अक्टूबर में बेरोजगारी दर घटकर 4.9% पर, ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम भागीदारी बढ़ी
अक्टूबर 2026 में देश की बेरोजगारी दर घटकर 4.9 प्रतिशत पर आ गई। ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी और रोजगार अनुपात में सुधार दर्ज किया गया। ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर 3.8 प्रतिशत रह गई, जबकि शहरी बेरोजगारी में भी कमी आई।
अक्टूबर में देश की कुल बेरोजगारी दर घटकर 4.9 प्रतिशत रह गई। ग्रामीण क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी और रोजगार के मामले में शहरी क्षेत्रों की तुलना में बेहतरी दर्ज की गई। ग्रामीण श्रम बल भागीदारी दर (एलएफपीआर) बढ़कर 58.4 प्रतिशत और श्रमिक जनसंख्या अनुपात (डब्ल्यूपीआर) 56 प्रतिशत पर पहुंच गया। हालांकि, शहरी क्षेत्रों में श्रम बल भागीदारी में मामूली गिरावट आई, लेकिन बेरोजगारी दर में कमी दर्ज की गई।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की तरफ से सोमवरा को जारी आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (PLFS) की अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों में बेरोजगारी दर सितंबर के 5 प्रतिशत से घटकर अक्टूबर में 4.9 प्रतिशत रह गई। अक्टूबर 2025 में यह दर 5.2 प्रतिशत थी।
ग्रामीण बेरोजगारी दर सितंबर के स्तर 4.2 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि शहरी बेरोजगारी दर 6.9 प्रतिशत से घटकर 6.7 प्रतिशत हो गई। पिछले वर्ष अक्टूबर की तुलना में ग्रामीण बेरोजगारी दर में 0.2 प्रतिशत अंक और शहरी बेरोजगारी दर में 0.3 प्रतिशत अंक का सुधार हुआ।
श्रम बल में भागीदारी बढ़ने का रुझान ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक स्पष्ट रहा। ग्रामीण श्रम बल भागीदारी दर सितंबर के 58 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 58.4 प्रतिशत हो गई। इसके विपरीत, शहरी क्षेत्रों में यह दर 50.7 प्रतिशत से मामूली घटकर 50.5 प्रतिशत रह गई। पिछले वर्ष अक्टूबर की तुलना में ग्रामीण श्रम बल भागीदारी में 0.6 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई, जबकि शहरी दर में कोई बदलाव नहीं आया। कुल श्रम बल भागीदारी दर भी एक साल पहले के 55.4 प्रतिशत से बढ़कर 55.7 प्रतिशत हो गई।
महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी में भी सुधार हुआ, विशेषकर ग्रामीण भारत में। ग्रामीण महिलाओं की श्रम बल भागीदारी दर अक्टूबर में बढ़कर 39.5 प्रतिशत हो गई, जो एक वर्ष पहले 38.4 प्रतिशत थी। शहरी महिलाओं के मामले में यह दर 25.4 प्रतिशत से बढ़कर 25.9 प्रतिशत रही। देश में महिलाओं की कुल श्रम बल भागीदारी दर 35 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो फरवरी 2026 के बाद का सर्वोच्च स्तर है।
रोजगार के अनुपात में भी इसी तरह का सुधार दिखाई दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में श्रमिक जनसंख्या अनुपात अक्टूबर 2025 के 55.2 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 56 प्रतिशत हो गया। शहरी क्षेत्रों में यह मामूली वृद्धि के साथ 47 प्रतिशत से 47.1 प्रतिशत पर पहुंचा। इस तरह देश का कुल श्रमिक जनसंख्या अनुपात एक वर्ष पहले के 52.5 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया।
महिलाओं के रोजगार इंडिकेटर में भी मजबूती आई। ग्रामीण महिलाओं का श्रमिक जनसंख्या अनुपात एक साल पहले के 36.9 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 38 प्रतिशत हो गया। वहीं, शहरी महिलाओं के मामले में यह 22.9 प्रतिशत से बढ़कर 23.7 प्रतिशत दर्ज किया गया।
महिलाओं की बेरोजगारी दर में भी कमी आई। ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर अक्टूबर में घटकर 3.8 प्रतिशत रह गई, जबकि एक साल पहले यह 4 प्रतिशत थी। यह 2026 के दौरान दर्ज किया गया सबसे निचला स्तर है। शहरी महिलाओं की बेरोजगारी दर अपेक्षाकृत अधिक होने के बावजूद 9.7 प्रतिशत से घटकर 8.7 प्रतिशत पर आ गई।
ये अनुमान कुल 3,70,475 लोगों के सर्वेक्षण पर आधारित हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के 2,11,474 और शहरी क्षेत्रों के 1,59,001 उत्तरदाता शामिल हैं। सर्वेक्षण में वर्तमान साप्ताहिक स्थिति पद्धति अपनाई गई है, जिसके तहत सर्वेक्षण से पहले के सात दिनों के दौरान लोगों की रोजगार संबंधी गतिविधियों का आकलन किया जाता है।

Join the RuralVoice whatsapp group



















