गिरावट आई और यह 2.44 अरब डॉलर रहा। अक्टूबर 2025 में यह 2.47 अरब डॉलर था।
अप्रैल-अक्टूबर के दौरान कृषि निर्यात में 7.7% वृद्धि
अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान भारत की 13 कृषि एवं संबद्ध उत्पाद श्रेणियों का निर्यात पिछले वर्ष की समान अवधि के 25.90 अरब डॉलर से 7.67% बढ़कर 27.88 अरब डॉलर हो गया। इसी अवधि में कुल वस्तु निर्यात में 21.96% की वृद्धि की तुलना में कृषि निर्यात की यह रफ्तार काफी धीमी रही।
चावल सबसे बड़ी कृषि निर्यात श्रेणी बना रहा। इसका निर्यात 4.63% बढ़कर 6.81 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 6.51 अरब डॉलर था। समुद्री उत्पादों का निर्यात 13.32% बढ़कर 5.52 अरब डॉलर रहा। वहीं, मांस, डेयरी और पोल्ट्री उत्पादों के निर्यात में 40.81% की मजबूत वृद्धि हुई और यह 4.69 अरब डॉलर पर पहुंच गया। अन्य अनाजों के निर्यात में 109.74% की असाधारण वृद्धि दर्ज की गई। इनका निर्यात 15.32 करोड़ डॉलर से बढ़कर 32.12 करोड़ डॉलर हो गया। अनाज से बने उत्पादों और अन्य प्रसंस्कृत वस्तुओं का निर्यात भी 11.19% बढ़कर 2.11 अरब डॉलर रहा।
अप्रैल-अक्टूबर में कृषि आयात 22.4% बढ़ा
अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान पांच प्रमुख कृषि एवं संबद्ध उत्पाद श्रेणियों का आयात पिछले वर्ष की समान अवधि के 26.26 अरब डॉलर से 22.42% बढ़कर 32.14 अरब डॉलर हो गया। वनस्पति तेल का आयात 17.74% बढ़कर 13.64 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 11.58 अरब डॉलर था। यह कृषि आयात की सबसे बड़ी श्रेणी बनी रही।
उर्वरकों का आयात 22.55% बढ़कर 12.48 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 10.19 अरब डॉलर था। फलों और सब्जियों के आयात में 30.52% वृद्धि हुई और यह 2.67 अरब डॉलर पर पहुंच गया। तथा दालों का आयात 17.35% बढ़कर 1.80 अरब डॉलर हो गया।

Join the RuralVoice whatsapp group



















